Haryana : पेपरलैस रजिस्ट्री को लेकर हरियाणा सरकार का नया फैसला
एक बार ही भरना होगा शुल्क, 3 दिन सुरक्षित रहेंगे कागज
Haryana Paperless Registry : हरियाणा में पेपरलैस रजिस्ट्री को लेकर सरकार ने नया फैसला लिया है। दरअसल पेपरलैस रजिस्ट्री में 1 नवंबर से ही दिक्कतें आ रही हैं। गलत दस्तावेज अपलोड होने पर यह डिलीट हो जाते थे। ऐसे में सरकार ने फैसला लिया है कि पोर्टल पर अपलोड किए जाने वाले कागजों में किसी तरह की त्रुटि है या गलत दस्तावेज अपलोड हुआ है तो 72 घंटे तक पोर्टल पर यह कागज सुरक्षित रहेंगे। प्रत्येक तहसील में हेल्प डेस्क और नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
पोर्टल पर सभी भरे हुए दस्तावेज डिलीट होने से पहले 72 घंटों के लिए आटोमेटिक रूप से सुरक्षित होंगे। पंजीकरण शुल्क पूरी प्रक्रिया के दौरान लागू रहेगा। वित्तायुक्त राजस्व डॉ. सुमिता मिश्रा ने सभी जिलों के डीसी के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से वीसी कर के पेपरलैस रजिस्ट्री प्रक्रिया की समीक्षा की। इसमें डीसी ने बताया कि कई बार रजिस्ट्री प्रक्रिया के दौरान अपलोड किए गए दस्तावेज डिलीट हो जाते हैं, इससे कई बार दिक्कत आती है।
Haryana Paperless Registry : वित्तायुक्त ने ली सभी जिलों के डीसी की मीटिंग
इस पर संज्ञान लेते हुए वित्तायुक्त राजस्व डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि पोर्टल पर दर्ज दस्तावेज 72 घंटों तक आटोमेटिक सिक्योर हो जाएंगे। नई प्रणाली जीपीए मामलों में उपस्थिति को आटोमेटिक रूप से दर्ज करती है और एक ही लेनदेन में कई पक्षों का समर्थन करती है। एनओसी नंबर (NOC Number) अब स्वचालित रूप से दस्तावेजों पर दिखाई देंगे। इसमें नियम व शर्तें 10 हजार शब्दों तक विस्तृत हो सकती हैं। अधिकारियों की सुविधा के लिए एक ब्लाक खसरा पृष्ठ भी शुरू किया गया है। आपत्तियों के समय किसी भी भौतिक दस्तावेज की मांग नहीं की जाएगी।

Haryana Paperless Registry : 1 नवंबर से अब तक 626 आवेदन हो चुके रिजेक्ट
1 नवंबर से पेपरलैस प्रक्रिया शुरू हुई थी। तब से अब तक त्रुटियों के कारण करीब 626 आवेदन रिजेक्ट हो चुके हैं। रजिस्टरी के लिए कुल 5334 आवेदन आए थे। इनमें से 2110 विलेख स्वीकृत किए गए, जबकि 915 आवेदन प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया में थे। 611 आवेदन उप-पंजीयकों द्वारा स्वीकृत किए गए। इससे पहले 29 सितंबर से 31 अक्टूबर तक केवल 1662 आवेदन मिले थे, जिनमें 1074 अनुमोदित किए गए।
Haryana Paperless Registry : इन जिलों में कम हो रही पेपरलैस रजिस्ट्रियां
हरियाणा में पेपरलैस रजिस्ट्रियों की बात करें तो सबसे ज्यादा आवदेन हरियाणा में कुरुक्षेत्र जिले से आए। कुरुक्षेत्र में 810 आवेदनों में से 524 रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं। महेंद्रगढ़ 428 आवेदनों और 205 स्वीकृतियों के साथ दूसरे नंबर पर रहा है। करनाल जिले में 409 आवेदन आए, जिनमें 208 रजिस्ट्री पूरी हुई। इसके बाद जींद 384 आवेदनों और 131 स्वीकृतियों के साथ चौथे स्थान पर रहा। फरीदाबाद, गुरुग्राम और यमुनानगर जिलों में भी रजिस्ट्रियों में लगातार वृद्धि दर्ज की गई, जबकि सिरसा, चरखी दादरी और पानीपत में अभी सुधार की काफी गुंजाइश है।










