Weather Update : धुंध के साथ कड़ाके की ठंड भी बढ़ी, अभी राहत नहीं
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से होगा ठंड का डबल अटैक
Weather Update : एनसीआर सहित पूरे हरियाणा में फिलहाल कड़ाके की ठंड का प्रकोप चल रहा है। इसके साथ ही धुंध भी गहराने के कारण मौसम का डबल अटैक देखा जा रहा है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार अभी मौसम में राहत की संभावना नहीं है। अगले पांच दिन तक मौसम इसी प्रकार बना रहने की संभावना है। हालांकि इस दौरान कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हो सकती है। बारिश होने के बाद ठंड और धुंध दोनों और अधिक बढ़ेंगी।
पहाड़ों पर बर्फबारी होने का सीधा असर मैदानी इलाकों में दिख रहा है। शुक्रवार की बात करें तो चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री रहा। यह तापमान सामान्य सामान्य कम है। अभी आने वाले दिनों में भी राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में और गिरावट दर्ज रहेगी। ऐसे में ठंड और कोहरा बढ़ेगा। राजस्थान के साथ लगते इलाकों में पारा जमाव बिंदू की ओर जा सकता है।
Weather Update : जनजीवन हो रहा प्रभावित
मौसम का असर सामान्य जनजीवन पर भी दिख रहा है। धुंध के साथ ठंड बढ़ने के कारण शनिवार को बाजारों में भी रौनक कम रही। व्यापारी नरेश सिंगला ने बताया कि अन्य दिनों के मुकाबले शनिवार को बाजार में ग्राहक करीब आधे ही पहुंचे। इसका मुख्य कारण मौसम ही है। सुबह कड़ाके की ठंड और धुंध होने के कारण लोग घरों से नहीं निकल रहे हैं। या फिर अपने जरूरी काम ही निपटा रहे हैं। आमतौर पर ग्राहकों से भरा रहने वाला तांगा चौक व मेन बाजार शनिवार को खाली नजर आया। अभी आने वाले दिनों में इसी प्रकार से माहौल रहने की उम्मीद है।
Weather Update : मध्य हरियाणा में घना कोहरा
हालांकि पूरे हरियाणा में ही धुंध व कड़ाके की ठंड का प्रभाव है, लेकिन मध्य हरियाणा में शनिवार को धुंध अधिक रही। विशेषकर एनसीआर के जिलों और इनके साथ लगते क्षेत्रों में प्रभाव अधिक रहा। हरियाणा प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर संपूर्ण क्षेत्रों में सुबह के समय धुंध व कोहरा के साथ बादल भी छाए रहे। जींद, कुरुक्षेत्र, अंबाला, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, भिवानी के साथ रोहतक भी कोहरे की चपेट में रहे।

Weather Update : कम दृश्यता रेंगते रहे वाहन
धुंध के कारण इन जिलों में दृश्यता काफी कम रही। दोपहर तक भी धूप नहीं निकली। हालांकि सुबह 10 बजे के बाद दृश्यता
करीब 20 मीटर तक पहुंच गई। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में धुंध का असर अधिक रहा। यहां सुबह 10 बजे से पहले दृश्यता 5 मीटर से भी कम रही। इसका असर सड़क व रेल परिवहन के साथ हवाई यात्रा पर भी पड़ रहा है। ऐसे में जनजीवन धुंध व ठंड के कारण प्रभावित हो रहा है। रोडवेज बस सेवा भी अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही है। इसके कारण रात्रि सेवा को जारी रखने में दिक्कत आ रही है।
Weather Update : 22 से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अभी मौसम में बदलाव जारी रहेगा। 22 दिसंबर से अगले पांच दिन तक बादलवाई साफ रहेगी। इसके कारण धुंध और अधिक बढ़ेगी और रात के समय तापमान और अधिक गिरेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री के बीच जाने की संभावना है। हालांकि 20 व 21 दिसंबर को बदलवाई रहेगी। इसके कारण धूप नहीं निकलेगी और ठंड अधिक बढ़ेगी। इस दौरान रजस्थान के साथ लगते क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान और अधिक नीचे जाएगा। भिवानी में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री रहने की उम्मीद है। हालांकि अभी तक इस मौसम में नारनौल सबसे अधिक ठंड रहा है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण बारिश की संभावन भी बन रही है, लेकिन इसका हरियाणा में खास असर नहीं रहेगा। हालांकि दक्षिण हरियाणा को छोड़ कर शेष क्षेत्रों में मौसम एक जैसा ही रहेगा।










