Safidon Nursing College : बेटियों को मिलेगा आधुनिक नर्सिंग कैंपस, 40 करोड़ से बनेगा 4 मंजिला नर्सिंग कॉलेज
हरियाणा डायरी, जींद।
Safidon Nursing College : सफीदों क्षेत्र के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित राजकीय नर्सिंग कालेज के भवन निर्माण का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। क्षेत्र की बेटियों को अब आधुनिक नर्सिंग कैंपस मिलेगा। नर्सिंग कॉलेज का 4 मंजिला भवन बनाने को लेकर 40 करोड़ रुपए का टेंडर लगाया गया है। सालों से लंबित इस महत्वपूर्ण परियोजना को अब गति मिलती नजर आ रही है। इससे क्षेत्र के लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
विधायक रामकुमार गौतम ने हाल ही में मुख्यमंत्री की जनसभा में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने नर्सिंग कालेज के भवन निर्माण की आवश्यकता को जोरदार तरीके से रखते हुए इसे शीघ्र शुरू करने की मांग की थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा इस पर सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के बाद अब परियोजना को लेकर ठोस कदम उठाए गए हैं।
Safidon Nursing College : विधायक रामकुमार गौतम ने बताया टेंडर जारी
विधायक रामकुमार गौतम के अनुसार इस महत्वाकांक्षी परियोजना की जिम्मेदारी हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन को सौंपी गई है। करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस नर्सिंग कालेज भवन के निर्माण के लिए निविदाएं आमंत्रित कर दी गई हैं। पहली जुलाई तक टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी और आगामी दो वर्षों में इस भवन को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण एजेंसी की टीम पहले ही स्थल का दौरा कर आवश्यक निरीक्षण कर चुकी है।
मिट्टी और पानी की जांच जैसी तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। इसे निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। यह नर्सिंग कालेज करीब साढ़े चार एकड़ भूमि पर बनाया जाएगा। प्रस्तावित भवन चार मंजिला आधुनिक संरचना का होगा, जिसमें छात्रों की सभी आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसमें लिफ्ट, विशाल और आधुनिक क्लासरूम, छात्राओं के लिए सुरक्षित हास्टल, स्टाफ क्वार्टर और अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी।
Safidon Nursing College : 600 छात्राएं बीएससी नर्सिंग, GNM, ANM कर रही
वर्तमान में यह नर्सिंग संस्थान अस्थायी रूप से सरला देवी राजकीय कन्या महाविद्यालय के एक हिस्से में संचालित हो रहा है, जहां लगभग 600 छात्राएं बीएससी नर्सिंग, जीएनएम और एएनएम जैसे पाठ्यक्रमों में अध्ययन कर रही हैं। स्थायी भवन के निर्माण से इन छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल, आधुनिक प्रयोगशालाएं और आवासीय सुविधाएं मिल सकेंगी। इस परियोजना की नींव 11 फरवरी 2019 को प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा रखी गई थी।
इसके बाद कॉलेज निर्माण के लिए भूमि का हस्तांतरण भी कर दिया गया था, लेकिन विभिन्न कारणों से कार्य शुरू नहीं हो पाया था। अब लंबे इंतजार के बाद इस परियोजना को पुनः गति मिली है।आईपी कन्या एजुकेशन सोसाइटी के फाउंडर सदस्य एवं पूर्व पालिका प्रधान राकेश जैन ने इस दिशा में कदम उठाने के लिए हरियाणा सरकार और विधायक रामकुमार गौतम का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि नर्सिंग कॉलेज का निर्माण सफीदों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगा। राकेश जैन ने कहा कि इस कॉलेज के बनने से न केवल स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण के नए अवसर भी मिलेंगे। इससे क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की जरूरत भी कम होगी।










