Women Live Longer : क्यों पुरुषों से अधिक होती है महिलाओं की जिदंगी, शोध ने किया नया खुलासा
विश्व भर की चिकित्सा व्यवस्था को दिया नया संदेश, पुरुषों और महिलाओं में होने वाली बीमारियां तय करती हैं जीवन
Women Live Longer : सामान्य तौर पर अपने आसपास देखने पर यही लगता है कि महिलाओं की मौत पुरुषों से कम उम्र में होती है, लेकिन ऐसा नहीं है। सच्चाई यह है कि पुरुष महिलाओं से कम लंबा जीवन जी पाते हैं। वहीं महिलाएं अधिक बीमारियों का शिकार होती है। इसके बावजूद उनका जीवन काल लंबा होता है। इसको लेकर शोध किया है यूनिवर्सिटी ऑफ वॉशिंगटन में।
यह शोध 2 मई 2024 को विश्व प्रसिद्ध ब्रिटिश चिकित्सा पत्रिका द लैंसेट में प्रकाशित हुआ है। इससे महिलाओं और पुरुषों के जीवन के बारे में नई जानकारियां सामने आई हैं। शोधकर्ताओं ने बताया है कि महिलाओं की तुलना में पुरुषों का जीवन काल कम होता है। इसके लिए 3 दशक के आंकड़ों का अध्ययन किया गया है। इस शोध में 1990 से 2021 तक के आकड़ों का विशलेषण किया गया है।
पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग हों स्वास्थ्य रणनीति
इस शोध में शामिल लोगों ने अपने निष्कर्ष में बताया है कि महिलाओं व पुरुषों को मेडिकल के आधार पर एक जैसा इलाज नहीं दिया जा सकता। क्योंकि लैंगिंक आधार पर दोनों के बीच व्यापक असमानताएं हैं। इनको समझते हुए ही यह तय किया जाना चाहिए कि दोनों के लिए स्वास्थ्य रणनीतियों भी अलग-अलग हों। शोध में शामिल लुइसा सोरियो फ्लोर का कहना है कि महिलाएं और पुरुष विभिन्न जैविक और सामाजिक प्रकार से अलग होते हैं। इन कारकों में बदलाव भी होता रहता है। ऐसे में जीवन के अलग-अलग चरण के अनुसार अलग-अलग परिस्थितियां रहती हैं। ऐसे में यह शोध महिलाओं और पुरुषों के जीवन काल के बार में जटिल अंतर को इंगित करता है।
पुरुषों से अधिक खराब रहता है महिलाओं का स्वास्थ्य
शोध में यह भी कहा गया है कि बेशक महिलाएं पुरुषों से अधिक समय तक जीवित रहती हैं, लेकिन महिलाओं का स्वास्थ्य पुरुषों से अधिक खराब रहता है। या यूं कहें कि वे अपने जीवन का बड़ा हिस्सा बीमारियों के साथ जीती हैं। वहीं पुरुषों में कम जीवन काल का मुख्य हिस्सा असामयिक मौत आता है। इसमें हार्ट अटैक या दूसरी बीमारियों के साथ-साथ दुर्घटनाएं भी शामिल हैं। हालांकि महिलाएं अधिक बीमारियों से घिरी रहती हैं, लेकिन वे कम घातक होती हैं।
20 बीमारियों का भी किया विशलेषण
इस शोध में काम करने वालों ने ऐसी बीमारियों को भी रेखांकित किया है, जो महिलाओं से अधिक पुरुषाें में पाई जाती हैं। यही बीमारी जानलेवा होती हैं। वहीं महिलाओं की सामान्य बीमारियां शरीर में कमजोरी ताे देती हैं, लेकिन जान नहीं लेती। पुरुषों में
हार्ट संबंधित बीमारियां अधिक होती हैं। इसके अलावा फेफड़ों का कैंसर, किडनी की बीमारी अधिक होती हैं। इसके अलावा महिलाओं में गठिया और मानसिक बीमारियां अधिक होती हैं।
छोटी उम्र से ही दिखने लगता है अंतर
शोधकर्ताओं का कहना है कि महिलाओं और पुरुषों के बीच का यह अंतर 10-12 साल की उम्र से ही दिखना शुरू हो जाता है। क्योंकि लड़कियों में शारीरिक बदलाव और इसके साथ बीमारियां जल्दी शुरू हो जाती हैं। इसके कारण उनका शरीर आखिर तक बहुत कमजोर हो जाता है। वहीं एस्ट्रोजन हार्मोन महिलाओं के शरीर में हार्ट संबंधित बीमारियों से बचाता है।










