Haryana weather update : हरियाणा में फिर बदला मौसम, आंधी के साथ ओले और बारिश, मंडियों में भीगा गेहूं
भीषण गर्मी से मिली राहत, अगले 2 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
Haryana weather update : मौसम में बदलाव लगातार जारी है। रविवार सुबह करीब 10 बजे आंधी शुरू हुई और रात होते-होते यह बारिश में बदल गई। रात को करीब 9 बजे फिर से मौसम में बदलाव हुआ और तेज आंधी के साथ ओले व बारिश शुरू हुई। इस दौरान हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश व ओले गिरे। मौसम विभाग के अनुसार आधे हरियाणा यानी 11 जिलों में बारिश और ओलों का असर आया है। इससे प्रदेश भर में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
पिछले कई दिन से मौसम में भीषण गर्मी चल रही थी। ऐसे में मई को महीना शुरू होते ही मौसम में बदलाव आया है। 2 मई को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 3 मई को सुबह से ही आंधी शुरू हुई और तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद 3 मई की रात को फिर से तेज आंधी, बारिश व ओलों के साथ मौसम बदल गया। ओले गिरने से हरियाणा के कई हिस्सों में 4 डिग्री तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मंडियों में भीगा गेहूं
बारिश का सबसे अधिक असर मंडियों रखे गेहूं पर पड़ा है। दरअसल अभी तक मंडियों से गेहूं का उठान नहीं हो पाया है। लाखों क्विंटल गेहूं अभी भी प्रदेश भर की अनाज मंडियों में खुले आसमान के नीचे रखा गया है। रात को आई बारिश के कारण यहां गेहूं पूरी तरह से भी गया। अब एजेंसियों को गेहूं सुखाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ेगी। जींद अनाज मंडी के आढ़ती सुनील कुमार ने बताया कि जिस प्रकार गेहूं भीग गया है, इससे खराब होने की आशंका काफी बढ़ गई है।
पेड़ व बिजली के बोल गिरे
वहीं तेज आंधी के कारण प्रदेश भर में पेड़ गिरने और बिजली के पोल गिरने के कारण परेशानी हुई है। जींद में रात को आंधी आने के साथ ही बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सुबह तक भी कई क्षेत्रों में बिजली सुचारू नहीं हो सकी। इसी प्रकार झज्जर जिला में भी पेड़ गिरने से यातायात पर असर पड़ा है। हालांकि वन विभाग व बिजली निगम आंधी के कारण हुए नुकसान आंकलन कर रहे हैं। बिजली निगम के एक अधिकारी ने बताया कि हर जिला से पोल गिरने की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी।
पेयजल आपूर्ति पर भी असर
आंधी के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के कारण पेयजल भी सुचारू रूप से नहीं मिल पाया। ऐसे में सप्ताह का पहला दिन यानी सोमवार होने के कारण लोगों को परेशानी हुई। अंबाला के एक जनस्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि इसके लिए सभी ऑपरेटर्स को निर्देश दिए गए हैं, बिजली आपूर्ति बहाल होते ही पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
आज फिर बारिश व आंधी का अलर्ट
दूसरी तरफ सोमवार यानी 4 मई के लिए भी मौसम विभाग ने हरियाणा के 11 जिलों के लिए बारिश व आंधी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को जींद, गुरुग्राम, कैथल, झज्जर, फरीदाबाद, पानीपत, रोहतक, सोनीपत, हिसार, भिवानी के साथ चरखी दादरी में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
फसलों को बारिश से लाभ
कृषि विशेष डा. अजय आर्य के अनुसार मौमस में आए बदलाव के कारण फसलों को लाभ होगा। हालांकि जहां ओलावृष्टि हुई है, वहां पर सब्जियों की फसलों को अधिक नुकसान होने की आशंका है। वहीं मौसम में गर्मी कम होने से कपास की फसल को भी लाभ होगा। क्योंकि अधिक गर्मी के कारण कपास की फसल जल रही थी। सब्जियों की पैदावार बढ़ेगी।
गर्मी कम होने से स्वास्थ्य को लाभ
नागरिक अस्पताल की चिकित्सक डा. सीमा रानी ने बताया कि पिछले कई दिनों से तापमान अधिक चल रहा था। इसके साथ ही प्रदूषण का स्तर भी बढ़ा हुआ था। अब बारिश होने से गर्मी के साथ-साथ प्रदूषण भी कम हुआ है। ऐसे में यह स्वास्थ्य के लिए अच्छा है। हालांकि अभी गर्मी का मौसम गया नहीं है। ऐसे में लापरवाही बिलकुल भी नहीं करें।










Good information