Nitish Kumar Join Rajya Sabha : कितनी है बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार की संपत्ति
अब राज्यसभा के सदस्य बन कर नई राजनीतिक पारी की शुरूआत करेंगे नीतिश कुमार
Nitish Kumar Join Rajya Sabha : बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार फिर चर्चा में हैं। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने स्वयं ही राज्यसभा जाने की इच्छा जताई है। बिहार के साथ-साथ देश की राजनीति में अपना विशेष स्थान रखने वाले नीतिश कुमार संपत्ति के मामले में अपने कई मंत्रियों से भी पीछे हैं। नीतीश कुमार द्वारा वर्ष 2025 के लिए अपनी चल और अचल संपत्ति का जो विवरण सार्वजनिक किया वह काफी चौंकाने वाला है। क्योंकि इससे साफ होता है कि उनका जीवन आज भी बहुत ही सादा है।
उन्होंने जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत इसकी घोषणा की थी। इसमें नीतिश कुमार द्वारा अपनी पूरी वित्तीय स्थिति का ब्योरा सार्वजनिक किया गया है। यह आंकड़ा 24 दिसंबर 2025 को जारी किया गया था। इसमें उनकी आय, संपत्ति के साथ अन्य संपत्तियों के बारे में भी बताया है। इसमें देश की राजनीति में अपना प्रभाव रखने वाले नेता की संपत्ति कुछ खास नहीं है।
सबसे बड़ी संपत्ति दिल्ली में फ्लैट
मुख्यमंत्री नीतिश कुमार द्वारा सार्वजनिक की गई संपत्ति में बताया गया है उनके पास दिल्ली के द्वारका स्थित सैक्टर 5 में 1000 वर्ग फुट का फ्लैट है। यह उनकी सबसे बड़ी संपत्ति है। इसको 2004 में 13.78 लाख रुपये में खरीदा गया था। हालांकि अब इसकी कीमत 1.48 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं बिहार में नीतिश कुमार के नाम कोई भी जमीन नहीं है। खास बात यह है कि उन पर कोई भी कर्ज नहीं है।
20552 रुपये की नकदी
नीतिश कुमार द्वारा पिछले साल सार्वजनिक किए गए ब्योरे के अनुसार उनके पास नकदी के नाम पर महज 20552 रुपये थे। यदि बैंक खातों में जमा राशि की बात की जाए तो यह भी कुछ खास नहीं। कुल जमा राशि सिर्फ 57 हजार रुपये है। इसमें से 27217 रुपये पटना सचिवालय स्थित एसबीआई शाखा में, जबकि 3358 रुपये की राशि संसद भवन दिल्ली स्थित एसबीआई शाखा में जमा हैं।
इसके अलावा पटना के बोरिंग रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में 27191 रुपये खाते में जमा हैं।
10 साल पुरानी गाड़ी
नीतिश कुमार के पास उनके द्वारा जारी किए गए ब्योरे के अनुसार 2015 में खरीदी गई फोर्ड इकोस्पोर्ट कार है। इस गाड़ी की कीमत करीब 11.32 लाख रुपये बताई आंकी गई है। वहीं आभूषण के नाम पर भी कुछ खास नहीं है। आभूषण में नीतिश कुमार के पास सोने की 2 अंगूठियां हैं। मोती जड़ित चांदी की 1 अंगूठी भी उनके पास है। यह 3 ही आभूषण हैं, जिनकी कीमत बाजार में जब के भाव से करीब 2.03 लाख रुपये थी। ऐसे में नीतिश कुमार के सादे जीवन का आभास होता है।
10 गायें और 13 बछड़े
मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के पास पशुधन भी है। इसमें 10 गायें और 13 बछड़े शामिल हैं। इनकी कीमत करीब 1.45 लाख रुपये बनती है। घरेलू सामान के नाम पर 35 हजार रुपये का ट्रेडमिल और 10550 रुपये का 1 चरखा भी उनके पास है।
इसके अलावा उनके पास 1 एक्सरसाइज साइकिल और माइक्रोवेव ओवन जैसे सामान को मिला कर संपत्ति की कीमत 1766,196 रुपये बताई गई है।
नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं तेज
नीतिश कुमार ने राज्यसभा जाने की इच्छा जताने के बाद नामांकन भी कर दिया। इसके बाद बिहार के नए मुख्यमंत्री को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई है। जानकारों का मानना है कि नीतिश कुमार राज्यसभा जा कर केंद्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने वाले हैं। वहीं बिहार में मुख्यमंत्री का पद अब भाजपा के पास आने वाला है। इसको लेकर भी पार्टी के अंदर मंथन चल रहा है। हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा होनी अभी बाकी है, लेकिन राजनीतिक चर्चाओं में कई नाम आ रहे हैं। ऐसे में नीतिश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड के पास अब उप मुख्यमंत्री का पद आ सकता है। ऐसे में एक बार फिर से बिहार में नई सरकार के गठन का रास्ता लगभग साफ है।










