Trump tariff : टैरिफ से अमेरिका ने बढ़ाई अरबों की कमाई
जल्द ही 600 अरब डालर को पार कर जाएगा आंकड़ा
Trump tariff : डोनल्ड ट्रंप के अमेरिका के राष्ट्रपति बनने के बाद से वहां की टैरिफ नीति की बड़ी चर्चा हो रही है। सभी को यह लगता है कि दूसरे देशों से व्यापार में टैरिफ बढ़ाने से अमेरिका को कितनी कमाई होती होगी। यह कमाई छोटी-मोटी नहीं, अरबों में होती है। इसको लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने फिर से अपनी टैरिफ नीति सराहते हुए इसके बारे में लिखा है।
ट्रंप का दावा है कि उनके प्रशासन की ओर से विभिन्न देशों पर लगाए गए टैरिफ से अमेरिका को सैकड़ों अरब डालर की कमाई हुई है। साथ ही यह भी दावा किया जा रहा है कि यह कमाई जल्द ही 600 अरब डालर के आंकड़े को पार कर जाएगी। ट्रंप ने इस टैरिफ नीति को देश की आर्थिक ताकत और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए काफी महत्वपूर्ण बताया है। साथ ही उन्होंने कहा कि टैरिफ नीति के चलते अमेरिका पहले से कहीं अधिक मजबूत और सम्मानित हो गया है।
Trump tariff : इसको लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने कहा है कि अमेरिका ने टैरिफ से अब तक बड़ी रकम जुटाई है। जल्द ही यह 600 अरब डालर से ज्यादा की कमाई तक पहुंच जाएगी। साथ ही राष्ट्रपति ने मीडिया पर हमला बोलते हुए कहा कि फेक न्यूज वाले इस मुद्दे पर चुप हैं। क्योंकि वे अमेरिका से नफरत करते हैं और देश को कमजोर देखना चाहते हैं।
Trump tariff : खुद थपथपाई अपनी पीठ
टैरिफ नीति को लेकर ट्रंप ने अपनी पोस्ट में अपनी पीठ खुद थपथपाई है। उन्होंने लिखा है कि टैरिफ के कारण से अमेरिका आर्थिक रूप से काफी बेहतर हुआ है। साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से पहले से बहुत मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि ईश्वर अमेरिका को आशीर्वाद दें। ट्रंप लंबे समय से टैरिफ के समर्थक रहे हैं और इसे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का बड़ा हथियार मानते हैं। ऐसे में अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा से यह मामला राष्ट्रपति ने जोड़ दिया है। इससे वहां की अदालत में चल रहे फैसले पर क्या असर पड़ेगा, यह तो नहीं कहा जा सकता है, लेकिन अमेरिका को इससे हो रही कमाई का अंदाजा हो गया है।
Trump tariff : होती रही है आलोचना
बेशक ट्रंप अपनी टैरिफ नीति की तारीफ करते हुए नहीं थक रहे हैं, लेकिन इस नीति को लेकर विवाद भी उठते रहे हैं। यहां तक कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में टैरिफ लगाने के राष्ट्रपति के अधिकारों पर चुनौती तक दी गई है। हालांकि राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि अगर कोर्ट उनके फैसले के खिलाफ जाता है तो यह अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अब तक की सबसे बड़ी धमकी होगी। नवंबर महीने में इस मामले में पर अमेरिकी अदालत में सुनवाई हुई थी। अब इस पर इसी साल 2026 में फैसला आने की उम्मीद है। ट्रंप ने मीडिया पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि इस मुद्दे को जानबूझकर दबा रहे हैं। ऐसा इसलिए किया जा रहा है कि कोर्ट के आने वाले फैसले पर असर पड़े।
Trump tariff : भारत पर टैरिफ का कितना असर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनालड ट्रंप द्वारा अपनाई गई टैरिफ नीति का असर विश्व के कई देशों पर सीधे तौर पर पड़ा है। भारत पर भी इसका असर पड़ रहा है। भारतीय निर्यात पर इस समय 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया गया है। हालांकि हाल ही में ट्रंप ने भारत का जिक्र करते हुए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की थी। उन्होंने रविवार को ही कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अच्छे इंसान हैं और वे जानते थे कि ट्रंप उनकी रूसी तेल खरीद से खुश नहीं है। ट्रंप के अनुसार भारत ने उन्हें खुश करने की कोशिश की क्योंकि अमेरिका भारतीय सामान पर टैरिफ बहुत जल्दी बढ़ा सकता है। यह भारत के लिए काफी नुकसानदायक हो सकता है।










