1 February Weather : बदला मौसम सुबह बारिश ने बढ़ाई ठिठुरन
मौसम विभाग ने दी दिल्ली के लिए चेतावनी, अब फिर बढ़ेगी ठंड, पहाड़ों में बदल रहा मौसम
1 February Weather : मध्य जनवरी से मौसम में आया बदलाव अभी भी चल रहा है। मौसम विभाग ने पहले ही 1 और 2 फरवरी बारिश की चेतावनी दी थी। ऐसे में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर के अन्य हिस्सों में भी 1 फरवरी यानी रविवार को बारिश व बूंदाबांदी हुई। इससे मौसम में फिर से ठंड बढ़ गई है। आने वाले दिनों में पहाड़ों से अधिक ठंड उतर कर मैदानों तक आएगी। इसका असर भी दिखेगा।
वहीं रविवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। भारतीय मौसम विज्ञान मौसम विभाग (IMD) ने मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। इसमें कहा गया है कि गरज-चमक के साथ बारिश होगी। साथ ही तेज हवाएं चलेंगी और बिजली गिरने की भी आशंका है। वहीं कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा भी रहा।
बढ़ा है तापमान
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण छाए बदलों से तापमान में हल्की वृद्धि कर दी है। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री तक पहुंच जाएगा वहीं न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के आसपास रहेगा। इसके मुकाबले शनिवार को न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री रहा। और शुक्रवार को 7.7 डिग्री। यह सब (Western Disturbance) पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण है। पिछले महीने में भी कई बार मौसम बदला रहा।
हिमाचल में बर्फबारी, उत्तर प्रदेश में बारिश
वहीं हिमाचल प्रदेश में इस बदलाव के परिणाम स्वरूप बर्फबारी हुई है। वहीं उत्तर प्रदेश में बारिश और कोहरा रहा। बर्फबारी के कारण मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर बढ़ गई है। हालांकि एनसीआर के कई क्षेत्रों में धूप निकली है, लेकिन सुबह की बारिश के बाद ठंड अधिक रही। साथ ही हवा चलने से भी ठिठुरन बढ़ी रही। मौसम विभाग का कहना है कि 2 फरवरी को भी पश्चिमी विक्षोभ का व्यापक असर रहेगा। हालांकि कुछ क्षेत्रों में 3 जनवरी को भी मौसम बदला रहेगा।
हिमाचल में व्यापक असर
मौसम में आए बदलाव के कारण हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों के साथ कुछ नीचे के क्षेत्रों जैसे मनाली और शिमला में भी बर्फबारी हुई है। इसके अलावा जम्मू- कश्मीर घाटी में व्यापक असर देखा जा रहा है।कश्मीर में सड़कों पर बर्फ के कारण कई जगह रास्ते बंद हो गए हैँ। इसके अलावा जन सुविधाओं जैसे पानी और बिजली की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। मौसम विभाग की चेतावनी है कि इस दौरान बर्फीला तूफान भी आ सकता है।
हरियाणा पंजाब में खेती पर असर
हाल ही में मौसम में आए बदलाव का असर हरियाणा व पंजाब में खेती पर व्यापक रूप से पड़ रहा है। क्योंकि सुबह के समय धुंध छाने से परेशानी बढ़ रही है। ( haryana weather) विशेषकर कर हाईवे पर हादसों का खतरा भी बढ़ रहा है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के वैज्ञानिकों का कहना है कि यह मौसम फसलों के लिए अच्छा है। विशेषकर गेहूं की फसल में इस समय बालियां आ रही हैं। ऐसे में यह मौसम बेहतर उत्पादन में सहायक रहेगा। हालांकि इसके बाद मौसम में गर्मी बढ़ने से गेहूं की फसल जल्दी पकेगी। इससे उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
आगे खुश्क रहेगा मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम विभाग का कहना है कि 2 फरवरी के बाद प्रदेश में मौसम खुश्क रहेगा। इससे एकदम से गर्मी बढ़ेगी। हालांकि इस दौरान सुबह-शाम अच्छी ठंड रहेगी, लेकिन दिन में कड़ी धूप रहेगी। फिलहाल बादलवाई रहने से तापमान कुछ अधिक रहेगा, लेकिन शीतलहर का प्रकोप बना रह सकता है। हालांकि भविष्य में फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं। इसके लिए अभी कोई अनुमान नहीं लगाया जा सकता है। हरियाणा के साथ पड़ोसी राज्य राजस्थान में भी सुबह व शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अभी तक 2 व 3 फरवरी को ही मौसम परिवर्तनशील रहेगा।










