Sonipat DMC Chargesheeted : सोनीपत नगर निगम में प्रॉपर्टी आईडी की गड़बड़ी पर कमिश्नर चार्जशीट

प्रॉपर्टी शाखा से जुड़े 9 अधिकारी- कर्मचारियों पर कारवाई के बाद निगम आयुक्त पर हुई कार्रवाई

Sonipat DMC Chargesheeted : हरियाणा में प्राॅपर्टी आईडी लोगों के जी का जंजाल बनी हुई है। इस मामले में गड़बडी के चलते सोनीपत नगर निमग में बड़ी कार्रवाई हुई है। यहां प्रॉपर्टी शाखा से जुड़े 9 अधिकारी- कर्मचारियों पर कारवाई के बाद अब निगम आयुक्त (डीएमसी) को चार्जशीट कर दिया गया है।

गौरतलब है कि प्रॉपर्टी आईडी में सामने आई गड़बड़ियों के बाद जांच के लिए कमेटी का गठन किया गया था। मुख्यालय द्वारा इस कमेटी को वर्ष 2020 से लेकर 2025 के बीच बनी प्रॉपर्टी आईडी मामले में जांच के लिए गठित किया गया था। जांच करने वाली कमेटी में सोनीपत, फरीदाबाद और पानीपत के अधिकारियों को शामिल किया गया। इस पर जांच कमेटी द्वारा सोनीपत नगर निगम के रिकार्ड की जांच की। इस दौरान जांच के लिए पहुंचे अधिकारियों से पूछताछ के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

प्रदेश भर में कड़ा संदेश

गौरलब है कि प्रॉपर्टी आईडी को लेकर पूरे हरियाणा प्रदेश में मामले आए थे। लोगों को अपनी प्रॉपर्टी के दस्तावेजों में कई खामियां मिल रही है। ऐसे में जांच कमेटी ने सोनीपत नगर निगम के अधिकारियों से 5 वर्षों के दौरान बनाई गई प्रॉपर्टी आईडी का डाटा जुटाया।

विशेषज्ञ द्वारा इन प्रॉपर्टी आईडी की जांच की गई। विशेषज्ञ द्वारा पांच वर्ष के दौरान बनी प्रॉपर्टी आईडी का डाटा उठाकर उसकी रेंडम जांच की गई। इस दौरान जांच में सामने आया कि प्रॉपर्टी आईडी बनाने में बड़े स्तर अनियमितताएं हुई है। इसके बाद यह प्रॉपर्टी आईडी बनाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में प्रदेश के दूसरे नगर निगम या परिषद और पालिकाओं में भी इस प्रकार की कार्रवाई हो सकती है।

अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की तैयारी

इस मामले में अभी जांच चल रही है। जैसे जैसे जांच आगे बढ़ रही है, कई अन्य कर्मचारी व अधिकारी भी इसकी जद में आ रहे हैं। नगर निगम के सूत्रों का कहना है कि प्रॉपर्टी आईडी शाखा में चेकर और मेकर के तौर पर नियुक्त रहे कई अन्य पर भी चार्जशीट की तैयारी है। ऐसे में प्रॉपर्टी आईडी के मामले में यह प्रदेश की बड़ी कार्रवाई चल रही है। क्योंकि बड़े स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सरकार कार्रवाई कर रही है।

प्रॉपर्टी डीलरों के साथ मिली भगत के आरोप

इससे पहले कई जिलों में नगर निगम और परिषदों के साथ पालिकाओं के अधिकारियों पर प्रॉपर्टी डीलरों के साथ भी मिली भगत के आरोप लगते रहे हैं। क्योंकि जब कोई व्यक्ति अपनी प्राॅपर्टी आईडी बनवाता है तो उस पर कई प्रकार के ऑब्जेक्शन लगाए जाते हैं। वहीं इसी काम को प्रॉपर्टी डीलर आसानी से करवा लेते हैं।

डीएमसी ने नहीं की सही जांच

गौरलब है कि इससे पहले जांच के दौरान नगर निगम के 9 अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। अब इस मामले में डीएमसी को चार्जशीट किया गया है। क्योंकि जो प्रॉपर्टी आईडी बनती है इसकी सभी औपचारिकताओं के बाद अंतिम तौर पर एडमिन द्वारा इसको जांचा जाता है।

हालांकि एडमिन नगर निगम आयुक्त को बनाया जाता है, लेकिन सोनीपत नगर निगम आयुक्त द्वारा से डीएमसी हरदीप सिंह को एडमिन के साथ अतिरिक्त चेकर नियुक्त किया गया था। इस जांच में सामने आया है कि डीएमसी के कार्य में भी खामियां पाई गई हैं।

इन 9 अधिकारी कर्मचारियों के खिलाफ हुई है कार्रवाई

इससे पहले जांच रिपोर्ट आने के बाद इसी साल 1 जनवरी को जेडटीओ राजेंद्र चुघ, एसडीओ अभिषेक और तत्कालीन जेई नवरत्न को निलंबित किया जा चुका है। वहीं कुंडली नगर पालिका के सचिव पवित्र गुलिया, एटीपी अमित और एसडीओ मंजीत दहिया के खिलाफ चार्जशीट की कार्रवाई हो चुकी है। वहीं इसी कार्रवाई में वीरवार को सहायक निशा को निलंबित किया गया था, जबकि सहायक सोनू को चार्जशीट किया गया है। विभाग ने अकाउंटेंट सुनील के भी निलंबित आदेश जारी किए जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button