18 April Mausam : अचानक बदला मौसम, हरियाणा सहित कई जगहों पर तेज आंधी के साथ बारिश
अब 2 दिन तूफानी रहेगा मौसम, आधे भारत में पड़ेगा मौसम पर असर
18 April Mausam : मौसम में लगातार बदलाव चल रहा है। पिछले कुछ दिन से भयंकर गर्मी झेल रहे लोगों को शुक्रवार दोपहर बाद राहत मिली। हालांकि अभी भी गेहूं की कटाई से लेकर उठान तक का काम पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में बारिश से भारी नुकसान की आशंका है। वहीं हरियाणा सहित कई क्षेत्रों में आंधी के साथ बारिश हुई है। वहीं मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि आने वाले दो दिन यानी 18 व 19 अप्रैल को भी मौसम तूफानी रहने वाला है। इसका असर आधे भारत पर पड़ेगा।
दरअसल मौसम विभाग ने पहले ही 17 अप्रैल को मौसम परिवर्तनशील होने का पूर्वानुमान दिया था। इसके अनुसार ही दोपहर करीब 12 बजे मौसम बदलना शुरू हो गया। इसके कुछ देर बाद तेज हवाएं शुरू हुई और हरियाणा के कई जिलों में बूंदाबांदी भी हुई।
ऐसे में मंडी में पड़े गेहूूं की बारिश से सुरक्षा के लिए काफी मशक्कत हुई। वहीं अभी कई किसानों का गेहूं खेत में है। बारिश हाेने से इसको नुकसान होने की आशंका है। भिवानी जिला निवासी किसान अनिल कुमार का कहना है कि उसका करीब एक एकड़ गेहूं अभी कटाई से बचा है। बारिश होने से काफी नुकसान हो सकता है।
गंभीर हो सकती है लू की स्थिति
वहीं मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग आईएमडी 18 व 19 अप्रैल को हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान के कई हिस्सों में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में गर्मी और लू की स्थिति बन सकती है।
पहाड़ों में नया पश्चिमी विक्षोभ
वहीं मौसम विभाग का कहना है कि हिमालय के पर्वतीय क्षेत्रों में अगले 72 घंटों में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से उत्तराखंड के साथ हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में आंधी के साथ ओलावृष्टि और बर्फबारी हो सकती है। अगले 2 दिनों में देश के पूर्वोत्तर क्षेत्रों में भी तूफान के साथ बारिश की संभावना बन रही है। हालांकि दक्षिण भारत लू की चपेट में रहेगा।
राजस्थान में बारिश के साथ गिरे ओले
वहीं शुक्रवार यानी 17 अप्रैल को मौसम में बड़ा परिवर्तन देखने को मिला। उत्तर पश्चिमी राज्य राजस्थान में दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इससे भीषण गर्मी से राहत मिली है। हालांकि राजस्थान में किसानों का अधिकतर कार्य पूरा हो चुका है।
इसके बावजूद मंडियों में फसल रखी गई है। हालांकि वीरवार को भीषण गर्मी रही, लेकिन शुक्रवार को दोपहर बाद मौसम बदलने से कुछ राहत मिली है। हरियाणा में भी कई क्षेत्रों में बारिश और ओले गिरे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान के साथ मध्यप्रदेश में भी अगले 2 दिन तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में भी मिलेगी गर्मी से हल्की राहत
वहीं मौसम में आए बदलाव के कारण अगले 2 दिन तक दिल्ली-एनसीआर में भी गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। पिछले 2 -3 दिन से तापमान में काफी वृद्धि दर्ज की गई है। क्योंकि वीरवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री तक पहुंच गया।
यह सामान्य से करीब 3 डिग्री अधिक रहा। हालांकि अगले 2 दिन तक कुछ राहत मिल सकती है। इसके बाद फिर से मौसम गर्म होगा। इसके साथ ही वायु गुणवत्ता पर भी इसका असर पड़ेगा। क्योंकि पिछले कई दिन से दिल्ली में हवा की गुणवत्ता काफी गंभीर बनी हुई है। अब फिर से प्रदूषण बढ़ जाएगा।
इस बार जल्द आ सकता है प्री-मानसून
वहीं मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर यह आई है कि इस बार प्री-मानसून जल्दी आ सकता है। माना जा रहा है कि जून महीने में ही इसकी एंट्री हो जाएगी। हालांकि जून महीने में देश के उत्तर पश्चिम हिस्सों में भीषण लू की स्थिति रहेगी। हालांकि इस दौरान दक्षिण और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में बारिश होनी शुरू हो जाएगी।










