Haryana New DGP : हरियाणा में फिर नए डीजीपी की तलाश शुरू
पूर्व डीजीपी शत्रुजीत कपूर को मिल सकता है मौका, यह अधिकारी भी दौड़ में
Haryana New DGP : करीब एक महीना पहले हरियाणा के प्रशासनिक तंत्र में आए भूचाल के बाद तब के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर को सरकार ने छुट्टी पर भेज दिया था। इसके बाद ओपी सिंह को डीजीपी बनाया गया। अब 31 दिसंबर को ओपी सिंह भी सेवानिवृत हो जाएंगे। ऐसे में उनका कार्यकाल पूरा होने से पहले नए डीजीपी की तलाश शुरू हो गई है। क्योंकि शत्रुजीत कपूर अभी छुट्टी पर चल रहे हैं, ऐसे में फिर से उनको मौका मिलना लगभग तय माना जा रहा है।
हालांकि कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस दौड़ में हैं और जिस विवाद के कारण शत्रुजीत कपूर को छुट्टी भेजा गया, वह भी अब निपट चुका है। हालांकि ओपी सिंह फिलहाल कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक हैं। लेकिन उनकी सेवानिवृति अब 31 दिसंबर को हो रही है।
गौरतलब है कि आइपीएस वाई पूरन कुमार की आत्महत्या के बाद बनी स्थिति के कारण सरकार ने 14 अक्टूबर को शत्रुजीत कपूर को दो माह के अवकाश पर भेज दिया था। ऐसे में अब दिसंबर को शत्रुजीत कपूर के अवकाश का समय भी पूरा हो रहा है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं है कि इस पद पर फिर से शत्रुजीत कपूर ही आएंगे या किसी अन्य अधिकारी को मौका मिलेगा।
Haryana New DGP : शत्रुजीत कपूर अभी भी पुलिस महानिदेशक
बेशक प्रदेश के पुलिस महकमे की बागडोर आईपीएस ओपी सिंह के हाथ में है, लेकिन तकनीकी रूप से आज भी शत्रुजीत कपूरी ही हरियाणा के पुलिस महानिदेशक हैं। क्योंकि वे अभी छुट्टी पर हैं और ओपी सिंह कार्यवाहक डीजीपी हैं। वहीं शत्रुजीत कपूर 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वे दो साल पहले अगस्त 2023 में हरियाणा के डीजीपी बनाए गए थे। पुलिस महानिदेशक के कार्यकाल को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश हैं कि न्यूनतम कार्यकाल दो साल का हो। हालांकि सरकार अधिकतम कार्य अवधि निर्धारित कर सकती है। ऐसे में देखा जाए तो शत्रुजीत कपूर का 2 साल का कार्यकाल इसी साल अगस्त में पूरा हो चुका है। अब देखना होगा कि सरकार उनको दोबारा मौका देगी या नहीं। हालांकि शत्रुजीत कपूर का कार्यकाल अभी 10 माह बचा हुआ है। यह मामला अब पूरी तरह से प्रदेश सरकार के अधिकार क्षेत्र में आ गया है।
Haryana New DGP : अन्य अधिकारी भी पैनल में
नए डीजीपी को लेकर सरकार के स्तर पर काम शुरू हो गया है। इसके लिए हरियाणा सरकार द्वारा नए पुलिस महानिदेशक के लिए केंद्रीय लोक सेवा आयोग को एक पैनल भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। पैनल में 1991 बैच के आइपीएस अधिकारी संजीव कुमार जैन, 1992 बैच के आइपीएस अधिकारी अजय सिंघल, 1993 बैच के आइपीएस आलोक कुमार मित्तल और अरशिंद्र सिंह चावला शामिल हैं। हालांकि यह चारों ही डीजीपी रैंक के अधिकारी हैं। हालांकि शत्रुजीत कपूर के बाद आलोक कुमार मित्तल और अरशिंद्र सिंह चावला के नाम पुलिस महानिदेशक पद के लिए काफी मजबूत माने जा रहे हैं।

Haryana Ias : हरियाणा कैडर के IAS विकास गुप्ता को केंद्र में मिली बड़ी जिम्मेदारी
वहीं हरियाणा कैडर के 2001 बैच के आईएएस अधिकारी विकास गुप्ता को अब केंद्र सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। गुप्ता को केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) का आयुक्त बनाया गया है। यह पद देश की स्कूल शिक्षा प्रणाली में काफी महत्व रखता है। केवीएस द्वारा केंद्रीय सरकारी स्कूलों के लिए नीतियां बनाने से लेकर शिक्षकों की भर्ती, प्रशिक्षण और स्थानांतरण, नए विद्यालयों की स्थापना, राष्ट्रीय शिक्षा परियोजनाओं जैसे कार्य किए जाते हैं। फिलहाल केंद्रीय विद्यालय संगठन के अधीन 200 से अधिक विद्यालय सेवा दे रहे हैं। यहां 14 लाख से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। ऐसे में विकास गुप्ता को मिली जिम्मेदारी काफी अहम मानी जा रही है। केवीएस द्वारा विद्यार्थियों को सीबीएसई पाठ्यक्रम के साथ उत्कृष्ट संरचना, विभिन्न आयामों के साथ नई शिक्षा नीति 2020 के तहत आधुनिक शिक्षण माडल उपलब्ध कराए जाते हैं।










