Road Infrastructure : हरियाणा में सड़कों की मरम्मत नहीं करने वाले 19 अधिकारियों पर कार्रवाई की तैयारी
म्हारी सड़क एप पर आई शिकायतों को लेकर हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
Road Infrastructure : सरकारी कार्य में ढील बरतने वाले अधिकारियों को लेकर अब हरियाणा सरकार सख्त हो चली है। म्हारी सड़क एप पर आई शिकायतों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ऐसे 19 अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जिन्होंने समय पर सड़कों की मरम्मत नहीं की। अधिकारियों पर आराेप है कि उन्होंने कुछ शिकायतों का निवारण किए बिना ही बंद कर दिया। या फिर से ठीक से शिकायतों का निपटारा नहीं किया।
ऐसे 19 कार्यकारी अभियंताओं पर अब विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इनमें 2 एक्सईएन लोक निर्माण विभाग के हैं। हरियाणा राज्य मार्केटिंग बोर्ड के 6, एसएसआईआईडीसी के 2, जिला परिषद का 1, यूएलबी के 5 और एसएसवीपी के 3 कार्यकारी अभियंताओं के नाम आए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि तय समय सीमा में शिकायतों का निवारण नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। करीब चार महीने पहले ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा सड़कों की स्थिति ठीक रखने के लिए सरकार द्वार म्हारी सड़क एप भी शुरू किया गया है। (Haryana News) इस पर लोगों द्वारा सड़कों की शिकायत की जाती है। बुधवार को इसको लेकर ही मुख्यमंत्री समीक्षा बैठक की। इस दौरान म्हारी सड़क ऐप पर मिली शिकायतों को लेकर समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी कार्य अधिकारियों को दिया जाता है तथा इसको लेकर लोगों की जो भी शिकायत आती हैं तो उसका समाधान धरातल पर 100 प्रतिशत दिखना चाहिए। अब प्रदेश सरकार इसको लेकर सख्त है।
Road Infrastructure : बिना समाधान ही बंद कर दी शिकायत
इस समीक्षा बैठक के दौरान सामने आया कि कई ऐसी शिकायत हैं, जिनका समाधान तो नहीं किया गया, लेकिन इनको विभाग के स्तर पर बंद कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐप पर जनता द्वारा सड़कों को लेकर भेजी गई शिकायतों का पहले सही प्रकार से समाधान करें। इसके बाद ही इन शिकायतों को बंद किया जाए। बिना समाधान किए यदि शिकायत बंद कर दी जाती है तो ऐसे अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। एप पर शिकायत आने के बाद इन शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि इसके कारण लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं उठानी पड़े।

Road Infrastructure : कोहरे से पहले सही किए जाएं सड़कों के साइन बोर्ड
धुंध के कारण भी सड़क हादसे बढ़ जाते हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कोहरा शुरू होने से पहले ही सड़कों पर साइन बोर्ड ठीक किए जाएं। प्रदेश कई जगह साइन बाेर्ड टूटे रहते हैँ तो कुछ जगह पर यह बोर्ड पेड़ों से ढक जाते हैं।इसके कारण वाहन चालकों को सही स्थिति का पता नहीं चलता और दुर्घटना हो जाती है।
Road Infrastructure : सड़कों की गुणवत्ता जांच के लिए बनेगी विजिलेंस
वहीं प्रदेश में सड़कों की गुणवत्ता की जांच के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा विजिलेंस सेल का गठन किया जाएगा। गुणवत्ता जांच के लिए बनने वाला यह सेल प्रदेश भर की सड़कों के साथ भवन निर्माण व अन्य कार्यों की गुणवत्त भी जांचेंगा। इनको लेकर जो भी शिकायत मिलेंगी, इनकी जांच यही सैल करेगा। हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणवीर गंगवा ने बताया कि इसके अलावा जांच व निगरानी प्रक्रिया को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। विभाग के एसई और एक्सईएन हर महीने 18 सड़कों की गुणवत्ता जांचेंगे। यह रिपोर्ट मंत्री को भेजी जाएगी। लोक निर्माण मंत्री गंगवा ने वीरवार को चंडीगढ़ स्थित सचिवालय में विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मंत्री ने कहा कि जिन भवनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उन्हें संबंधित विभाग को सौंप दिया जाए। विशेषकर माइनस में आने वाले टैंडर से जो कार्य किए गए हैं, उनकी जांच प्रमुखता से करें।










