VC RP Saini : जींद यूनिवर्सिटी के कुलपति बने राज्य उच्च शिक्षा परिषद के सदस्य
शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और प्रणाली बेहतर बनाने में निभाएंगे भूमिका
VC RP Saini : हरियाणा के जींद स्थित चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर डॉ. रामपाल सैनी को हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद का सदस्य मनोनीत किया गया है। प्रोफेसर आरपी सैनी जाने माने शिक्षाविद्ध हैं और जींद विवि में कुलपति के पद पर रहते हुए उन्होंने कई सुधार भी किए हैं। अब उनकी नियुक्ति परिषद के सदस्य के रूप में होने से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में उनके अनुभव का लाभ मिल सकेगा।
वीसी प्रोफेसर डाॅ. रामपाल सैनी को हरियाणा स्टेेट हायर एजुकेशन काउंसिल का सदस्य मनोनीत करने पर प्रबधंक समिति, शिक्षक, गैर शिक्षक सभी स्टाफ सदस्यों ने खुशी व्यक्त की है। सभी कर्मचारियों ने कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। वर्तमान समय में प्रोफेसर डाॅ. रामपाल सैनी चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय जींद के कुलपति के पद के साथ-साथ डीएवी पीजी काालेज के प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं।
महत्वपूर्ण वैधानिक निकाय है परिषद
हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद राज्य में उच्च शिक्षा के समग्र विकास के लिए गठित एक महत्वपूर्ण वैधानिक निकाय है। परिषद का उद्देश्य राज्य की उच्च शिक्षा प्रणाली को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समावेशी बनाना है। यह निकाय विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के मध्य समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ शैक्षणिक मानकों की समीक्षा करता है। वहीं नीतिगत सुझाव देने के अलावा वित्तीय सहायता के वितरण की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करता है। इसके अलावा अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने वाली संस्था है। ऐसे में प्रो. सैनी का इस परिषद का सदस्य बनना राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था के लिए अत्यंत सकारात्मक संकेत है।
लंबा शैक्षणिक व प्रशासनिक अनुभव
प्राेफेसर आरपी सैनी का लंबा प्रशासनिक और शैक्षणिक अनुभव है। इसका लाभ अब परिषद के सदस्य के रूप में भी मिलेगा। शिक्षा व प्रशासन के क्षेत्र में उनके दीर्घ अनुभव, पारदर्शी कार्यशैली तथा दूरदर्शी नेतृत्व को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व उन्हें सौंपा गया है। प्रोफेसर डाॅ. आरपी सैनी पूर्व में विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक संगठनों में महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सक्रिय भूमिका में रह चुके हैं। वे हरियाणा कॉलेज टीचर एसोसिएशन के पूर्व महासचिव, एडिड कॉलेज प्राचार्य संगठन हरियाणा के उपाध्यक्ष और हरियाणा साहित्य एवं शोध संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवा चुके हैं।
नई शिक्षा नीति के क्रियान्वन के लिए हुए सम्मानित
प्रोफेसर डा. आरपी सैनी जाने माने शिक्षाविद् हैं। हरियाणवी संस्कृति से भी उनका गहरा लगाव है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को प्रभावी क्रियान्वयन करने के लिए उनके प्रयासों के लिए राज्य स्तर वे सम्मानित भी हो चुके हैं। इस नियुक्ति पर उन्होंने कहा कि वे दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ करेंगे। शिक्षा केवल प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि एक नैतिक और सामाजिक उत्तरदायित्व है, जिसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया जाना चाहिए।
कालेज से विवि तक बनाई पहचान
प्रोफेसर आरपी सैनी ने शिक्षक, शोधकर्ता, प्रशासक और शैक्षणिक मार्गदर्शक के रूप में विभिन्न भूमिकाओं का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। करनाल में डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य के रूप में उन्होंने संस्थान को शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन, नवाचार और छात्र-केंद्रित गतिविधियों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनके नेतृत्व में महाविद्यालय में अनेक अकादमिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का विस्तार हुआ है। शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक विधाओं में भी महाविद्यालय ने उंचाइयों को छुआ है।










