Train Speed Hike : हरियाणा के इस रेलवे रूट पर 120 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से दौड़ेंगी गाड़ी
रेल गाड़ियों की स्पीड़ बढ़ाने के लिए रेलवे कर रहा खास तैयार, आधे हरियाणा को मिलेगा लाभ
Train Speed Hike : हरियाणा में बहुत ही कम जगहों पर सिंगल रेलवे लाइन बची हुई हैं। अधिकतर जगह रेलवे लाइन को आधुनिक कर यहां ट्रेन की गति अधिक की जा चुकी है। अब आधे हरियाणा को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण रेलवे लाइन को भी बेहतर किया जाएगा। फिलहाल इस रेलवे लाइन पर 75 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से ट्रेन चलती हैं, लेकिन अब इसको 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक किया जाएगा।
सिर्फ ट्रेन की गति ही नहीं इस रेलवे रूट पर गाड़ियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। यह मार्ग है जींद-सोनीपत और रोहतक-पानीपत रेलवे ट्रैक। इस रेलवे मार्ग पर ट्रेन का परिचालन अब तेज किया जाएगा। इसके लिए रेलवे द्वारा प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इससे रेलवे मार्ग को आधुनिक बनाया जाएगा। इससे इस रूट पर रेल गाड़ियों की स्पीड़ करीब दोगुना हो जाएगी। फिलहाल इन रेलवे रूटों पर गाड़ियों की अधिकतम गति सीमा 75 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसको बढ़ा कर 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक किया जाना है।
तकनीकी टीम कर रही जांच
दरअसल रेलवे मार्ग के हिसाब से ही ट्रेन की गति तय होती है। ऐसे में रेलवे की टीम इन दोनों रूटों की तकनीकी जांच कर रही है। इससे जींद से गाेहाना के रास्ते सोनीपत और गोहाना से रोहतक के बीच के रेलवे ट्रैक पर काम किया जाना है। जैसे ही रेलवे द्वारा यह काम पूरा कर लिया जाएगा, इसके बाद इन मार्गों पर ट्रेन 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से चलाई जा सकेंगी। इससे यात्रियों को कम समय में बेहतर सफर का अनुभव मिलेगा। कम समय में यह दूरी तय होगी।
बढ़ाई जाएगी ट्रेनों की संख्या
इन दोनों ही रूटों पर रेलगाड़ियों की स्पीड़ बढ़ने का असर यातायात पर भी पड़ेगा। समय की बचत होने से इन रूटों पर अन्य ट्रेनों का परिचालन भी संभव हो पाएगा। योजना है कि जींद-सोनीपत और रोहतक-पानीपत रूट पर नई ट्रेन चलाई जाएं। इसके लिए ट्रेन की स्पीड़ बढ़ाई जा रही है।
इस योजना के तहत जहां रेलवे ट्रैक को मजबूत किया जाना है, इसके अलावा सिग्नलिंग सिस्टम को भी नया रूप दिया जाएगा। वहीं लेवल क्रासिंग के स्तर पर भी सुधार होना है। यह जरूरी सुधार करने के बाद ट्रेन की गति बढ़ाई जाएगी। गति बढ़ाने के लिए सभी प्रकार से सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करना जरूरी है।
चलाई जानी है हाइड्रोजन ट्रेन
देश की पहली हाइड्रोजन रेल भी इसी रूट पर चलाई जानी है। यह ट्रेन जींद-गोहाना होते हुए सोनीपत तक जाएगी। दरअसल जींद से पांडू पिंडारा स्टेशन तक पानीपत व सोनीपत रेलवे लाइन के लिए एक ही ट्रैक है। यहां से दोनों ट्रैक अलग हो जाते हैं। जींद से पानीपत के रास्ते रोहतक तक यात्री गाड़ियों का परिचालन होता है।
फिलहाल जींद से पानीपत- रोहतक के बीच अप और डाऊन में 6 ट्रेन चलती हैं। इनमें से 3 ट्रेन जींद से पानीपत की ओर जाती हैं, जबकि 3 रोहतक- पानीपत के रास्ते जींद तक जाती हैं। इसी प्रकार जींद से गोहाना-सोनीपत के बीच भी 3 यात्री गाड़ियों का परिचालन एक ओर से होत है। इसके अलावा इस रूट पर एक एक्सप्रेस गाड़ी फरक्का एक्सप्रसे भी इसी रूट पर चलती है।
आने वाले दिनों में बढोगा ट्रैफिक
दरअसल सोनीपत को सरकार एनसीआर का बड़ा ट्रांजिट हब बनाने जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में सोनीपत पूरे उत्तर भारत के लिए बड़ा केंद्र बन कर उभरेगा। यहां एक साथ ट्रेन, बस, रैपिड मैट्रो और बुलेट ट्रेन से यह शहर जुड़ेगा।
यहां से दूसरे शहरों और आसपास के क्षेत्रों के जाने के लिए स्थानीय स्तर पर भी यातायात व्यवस्था का प्रबंध किया जाना है। इसकी दिशा में यह कदम माना जा रहा है। इसके लिए सोनीपत में बड़ा आधुनिक बस स्टैंड भी बनाया जाना है। यहां से एक साथ ही सभी यातायात माध्यमों का जुड़ाव होगा।










