Haryana Weather Heatwave update : हरियाणा गर्मी का कहर शुरू, अब सताएगी लू 40 के पार जाएगा पारा

IMD ने जारी किया अलर्ट, लू चलने की चेतावनी

Haryana Weather Heatwave update : अप्रैल महीना आधा बीत जाने पर भी अभी तक हरियाणा में गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम है। पिछले दिनों सक्रिय रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते अभी तक मौसम में उतनी गर्मी नहीं हो पाई है। हालांकि अभी सुबह-शाम के समय अप्रैल वाली गर्मी नहीं है, लेकिन दिन में इसका असर दिखना शुरू हो गया है। वहीं मौसम विभाग ने भी अब लू चलने की चेतावनी जारी की है। ऐसे में पारा 40 डिग्री के पार जाने का अलर्ट दिया गया।

दरअसल इस बार सर्दी समाप्त होने के बाद मार्च में कुछ गर्मी हुई, लेकिन इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ और साथ में हुई ओलावृष्टि के कारण तापमान काफी ठंडा बना रहा है। साथ ही पहाड़ों में बर्फबारी का असर भी मौसम पर पड़ा। अब पिछले 2 दिन से मौसम में तेजी बदलाव हुआ है। अब भारतीय मौसम विभाग ने भी अलर्ट जारी कर गर्मी बढ़ने का अनुमान दिया है।

लगातार बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग चंडीगढ़ कार्यालय का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम लगातार बदलेगा और गर्मी बढ़ेगी। हालांकि इस समय पर हर कोई बारिश से बचना चाहता है। क्योंकि फसली सीजन चल रहा है और पूरे उत्तर भारत पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में गेहूं की कटाई जोरों पर है।

हालांकि मध्यप्रदेश में कटाई का अधिकतर काम हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिन गर्म होंगे। इसके साथ ही तेज धूप लोगों को झुलसाएगी। अब कुछ दिनों तक आसमान साफ रहेगा और शुष्क हवाएं गर्मी बढ़ाएंगी। ऐसे में अप्रैल के तीसरे सप्ताह से तेज गर्मी शुरू होने वाली है।

37 डिग्री के पार पहुंच गया है तापमान

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 2 दिनों में गर्मी काफी बढ़ी है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री के पार पहुंच गया है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान भिवानी में 37. 4 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के कई जिलों में तापमान 36 से 37 डिग्री के बीच चल रहा है। मंगलवार की बात की जाए तो हिसार, रोहतक, भिवानी, जींद, कैथल, पानीपत, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद जैसे मध्य जिलों में धूप काफी तेजी रही।

दक्षिण हरियाणा के जिले लू की चपेट में

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए प्रदेश में लू की भविष्यवाणी भी की है। इसका असर प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्रों में अधिक रहेगा। गुरुग्राम, झज्जर, भिवानी, नारनौल जैसे क्षेत्रों में इसका सबसे अधिक असर देखने को मिल सकता है। हालांकि गर्मी का प्रकोप पूरे प्रदेश में ही अधिक रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि इसके कारण दोपहर के समय घरों से बाहर निकलना काफी मुशकिल होगा। क्योंकि हीटवेव के कारण झुलसा देने वाली धूप रहेगी।

राहत की नहीं उम्मीद

पिछले दिनों जहां पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने के कारण लाेग सर्दी जाने का इंतजार कर रहते रहे, अब गर्मी से राहत की उम्मीद करने लगे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि इसके आसार कम हैं। क्योंकि आने वाले दिनों में लगातार तापमान में वृद्धि रहेगी। अप्रैल के साथ ही मई महीने में भी गर्मी लगातार बढ़ेगी। ऐसे में हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार ने किसानों को फसल प्रबंधन के लिए तैयार करने को कहा है।

सब्जियों की फसलों पर अधिक असर

कृषि विशेषज्ञ डा. सुभाष चंद्र का कहना है कि यह मौसम विशेषकर सब्जियों की फसलों के लिए काफी खराब है। क्योंकि अधिक धूप रहने से उत्पादन के साथ बेल व पौधों की बढ़वार पर भी असर पड़ेगा। ऐसे में किसानों को खास ध्यान रखना होगा। विशेषकर सिंचाई को समय बदलना चाहिए।

इस मौसम में सुबह के समय सिंचाई करने पर दिन में गर्मी के कारण पौधे खराब हो सकते हैं। ऐसे में सिंचाई हमेशा शाम के समय ही करें। यदि प्रबंध हो सके तो फव्वारा विधि की व्यवस्था की जानी चाहिए। इससे पौधों को उचित नमी के साथ ऊपर से भी पानी की बौछार मिलने से बढ़वार अधिक होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button