Weather update : हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज, 17 से 19 तक बारिश की संभावना
देखें मौसम पूर्वानुमान
Haryana Weather update : हरियाणा में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 17 से 19 तक बारिश की संभावना जताई है। IMD के अनुसार अगले सप्ताह दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जिनके चलते पूरे हरियाणा में 3 दिनों तक बारिश की संभावना बन रही है।
हिसार एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के कृषि मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 16 जनवरी तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तरपश्चिम शीत हवाएं चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट आने व दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद मौसम करवट लेगा।
Haryana Weather update : 16 और 19 को दो पश्चिम विक्षोभ एक्टिव
HAU के मौसम विभाग अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि 16 जनवरी तक दक्षिण व पश्चिमी हरियाणा के जिलों में कहीं कहीं पाला पड़ने की भी संभावना है। इसके बाद लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ 16 जनवरी व 19 जनवरी रात्रि को आने की संभावना है। इसके बाद मौसम में बदलाव होगा और 17 व 18 जनवरी को आंशिक बादलवाई व एक दो स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना है परंतु 19 जनवरी के बाद राज्य के ज्यादातर स्थानों पर बारिश की संभावना बन रही है।

आज मंगलवार को दिन का आगाज घनी धुंध के साथ हुआ। लगातार दो दिन से पूरा प्रदेश धुंध के आगोश में नजर आ रहा है। हालांकि सोमवार को दिन में धूप निकली और लोगों ने राहत की सांस ली लेकिन शाम होते-होते फिर से धुंध की वापसी हुई और रात को भी धुंध के कारण विजिबिलिटी बहुत कम रही। मंगलवार को सुबह छह बजे से ही धुंध का प्रकोप देखने को मिला, जिसके लते वाहन चालकों को लाइट जलाकर कम स्पीड में चलना पड़ा। सोमवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Haryana Weather update : अस्पतालों में पहुंच रहे वायरल, जुकाम, बुखार व खांसी के मरीज
ठंड के कारण अस्पतालों में वायरल, फीवर, जुकाम, खांसी के मरीज पहुंचने लगे हैं। जींद के सिविल अस्पताल की बात की जाए तो यहां प्रतिदिन औसतन 1600 के करीब ओपीडी होती हैं। इनमें 200 से ज्यादा मरीज तो खांसी, जुकाम व बुखार के ही रहते हैं। डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने बताया कि इस समय ज्यादा ठंड पड़ रही है। ऐसे में लगातार ठंड का प्रभाव स्वास्थ्य पर हो रहा है। लोगों को ठंड से बचाव के उपाय करने चाहिएं। गर्म पेय पदार्थ पीने चाहिएं। ठंडी चीजों से परहेज करना चाहिए।
पांडू पिंडारा कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी मौसम वैज्ञानिक डा. राजेश कुमार ने कहा कि घना (Haryana Weather update) कोहरा फसलों के लिए लाभदायक है। ऐसे में फसलों की सिंचाई करना भी लाभदायक होगा। दिन में धूप निकलने से गेहूं की फसल में पीला रतुआ नहीं होगा। वीरवार से मौसम में कुछ परिवर्तन होगा। अभी मौसम परिवर्तनशील व शुष्क बना हुआ है।










