Jind news : लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर परिवार में विवाद, परिवेदना समिति में पहुंचा मामला, मंत्री भी हैरान

हरियाणा डायरी, जींद। हरियाणा के जींद में डीआरडीए हाल में जिला कृष्ट निवारण समिति (Jind news) की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता खेल, युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने की। बैठक में कुल 11 शिकायतें समाधान के लिए रखी गई। जिनमें से 9 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। बाकी दो मामलों में जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

दबलैन गांव के संदीप ने अपने ही पिता व परिवार के बाकी सदस्यों पर उसके व पत्नी के साथ मारपीट करने, अपहरण करने और जातिसूचक गाली देने के आरोप लगाते हुए शिकायत दी। मंत्री गौरव गौतम ने हैरानी जताते हुए शिकायतकर्ता से कहा, आपने पिता के खिलाफ ही शिकायत दे दी। संदीप ने कहा कि वह अनुसूचित जाति की महिला के साथ लीव इन रिलेशनशिप में रहता है। जिससे उसके पिता व परिवार के सदस्य रंजिश रखते हैं। उसका अपहरण करके मारपीट की गई और उनकी पार्टनर को जातिसूचक गालियां दी गई। पुलिस को शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

Jind news : डीएसपी व एसपी भी कर चुके जांच

मामले की जांच करने वाले डीएसपी ने कहा कि उनसे पहले भी एएसपी और डीएसपी जांच कर चुके हैं। उन्होंने भी जांच कर ली है। जांच में शिकायतकर्ता के आरोप सही नहीं पाए गए हैं। संदीप ने कहा कि वे जहां रहते हैं, वहां पहले भी कई हत्याएं हो चुकी हैं, लेकिन एफआइआर तक नहीं हुई। वे दबंग लोग हैं। वहीं संदीप के पिता ने कहा कि संदीप आवारा किस्म का लड़का है। इसने एक शादीशुदा महिला को अपने साथ रखा हुआ है। संदीप उनके खिलाफ झूठी शिकायत दे रहा है।

Jind News District Grievance Committee meeting chaired by the Sports Minister.
Jind News District Grievance Committee meeting chaired by the Sports Minister.

महिला अनुसूचित जाति से है, उसको उनके खिलाफ हथियार के तौर पर प्रयोग करके परेशान कर रहा है। इस दौरान सफीदों से विधायक रामकुमार गौतम ने मजाकिया लहजे में कहा कि अगर समय पर बेटे की शादी करवा देते, तो वह दूसरी महिला को नहीं लाता। पिता- पुत्र की बातें सुनने के बाद मंत्री ने कहा कि मामले की जांच करवाएंगे।

Jind news : बैठक में ये विधायक व अफसर रहे मौजूद

बैठक में सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम, उचाना के विधायक देवेंद्र अत्री, डीसी डा. वैशाली शर्मा, एसपी कुलदीप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष तेजेद्र ढुल हरियाणा कल्याण विभाग के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी, नगर परिषद चेयरपर्सन डा. अनुराधा सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष तेजेंद्र ढुल, एडीसी प्रदीप कुमार, डीएमसी अनिल दून, एसडीएम जींद सत्यवान मान, एसडीएम नरवाना जगदीश चंद्र, एसडीएम सफीदों पुलकित मल्होत्रा, एसडीएम जुलाना होशियार सिंह, एसडीएम उचाना रमित कुमार, सीटीएम मोनिका रानी उपस्थित रहे।

Jind news : 352डी पर लाइट व अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के आदेश

राष्ट्रीय राजमार्ग 352डी पर आवश्यक व्यवस्थाओं के प्रबंधों के बारे में रखी शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने आवागमन की सहुलियत एवं एनएसएआई के मानक अनुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। जिला परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एनएचएआइ ने सड़क पर गड्ढे भरने व पेंचवर्क का काम पूरा कर लिया है।

मंत्री ने जिला परिवेदना समिति सदस्य रामफल शर्मा की मांग पर किनाना में पुल पर पर्याप्त लाइट लगवाने के निर्देश दिए। मालसरी खेड़ा गांव में पंचायती भूमि पर कब्जे के बारे में आई शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम सफीदों को मौका मुआयना कर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन दो शिकायतों का तत्काल समाधान संभव नहीं हो पाया है, उनकी निष्पक्ष एवं गहन जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए ताकि संबंधित मामलों का उचित समाधान किया जा सके।

Jind news : बरसाती पानी की निकासी का स्थायी प्रबंध करने के आदेश

नरवाना रेलवे रोड निवासी वीरेंद्र नैन की जलभराव से संबंधित शिकायत पर बीएंडआर एक्सईएन आरके नैन ने बताया कि नाले के निर्माण के लिए 84 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाकर भेजा हुआ है। शिकायतकर्ता ने कहा कि साल 2012-13 में नक्शे के अनुसार नाला नहीं बनाया गया।

जिसके कारण बरसाती सीजन में जलजमाव होता है। एसडीएम ने मंत्री को बताया कि उन्होंने मौका देखा था, वहां समस्या है। नाले को दुकानदारों ने कई जगह से बंद किया हुआ है। इसका समाधान करवाया जा रहा है। मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि कोई भी समाधान करो, इस बरसाती सीजन में यहां जलजमाव नहीं होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button