Haryana : राशन डिपो पर चेहरा पढ़ेगी मशीन, रसीद बताएगी कितना मिलेगा राशन
Haryana Ration Depot : हरियाणा में राशन डिपो से राशन लेने वाले उपभोक्ताओं के काम की खबर है। अब राशन वितरण प्रणाली में बदलाव किया गया है। नए साल से सभी डिपो को आधुनिक और हाईटैक POS मशीनें मिलने वाली हैं, जो फेस रीडिंग और ई-तौल के बाद राशन देंगी। यानि की मशीन से ही उपभोक्ता का चेहरा पढ़ा जा सकेगा और इसके बाद मशीन से रसीद निकलेगी और इसी पर लिखा होगा कि उपभोक्ता को कितना और क्या-क्या राशन मिलना है।
हाई पावर परचेज कमेटी (HPCC) ने नई प्वाइंट ऑफ सेल (POS) मशीनों की मंजूरी दे दी है। इन नई मशीनों में फेस रीडिंग यानि चेहरा पढ़ने, ई-तौल जैसे नए सेगमेंट जोड़े गए हैं। इस पूरे हाईटैक सिस्टम पर हर साल सरकार का 10 करोड़ रुपए का अतिरिक्त खर्च आएगा।
Haryana Ration Depot : चेहरे से स्कैन कर ही हो जाएगी EKYC
बता दें कि राशन डिपो पर पहुंचने वाली नई POS मशीनें फिंगरप्रिंट, स्कैनर और आइरिस स्कैनर से लैस होंगी। इन मशीनों से राशन कार्ड धारकों का फिंगरप्रिंट, आंखों की पुतलियों और चेहरे की पहचान कर E-KYC व राशन वितरण प्रक्रिया होगी। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी। साथ ही लाभार्थी का उसका पूरा हक मिलेगा।
इन POS मशीनों को सीधे इलैक्ट्रॉनिक वजन मापने से भी जोड़ा गया है। यानि कि उपभोक्ता को जितना राशन मिलना होगा, मशीन में उतना ही मीटर आएगा और इसकी बाकायदा रसीद मशीन से निकल कर आएगी। इस पर उपभोक्ता को कितना राशन मिला, इसकी पूरी डिटेलिंग होगी।
Haryana Ration Depot : डिपो पर लगेंगे कैमरे, नहीं होगी छेड़छाड़
फूड सप्लाई विभाग ने सभी राशन डिपो पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना तैयार की है। इसके तहत हाईटैक बनाने की दिशा में कदम आगे बढ़ाते हुए सभी राशन डिपो पर CCTV लगाने का भी फैसला किया है। पंचकूला से इसकी शुरुआत कर दी गई है। अगर पंचकूला में यह ट्रायल सफल रहता है तो फिर पूरे प्रदेश के सभी डिपो में इसे लागू कर दिया जाएगा।
बता दें कि प्रदेश भर में करीब 41 लाख कार्ड धारक हैं। हालांकि इनमें 26 से 27 लाख लोग ही राशन लेते हैं। 9500 राशन डिपो हैं। हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति राज्यमंत्री राजेश नागर ने कहा कि नई POS मशीनों से डिपो धारकों के साथ ही उपभोक्ताओं को भी फायदा होगा। सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी है और अगले महीने से सभी डिपो धारकों के पास मशीनें पहुंच जाएगी।










