Haryana Weather : हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, 9 जिले धुंध की चपेट में
परिवहन मंत्री ने रोडवेज बसों को 60 KM की स्पीड से चलाने के दिए निर्देश
Haryana Weather update : हरियाणा में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सर्दी के साथ-साथ अब धुंध की चादर से भी प्रदेश ढकने लगा है। जींद, कैथल, करनाल, हिसार, सिरसा, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र समेत करीब 9 जिलों में धुंध के चलते विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम रही। सुबह से ही कोहरा छाने लगा था और एक समय तो विजिबिलिटी शून्य हो गई थी।
बता दें कि IMD ने आज कई जिलों में धुंध को लेकर अलर्ट जारी किया था। हालांकि 15 और 16 दिसंबर को मौसम ठीक था लेकिन इससे पहले 13 और 14 दिसंबर को भी धुंध देखने को मिली थी। धुंध के चलते परिवहन मंत्री अनिल विज ने सभी राज्यों से धुंध के चलते हो रहे हादसों की रिपोर्ट मांगी है और वहीं रोडवेज बसों की स्पीड लिमिट निर्धारित करते हुए आदेश दिए हैं कि किसी भी बस को 60 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से ज्यादा न चलाएं। नियमों की उल्लंघना करने पर चालक स्वयं जिम्मेदार होंगे।
Haryana Weather : नारनौल सबसे ठंडा जिला, 6 डिग्री आया तापमान
महेंद्रगढ़ जिले का नारनौल फिलहाल हरियाणा का सबसे ठंडा जिला है। यहां रात का तापमान 6 डिग्री तक दर्ज किया गया है। हिसार में 6.6 डिग्री, सिरसा में 6.2 डिग्री और पंचकूला में रात का तापमान 6.9 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है। नारनौल में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई है। ठंड और धुंध गेहूं की फसल के लिए लाभकारी सिद्ध होंगी, क्योंकि इससे पौधे में फुटाव होगा और धुंध के चलते पानी की जरूरत कम महसूस होगी।
Haryana Weather : 20 तक कैसा रहेगा मौसम, देखें पूर्वानुमान
हिसार की चौधरी चरण सिंह एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ के अनुसार हरियाणा में मौसम 20 दिसंबर तक खुश्क व परिवर्तनशील बना रहेगा। उत्तर व उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने से रात्रि तापमान में गिरावट हो सकती है, मगर दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है।
डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 18 दिसंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 18 दिसंबर से 20 दिसंबर के दौरान बीच-बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट व रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान वातावरण में नमी बढ़ने से कहीं-कहीं अलसुबह हल्की से मध्यम धुंध भी रहने की संभावना है।










