Jind news : तूफान की तबाही, 2225 पेड़ गिरे, 337 पोल और 27 ट्रांसफार्मर धराशायी, रात भर ब्लैकआउट

हरियाणा डायरी, जींद। हरियाणा के जींद जिले में वीरवार (Jind News) की रात को आए तेज तूफान के कारण 2225 पेड़ गिर गए। इसके अलावा 337 बिजली के खंबे व 27 ट्रांसफार्मर भी गिर गए। इससे पूरे जिले में ब्लैक आउट जैसी समस्या रही। ग्रामीण क्षेत्र में तो 70 प्रतिशत क्षेत्र में रातभर बिजली गुल रही। जिले में औसतन 14.6 एमएम बारिश दर्ज की गई।

सबसे ज्यादा जींद में 29.6 एमएम बारिश हुई। बारिश से गर्मी से काफी राहत मिली है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार शाम तक जिले का अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया था।

वीरवार शाम तक मौसम ठीक रहा। रात को साढ़े आठ बजे के बाद अचानक मौसम बदल गया और तेज हवाएं चलने लगी। तेज हवाएं चलने के कारण बारिश भी होने लगी। तेज हवाओं के कारण आए तूफान ने जिले में काफी नुकसान किया। जिले में 2225 पेड़ गिर गए। वन विभाग के अनुसार नरवाना में अधिक पेड़ गिर गए। जींद ब्लाक के अलावा जुलाना में भी काफी पेड़ गिरे हैं। इसके अलावा बिजली निगम को भी इससे काफी नुकसान हुआ है। बिजली निगम के 337 पोल व 27 ट्रांसफार्मर गिर गए।

Jind News Storm trees uprooted poles toppled
Jind News Storm trees uprooted poles toppled

Jind News : रात भर रहा ब्लैकआउट

वहीं काफी जगह बिजली के तार टूट गए। रातभर ग्रामीण क्षेत्र के 70 प्रतिशत भाग में ब्लैक आउट जैसी स्थिति रही। जींद शहर में भी काफी कालोनियों में रातभर बिजली गुल रही। बारिश होने से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। बुधवार शाम तक जिले का तापमान 44 डिग्री के आसपास था, जो शुक्रवार सुबह 33 डिग्री दर्ज किया गया। दिनभर ठंडी हवाएं चलने से भी लोगों को गर्मी से राहत मिली।

Jind News : जिले में औसतन 14.6 एमएम बारिश

जिले में औसतन 14.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसमें जींद में सबसे ज्यादा 29.6 एमएम, नरवाना में 17, जुलाना में 17, उचाना में पांच, पिल्लूखेड़ा में 15 व अलेवा में चार एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं सफीदों में बूंदाबांदी हुई है। बारिश होने के किसानों को काफी राहत मिली है। इसके अलावा लोगों को गर्मी से भी काफी राहत मिली। रात से ही ठंडी हवाएं चलनी शुरू हो गई थी। शुक्रवार को दिनभर तेज धूप के बावजूद ठंडी हवाएं चलती रही।

रात को आए तूफान के कारण जिले में काफी जगह बिजली तार टूट गई। जिले में 337 पोल व 27 ट्रांसफार्मर गिरने से बिजली कई जगह गुल रही। ग्रामीण क्षेत्र में तो 70 प्रतिशत रातभर बिजली नहीं आई। शहर के कानूनगो मोहल्ला, नई सब्जीमंडी के पीछे, डिफेंस कालोनी, अर्बन इस्टेट, सेक्टर-10, कृष्णा कालोनी, आशरी गेट, रानी तालाब, स्कीम नंबर पांच-छह, चैंबर वाली धर्मशाला का एरिया, विकास नगर, शर्मा नगर में रातभर बिजली कभी आई तो कभी चली गई।

Jind News : शहर में कई स्थानों पर जमा हुआ पानी

रात को आई बारिश के बाद शहर में कई स्थानों पर पानी जमा हो गया। पानी की निकासी नहीं होने से लोगों को सुबह तक परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद पानी की निकासी सही तरीके से हो सकी। पटियाला चौक, जाट कालेज के सामने, सब्जीमंडी मोड, कृषि विभाग कार्यालय के सामने, शर्मा नगर के आसपास काफी पानी खड़ा हो गया था।

Jind News Storm trees uprooted poles toppled
Jind News Storm trees uprooted poles toppled

जिला वन अधिकारी पवन ग्रोवर ने बताया कि नरवाना क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण ज्यादा नुकसान हुआ। वन विभाग के अनुसार पूरे जिले में वीरवार रात को आए तेज तूफान के कारण 2225 पेड़ गिर गए। कुछ पेड़ों को तो रात को ही उठाकर रास्ते खोले गए तो कुछ पेड़ों को सुबह उठाया गया। पहले भी तेज हवाओं के कारण काफी जगह पेड़ टूट गए थे। वन विभाग सभी ब्लाक के हिसाब से अपने पेड़ों की गिनती करता है।

बिजली निगम के एक्सईएन विकास मलिक ने बताया कि निगम को रात आए तूफान ने काफी नुकसान किया है। बिजली के पोल व ट्रांसफार्मर गिरने से कई स्थानों पर बिजली सप्लाई बाधित रही। इसके अलावा अनेक स्थानों पर बिजली की तार टूटने से भी बिजली प्रभावित रही। रात से ही बिजली कर्मचारी सप्लाई बहाल करने में जुट गए थे। अधिकतर स्थानों पर रात को ही बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई थी। ज्यादा ट्रांसफार्मर बदलने की जरूरत थी, वहां सुबह तक सप्लाई बहाल हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button