Fastag Update : वाहन चालकों को बड़ी राहत, डिजिटल माध्यम से भुगतान करने पर मिलेगा लाभ

केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, कैश भुगतान को लेकर की व्यवस्था

Fastag Update : यदि आप हाईवे से सफर करते हैं तो जगह-जगह टोल टैक्स का भुगतान करना होता है। इसके लिए फास्टैग की सुविधा दी गई है। फास्टैग से भुगतान करने पर कम राशि लगती है, जबकि बिना फास्टैग नकग भुगतान करने पर टाेल दोगुणा हो जाता है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। केंद्र सरकार ने इसको लेकर बड़ा बदलाव किया है। अब बिना फास्टैग के यदि डिजिटल माध्यम से भुगतान किया जाता है तो दोगुणा टोल टैक्स नहीं लगेगा।

केंद्र सरकार की यह नई व्यवस्था शनिवार से लागू हो गई है। इससे देश भर में लाखों वाहन चालकों को लाभ मिलेगा।
नई योजना के तहत बिना फास्टैग वाले वाहनों को डिजिटल माध्यम से भुगतान करने पर काफी छूट मिलेगी। इसके तहत निर्धारित दर के मुकाबले दोगुणा की बजाय सिर्फ 25 प्रतिशत अधिक टोल टैक्स देना होगा।

Fastag Update : ऐसे लगता है टोल टैक्स

यदि किसी टोल प्लाजा पर आपके वाहन के लिए 100 रुपये टोल टैक्स निर्धारित है तो बिना फास्टैग नकद में टोल देने पर यह राशि 200 रुपये हो जाती है। वहीं अब नए नियम के तहत यदि आप टोल टैक्स का भुगतान फास्टैग की बजाय यूपीआई से करते हैँ तो आपको 200 रुपये नहीं सिर्फ 125 रुपये ही टोल टैक्स का भुगतान करना होगा। ऐसे में आपको 75 रुपये की बचत होती है। हालांकि फास्टैग के मुकाबले यह राशि 25 प्रतिशत अधिक है। इसकी शुरूआत 15 नवंबर 2025 यानी शनिवार से की जा चुकी है। कई बार फास्टैग में रिचार्ज राशि कम होने के कारण भी गाड़ी फंस जाती है। इसके चलते भी इस सुविधा का लाभ लिया जा सकता है। सरकार द्वारा किए गए नए भुगतान से फास्टैग में तकनीकी खराबी आने या फास्टैग स्कैनर मौजूद नहीं होने पर भी इसका लाभ लिया जा सकता है।

Fastag Update : देश में विश्व का दूसरा सबसे बड़ा सड़क नेटवर्क

देश में सड़कों का जाल तेजी से बढ़ रहा है। इस साल मार्च महीने तक राष्ट्रीय राजमार्ग की कुल लंबाई 146204 किलोमीटर हो गई है। यह विश्व का दूसरा सबसे बड़ा सड़क नेटवर्क हो गया है। हालांकि कुल सड़कों का नेटवर्क 63 लाख किलोमीटर से भी अधिक है। 2013-2014 में राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क 91287 किलोमीटर था। अब इसमें 60 प्रतिशत तक की वृद्धि हो चुकी है। वर्ष 2014 से 2025 के बीच कुल 54917 किलोमीटर लंबी नई सड़कों का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग के तहत हुआ है।

वाहनों चालकों को बड़ी राहत
वाहनों चालकों को बड़ी राहत

Fastag Update : 3000 रुपये वाली योजना का 25 लाख लोगों ने उठाया लाभ

फास्टैग की सुविधा को आसान करने के लिए सरकार द्वारा एक साल में 3000 रुपये से रिचार्ज करने का भी विकल्प दिया है। इसका लाभ लेकर एक साल में अधिकतम 200 टोल को पार किया जा सकता है। इसके हिसाब से टोल टैक्स काफी सस्ता पड़ृता है। यह सुविधा 15 अगस्त 2025 से शुरू की गई है। सरकारी रिपोर्ट के अनुसार अब तक 25 लाख लोगों ने इस सुविधा का लाभ लिया है। साथ ही इससे 5.67 करोड़ रुपये से अधिक का टोल संग्रहण एक बार में हो गया है। देश भर में 98 प्रतिशत वाहनों में फास्टैग (FASTag) का प्रयोग होता है। 8 करोड़ से अधिक लोग इसका प्रयोग कर रहे हैं। वहीं सरकार द्वारा शुरू किए गए फास्टैग वार्षिक पास (3000 वाला रिचार्ज) दो महीनों में ही 25 लाख से अधिक लोगों ने लिया है।

Fastag Update : राजमार्ग यात्रा ऐप

देश भर में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले लोगों के लिए राजमार्ग यात्रा ऐप भी लांच किया गया है। इसको 15 लाख से ज़्यादा उपभोक्ताओं ने डाउनलोड किया है। इसके माध्यम से आपके मार्ग पर मिलने वाली सभी सुविधाओं की जानकारी मिल जाती है। ऐसे में यात्रा के दौरान किसी भी परेशानी से बचा जा सकता है। राजमार्ग यात्रा ऐप से राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर के दौरान विस्तृत जानकारी मिलती है। इससे रास्ते के टोल प्लाजा, पेट्रोल पंप, अस्पताल के साथ-साथ मौसम तक की जानकारी ली जा सकती है। यह ऐप यूजर्स के बीच काफी लोकप्रिय हो रही है। सरकारी रिपोर्टस के अनुसार अब तक 15 लाख से अधिक लोग इसको डाउनलोड कर चुके हैं। यह सरकारी ऐप होने के कारण इस पर लोगों का विश्वास भी अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button