Jind Medical College : जींद मेडिकल कॉलेज में MBBS की 50 सीट मंजूर, शुरू होगा शैक्षणिक सत्र

हरियाणा डायरी, जींद।
केंद्र सरकार ने गांव हैबतपुर स्थित संत शिरोमणि धन्ना भगत मेडिकल कालेज (Jind Medical College) को 50 एमबीबीएस सीटों की मंजूरी दी है, ताकि शैक्षणिक सत्र शुरू किया जा सके। कालेज का निर्माण अपने अंतिम चरण में है और हैंडओवर प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य सरकार राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग से अनुमति लेकर दाखिले शुरू करेगी।

ऐसे में उम्मीद जगी है कि जींद के लोगों को उपचार की बेहतरीन सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी। हालांकि हैबतपुर गांव में संत शिरोमणि धन्ना भगत के नाम से मेडिकल कालेज जरूर शुरू हो गया है, लेकिन केवल औपचारिकता के रूप में यहां ओपीडी ही शुरू हो पाई है। यहां फिलहाल कोई चिकित्सक नहीं है और डेपुटेशन से काम चलाया जा रहा है।

Jind Medical College : सिविल अस्पताल के डॉक्टर कर रहे मेडिकल कॉलेज में ओपीडी

सिविल अस्पताल से ही चिकित्सक जाकर यहां ओपीडी करते हैं। गांव हैबतपुर के पास संत शिरोमणि धन्ना भगत राजकीय मेडिकल कालेज पिछले साल अक्टूबर महीने में ही शुरू हो चुका है। यहां पर फिलहाल ओपीडी शुरू की गई हैं। इसके अलावा यहां कोई सुविधा नहीं है। यहां पर ओपीडी के लिए भी चिकित्सक नागरिक अस्पताल से ही जाते हैं। यदि किसी मरीज को जांच करवाने की जरूरत पड़ती है तो उसे नागरिक अस्पताल में जांच एक्सरे, रक्त जांच के लिए भेजा जाता है। ऐसे में कहा जा सकता है कि मेडिकल कालेज फिलहाल औपचारिकता भी पूरी नहीं कर रहा है।

Jind Medical College : इसी साल होगा शैक्षणिक सत्र शुरू

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा ने मेडिकल कालेज को जल्द से जल्द शुरू करवाने के लिए कई बार दौरे किए। इस दौरान उन्होंने चंडीगढ़ में भी संबंधित विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। डा. मिढ़ा लगातार मेडिकल कालेज के डायरेक्टर राजीव महेंद्रू के साथ मेडिकल कालेज की सुविधाओं को लेकर मंथन भी करते रहे। अब जाकर उनकी टीम के अथक प्रयासों से जींद मेडिकल कालेज को 50 सीटें एमबीबीएस की मिली हैं।

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि संत शिरोमणि धन्ना भगत मेडिकल कालेज को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 50 एमबीबीएस सीटों की मंजूरी दे दी है। इसी वर्ष संस्थान में शैक्षणिक सत्र शुरू किया जा सकेगा। इसके लिए वह स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का धन्यवाद करते हैं। साथ ही उनके साथ टीम में शामिल रहे डायरेक्टर राजीव महेंद्रू ने भी इसके लिए अथक प्रयास किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button