18 may weather : हरियाणा में 22 तक रहेगा भीषण गर्मी का प्रकोप, राहत की उम्मीद नहीं

तापमान में 4 डिग्री तक वृद्धि की संभावना, लू करेगी बेहाल

18 may weather : हिसार : मई का महीना आधा बीत गया है और भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिन हरियाणा प्रदेश में मौसम की दृष्टि से काफी परेशानी भरे रहेंगे। क्योंकि सूखी और गर्म हवाओं के कारण तापमान में 4 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। हरियाणा कृषि मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. एमएल खीचड़ के अनुसार अभी मौसम में बदलाव की कोई संभावना नहीं बन रही है।

हालांकि पिछले सप्ताह तक मौसम में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि हुई। इसके कारण तापमान में भी काफी कमी रही। विशेषकर रात का तापमान सामान्य रहा, लेकिन अब आने वाले दिनों में दिन के तापमान के साथ रात के तापमान में भी वृद्धि होगी।

शुष्क रहेगा मौसम, बढ़ेगा पारा

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी प्रदेश के मौसम शुष्क रहेगा। प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसके साथ ही इस सप्ताह में यानी 22 मई तक भीषण गर्मी की स्थिति रहेगी। भारतीय मौसम विभाग के चंडीगढ़ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय का कहना है कि अभी मौसम पूरी तरह से शुष्क ही रहेगा। यहां तक की आने वाले 3 से 4 दिन तक तापमान में लगातार वृद्धि होगी। ऐसे में तापमान 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। प्रदेश कुछ हिस्सों में तापमान 44 डिग्री तक दर्ज किया गया है। साथ ही गर्म हवाएं भी बेहाल करेंगी।

लू करेगी परेशान, लोगों से लेकर फसलों तक पर प्रभाव

इस दौरान मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में लू की भी चेतावनी जारी की है। 18 मई यानी सोमवार से इसका असर प्रदेश भर में दिखा भी है। यही सिलसिला अब आने वाले 3 से 4 दिन तक रहेगा। विशेष कर दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़ के साथ राजस्थान के साथ लगते जिले जैसे हिसार, भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद, रेवाड़ी, जींद, गुुरुग्राम, झज्जर, गुरुग्राम, पलवल, राेहतक और फरीदाबाद में लू की चेतावनी जारी की गई है। यानी आधे से अधिक हरियाणा लू की चपेट में रहेगा।

सिरसा सबसे अधिक गर्म जिला

17 मई की बात की जाए तो हरियाणा प्रदेश में सबसे अधिक गर्म जिला सिरसा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि सिरसा का अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं 18 मई यानी सोमवार को तापमान इससे भी पार चला गया। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में यह सामान्य तापमान से करीब 1 डिग्री अधिक है। वहीं अभी बारिश का कोई आसार नहीं बन रहा है।

लू से बचाव के लिए सावधानी जरूरी

मौसम विभाग द्वारा जारी की गई लू की चेतावनी पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से लू से बचाव के लिए जानकारी दी है। रोहतक के वरिष्ठ चिकित्सक डा. मनोज कुमार का कहना है कि इस मौसम में लापरवाही भारी पड़ सकती है। ऐसे में प्रयास करें कि दोपहर के समय विशेष कर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर नहीं निकलें। यदि निकलना भी पड़े तो सीधे गर्म हवा से बचाव का प्रबंध जरूर करें। पर्याप्त पानी पीएं और अधिक ठंडी चीजों के सेवन से बचें। छोटे बच्चों को कभी सीधे लू के संपर्क में नहीं आने दें।

किसान रखें खास ध्यान

कृषि विशेषज्ञ डा. राजेश शर्मा के अनुसार लू की स्थिति में फसलों को काफी नुकसान हो सकता है। विशेषकर अभी सब्जियों की फसल अधिक हैं। ऐसे में किसानों को उचित प्रबंधन करना चाहिए। कभी भी सुबह या दोपहर के समय सिंचाई नहीं करें। इससे फसल खराब होने का खतरा रहता है।

मौसम ठंडा होने के बाद हल्की सिंचाई करें। ताकी खेत में पानी खड़ा नहीं हो। यह पानी गर्म हो कर फसल को नुकसान करेगा। इसके अलावा कपास के किसान भी हल्की सिंचाई कर सकते हैं। वहीं जिन किसानों को धान की रोपाई करनी है, वे अपने खेत तैयार कर सकते हैं। इस समय खेत में गोबर की खाद डाल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button