SIR draft voter list : मध्यप्रदेश में मतदाता सूची का व्यापक शुद्धिकरण 42 लाख से अधिक नाम हटे
मंगलवार को जारी की अपडेट सूची 8 लाख लोग सत्यापन के दौरान गैरहाजिर
SIR draft voter list : देश भर में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य चल रहा है। मध्यप्रदेश में इसका चरण पूरा होने के बाद मंगलवार को निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची का प्रकाशन किया। हालांकि यह प्रकाशन आरंभिक है, लेकिन SIR की इस प्रक्रिया में बहुत बड़ी संख्या में मतदाता सूची का शुद्धिकरण सामने आ रहा है। प्रकाशित की गई मतदाता सूचियों के अनुसार कुल 42 लाख 74 हजार 160 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं।
निर्वाचन आयोग की द्वारा जारी आंकड़ों में बताया गया है कि मध्य प्रदेश में 8 लाख 46 हजार 184 मतदाता मृत मिले हैं। इसके अलावा 8 लाख 42 हजार 677 मतदाता सत्यापन के दौरान गैरहाजिर रहे। वहीं 2 लाख 76 हजार 961 मतदाताओं के नाम दो जगह दर्ज पाए गए। सबसे बड़ी संख्या 22 लाख 78 हजार 393 मतदाताओं की रही, जिनको परमानेंट शिफ्टेड की श्रेणी में रखा गया। अन्य श्रेणी के 29 हजार 927 मतदाताओं के नाम भी सूची से हटाए गए हैँ।
SIR draft voter list : एसआइआर के दौरान इसके साथ ही 8 लाख 65 हजार 832 मतदाता अनमैप्ड यानी यानी अधूरे फार्म वाले मिले हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा इन मतदाताओं को नोटिस देने का काम शुरू किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित समय सीमा में निर्धारित दस्तावेजों के साथ यह लोग आयोग के समक्ष उपस्थित होने पर यह नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल हो सकते हैं।
SIR draft voter list : 27 अक्टूबर से शुरू हुई प्रक्रिया
एसआइआर के तहत मतदाता सूचियों के गहन निरीक्षण के लिए चुनाव आयोग द्वारा दो बार समय सीमा बढ़ाई गई। मध्यप्रदेश में 27 अक्टूबर 2025 की स्थिति में 5,74,06,143 मतदाताओं के नाम सूची में शामिल थे। इसके आधार पर इन मतदाताओं को गणना पत्रक जारी किए गए थे। इनमें से 5,74,06,140 का डिजिटाइजेशन किया गया। इसके बाद गणना पत्रक अधूरे होने वाले मतदाताओं को चिह्नित निरीक्षण के लिए बीएलओ को काम पर लगाया गया था। इसकी सभी प्रक्रिया के बाद 23 दिसबंर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया है।

SIR draft voter list : केरल में 25 लाख वोटों पर संकट
वहीं एसआइआर के तहत केरल में भी मतदाता सूचियों का निरीक्षण किया जा रहा है। इस राज्य में 2025 की स्थानीय निकाय चुनाव की मतदाता सूची के अनुसार 2.86 करोड़ से ज्यादा रजिस्टर्ड मतदाता हैं। वहीं SIR के तहत मतदाता सूची का 99 % से अधिक डिजिटलीकरण पूरा कर लिया गया है। ऐसे में यहां करीब 25 लाख नाम हटाए जा सकते हैं। केरल विधानसभा की सभी 140 सीटों पर 2026 में चुनाव होगा।
SIR draft voter list : प्रारंभिक सूची में नाम नहीं तो करें यह प्रक्रिया
इसके लिए सबसे जरूरी है कि एसआइआर के तहत प्रारंभिक सूची को देख लें। यदि इस सूची में आपका नाम है तो कोई दिक्कत नहीं है। यदि सूची में नाम नहीं है तो इसको आनलाइन देखा जा सकता है। इसके लिए चुनाव आयोग की (eci.gov.in) देख सकते हैं। या फिर अपने स्मार्टफोन में Voter Helpline App केे माध्यम से Search in Electoral Roll के विकल्प पर जाकर नाम को देख सकते हैं। वहीं
बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क कर ड्राफ्ट सूची में अपने नाम का पता लगा सकते हैं।
आपके मतदान केंद्र पर बीएलओ की पूरी जानकारी उपलबध रहती है। जिला निर्वाचन कार्यालय में भी यह सूची निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहती है। इसके अलावा जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उनकी अलग से सूची बनी रहेगी। इसमें नाम होने के साथ ही इसका सही कारण भी बताया जाता है। यदि किसी ठोस कारण के बिना आपका नाम सूची से हट जाता है तो इसको दोबारा जुड़वाया जा सकता है। यदि आपका नाम पुरानी सूची में था, लेकिन नई सूची में नहीं है तो इसके पीछे कोई सामान्य कारण भी हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप अपना मतदात सूची में जुड़वाने के लिए दावा कर सकते हैं। इसके लिए फार्म-6 भरना कर प्रक्रिया पूरी करनी होगी।










