Jind DC : जींद सिविल अस्पताल में गंदगी देख भड़कीं DC, बोलीं, आप खुद बाथरूम में खड़े होकर दिखाओ
हरियाणा डायरी, जींद। हरियाणा के जींद में डीसी डा. वैशाली शर्मा (Jind DC) ने अचानक मंगलवार दोपहर को नागरिक अस्पताल का दौरा किया। अचानक हुए इस दौरे से अस्पताल प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। अस्पताल के बाथरूम में गंदगी देखकर डा. वैशाली शर्मा भड़क गई। उन्होंने स्टाफ से कहा कि आप लोग बाथरूम में खड़े होकर दिखाओ। इसके अलावा अस्पताल में कई विभागों में खामियों पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन को जमकर फटकार लगाई। अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट की सही व्यवस्था नहीं थी।
डीसी डा. वैशाली शर्मा, एडीसी प्रदीप कुमार दोपहर एक बजे के आसपास नागरिक अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने नागरिक अस्पताल के वार्ड, बाथरूम, इमरजेंसी, गायनी वार्ड से लेकर हर प्रकार की व्यवस्था का जायजा लिया। अस्पताल के बाथरूम देखकर डा. वैशाली शर्मा काफी नाराज हुई। उन्होंने पास ही मौजूद स्टाफ नर्स से कहा कि आप जरा बाथरूम में कुछ देर खड़े होकर देखो।

Jind DC : सफाई व्यवस्था पर नाराज दिखी डीसी
उन्होंने सफाई व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताते हुए सफाई के निर्देश दिए। इमरजेंसी वार्ड में भी सफाई तथा रजिस्टर सही तरीके से रखरखाव नहीं होने, डस्टबिन की सही व्यवस्था नहीं होने पर भी उन्होंने काफी गुस्सा दिखाया। डीसी ने जब आयुष विभाग का दौरा किया तो यहां पर तैनात कर्मचारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। यहां उपस्थित कर्मचारियों को इसके बारे में पूरी जानकारी भी नहीं थी।
Jind DC : खुद करवाया एचबी चेक
नागरिक अस्पताल के काउंटर पर पहुंची डीसी डा. वैशाली शर्मा ने यहां बैठे कर्मचारियों से हीमोग्लोबिन चेक करने को कहा। यहां मौजूद कर्मचारी लैब तकनीशियन नहीं थे। ऐसे में तुरंत लैब तकनीशियन को बुलाया गया और डीसी का हीमोग्लोबिन चेक किया गया। उन्होंने साफ कहा कि इस प्रकार के कार्य में किसी प्रकार की कोई कोताही सहन नहीं होगी।
Jind DC : रेफरल कर्मचारी भी नहीं दे पाए पूरी तरह जवाब
डीसी डा. वैशाली शर्मा ने रेफरल विभाग का दौरा किया। यहां उन्होंने अस्पताल में तैनात एंबुलेंस के बारे में जानकारी हासिल की। यहां पर तैनात कर्मचारी रेफरल के बारे में पूरी जानकारी नहीं दे पाए। यहां से भी डीसी को संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर वह नाराज दिखाई दी।
जींद के सिविल अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट का सही निस्तारण नहीं मिलने पर डीसी डा. वैशाली शर्मा ने स्वास्थ्य अधिकारियों से इस जवाब मांगा। बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण के लिए बनाए गए नियमों के अनुसार यहां पर बायोमेडिकल वेस्ट नहीं डाला जा रहा था। इसके लिए तीन प्रकार के डस्टबिन होते हैं, जिनमें अलग-अलग प्रकार का बायोमेडिकल वेस्ट डाला जाता है। अस्पताल के वार्डों व इमरजेंसी में बायोमेडिकल वेस्ट की सही व्यवस्था नहीं थी।

Jind DC : मुख्य गेट पर सैनिटाइजर की व्यवस्था के निर्देश
डीसी डा. वैशाली शर्मा ने अस्पताल प्रशासन को अस्पताल के गेटों पर सैनिटाइजर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां से मरीजों का प्रवेश हो, वहां पर सैनिटाइजर की व्यवस्था होनी चाहिए। अस्पताल में मरीजों के हाथ इधर-उधर सामान को छूते हैं। ऐसे में कोई भी बीमारी एक-दूसरे में नहीं फैले, इसके लिए पुख्ता प्रबंध होने चाहिएं।
नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भी काफी खामियां मिली। यहां पर मरीजों के तीमारदारों के बैठने के लिए स्टूल नहीं मिले। इस पर अस्पताल प्रशासन ने कहा कि इसकी मांग भेजी हुई है। डीसी ने जल्द व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
नागरिक अस्पताल में सफाई, बायोमेडिकल वेस्ट व कुछ अन्य खामियां नजर आई थी। डीसी ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। समय-समय पर अस्पताल का निरीक्षण किया जाएगा। जो भी कमियां होंगी, उनको दूर करवाया जाएगा। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन का दायित्व है।
–प्रदीप कुमार, एडीसी










