Weather update : पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई राज्यों में होगी बारिश, ओले गिरने की आशंका

IMD ने उत्तर-पूर्व भारत के लिए जारी की चेतावनी, जानें अपने क्षेत्र के मौसम का हाल

Weather update : मौसम में बदलाव से मध्य मार्च में भी फरवरी जैसी ठंड का अहसास हो रहा है। अब फिर से मौसम बदलने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ का असर एक बार फिर मौसम में आने वाला है। इसके चलते 18 मार्च शाम से मौसम बदलेगा। ऐसे में 18 मार्च की रात को देश के कई राज्यों में बारिश की चेतावनी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि इस दौरान देश के उत्तर-पश्चिमी राज्यों में बादल छाए रहेंगे। वहीं दिल्ली एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में मौसम बदलने के कारण हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश, ओडिशा के कई क्षेत्रों में आंधी और बारिश आने की संभावना है। IMD का कहना है कि उत्तर-पूर्व भारत में अगले 24 घंटों तक कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिम हिमालयी क्षेत्रों में 20 मार्च तक बारिश के साथ बर्फबारी भी होगी।

देश के अधिकतर क्षेत्राें में आएगा मौसम का प्रभाव

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिन तक देश के अधिकतर राज्यों में मौसम का प्रभाव देखने को मिलेगा। 25 राज्यों में बारिश, आंधी या ओले गिरने की आशंका बनी हुई है। इससे फसलों को भी काफी नुकसान होगा। क्योंकि हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। साथ में ओले गिरने की संभावना के चलते फसलों पर संकट के बादल मंडरा रहे है।

19 मार्च से 21 मार्च तक रहेगा मौसम का असर

मौसम विभाग का कहना है कि वर्तमान असर 19 से 21 मार्च तक दिखेगा। हालांकि अलग-अलग क्षेत्रों में प्रभाव अलग- अलग दिनों में होगा। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान जैसे उत्तर भारत के राज्यों में19-20 मार्च के दौरान गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना है।

कुछ जगहों पर बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा मध्य और पूर्वी भारत के कई क्षेत्रों जैसे मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल ओडिशा में 21 मार्च तक आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं हिमालय के पर्वतीय क्षेत्रों जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में 20 मार्च को और हिमाचल प्रदेश में 19 और 20 मार्च को बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका है।

पूर्वी भारत में भी बदलेगा मौसम

मौसम विभा का कहना है कि देश के पूर्वी राज्यों में भी अगले 24 घंटे में मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इसके तहत नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। हालांकि इन क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों में भी बारिश दर्ज की गई है। वहीं पश्चिम बंगाल, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में ओले भी गिरे हैं।

दिल्ली एनसीआर में बादलवाई, बारिश भी हो सकती है

वहीं दिल्ली-एनसीआर के लिए मौसम विभाग ने 20 मार्च तक मौसम परिवर्तनशील होने का पूर्वानुमान दिय है। मौसम विभाग का कहना है कि 18 मार्च बुधवार से 20 मार्च तक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान 18 मार्च की रात से मौसम में बदलाव के तहत हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इससे 20 मार्च तक मौसम ऐसा ही रहेगा। इस दौरान हवा की गति भी 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ लगते नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद में भी बारिश की संभावना जताई है।

दिल्ली के साथ लगते राज्यों में असर

दिल्ली के साथ लगते राज्यों में भी मौसम का व्यापक असर आ रहा है। क्योंकि पश्चिमी यूपी कई क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाओं का असर रहेगा। इससे तापमान में भी गिरावट आएगी। पिछले कुछ दिन से गर्मी पर मौसम के ब्रेक लगे हुए हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी होगी। वहीं हरियाणा- पंजाब में आंशिक रूप से बादल रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में बारिश की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button