Bank Cash Shortage : हरियाणा के इस जिले की बैंकों में कैश की किल्लत, ये है कारण
हरियाणा डायरी, चंडीगढ़।
Bank Cash Shortage : हरियाणा के जींद जिले के पिछले तीन सप्ताह से बैंकों में कैश की दिक्कत चल रही है। आरबीआई से कैश कम आ रहा है। जबकि फसली सीजन में कैश की मांग ज्यादा है। खाते में आई गेहूं की पेमेंट लेने के लिए भी किसान बैंकों में पहुंच रहे हैं।
आपको बता दें कि जिले की मंडियों में पहुंचे 85 लाख क्विंटल ज्यादा गेहूं की करीब 2200 करोड़ रुपये पेमेंट है, जोकि बैंक खातों में आई है। जिले में सहकारी बैंकों को छोड़कर अन्य बैंकों की 222 शाखा हैं। प्रतिदिन बैंकों में 15 से 20 करोड़ रुपये जमा हो रहे हैं। जबकि फसली सीजन होने के कारण इन दिनों प्रतिदिन 80 से 90 करोड़ रुपये कैश की डिमांड रहती है।
शहरी क्षेत्र के बैंकों में तो कैश जमा हो रहा है। लेकिन ग्रामीण क्षेत्र के बैंकों में कैश बहुत कम जमा हो रहा है। जबकि कैश निकलवाने वालों की संख्या ज्यादा है। गांव में खुली बैंक शाखाओं में दिनभर कैश लेने वालों की भीड़ लग रही है। किसानों का कहना है कि कैशियर कैश की कमी का हवाला दे रहे हैं और जरूरत से काफी कम ही कैश दिया जा रहा है।

Bank Cash Shortage : ज्यादा कैश मांगो तो 3 दिन का समय दे रहे
अगर किसी को ज्यादा कैश की जरूरत है, तो उसे दो से तीन दिन बाद आने के लिए कहा जा रहा है। अगर किसी को शादी समारोह, प्रापर्टी खरीदने व अन्य कार्य के लिए ज्यादा कैश की जरूरत है, उनको शहर में जो बड़ी बैंक शाखाएं हैं, वे एक से दो लाख रुपये तक कैश दे रही हैं। जबकि बाकी बैंक शाखाओं में अधिकतम 50 हजार रुपये तक ही खाता धारकों को कैश दिया जा रहा है।
केवल 10 हजार कैश मिला : बधाना गांव के किसान कलवंत ने बताया कि उसका नगूरां पीएनबी बैंक शाखा में खाता है। वह बैंक से 50 हजार रुपये निकलवाने के लिए गया था। लेकिन 10 हजार रुपये ही मिले।
कैश नहीं मिला, तो आनलाइन ट्रांसफर करवाए : गांव शामलों कलां निवासी रोहित ने बताया कि गांव की पीएनबी बैंक शाखा में गेहूं की पेमेंट आई हुई है। एक लाख पांच हजार रुपये निकलवाने के लिए गया था। कैशियर ने कैश नहीं होने की बात कही। कैश नहीं मिला, तो आनलाइन दूसरे खाते में आनलाइन पैसे ट्रांसफर करवाए हैं।
Bank Cash Shortage : फसली सीजन होने के कारण बढ़ी कैश की डिमांड
जिला लीड बैंक अधिकारी अनुपम मरांडी ने कहा कि फसली सीजन होने के कारण इन दिनों में कैश की डिमांड बढ़ जाती है। शहर के बैंकों में तो कैश जमा हो रहा है। लेकिन गांवों में खुली बैंक शाखाओं में कैश बहुत कम जमा हो रहा है। जबकि कैश निकलवाने वालों की संख्या ज्यादा है। शुक्रवार को पीएनबी करेंसी चेस्ट में शुक्रवार को 20 करोड़ रुपये से ज्यादा कैश आया है। जोकि बैंक शाखाओं में भेजा गया है। जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।










