Petrol Rationing : चंडीगढ़ में पेट्रोल की राशनिंग में कितनी है सच्चाई, क्या लिमिट से मिल रहा है पेट्रोल
पेट्रोल पंप पर लगे नोटिस के बाद लोगों में हड़कंप, चर्चाओं के बीच प्रशासन का दावा, ईंधन की नहीं कमी
Petrol Rationing : खाड़ी के देशों में चल रहे तनाव के बीच विश्व भर में ऊर्जा संकट की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में सोमवार को चर्चा चली कि हरियाणा और पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में भी पेट्रोल की राशनिंग शुरू हो गई है। इसको कारण था चंडीगढ़ में सेक्टर-17 स्थित एक पेट्रोल पंप पर लगाया गया नोटिस।
इस नोटिस में लिखा है कि दोपहिया वाहनों को सिर्फ 500 रुपये का पेट्रोल दिया जाएगा और चार पहिया वाहनों को 1500 रुपये का। हालांकि यह नोटिस चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से नहीं था, लेकिन इससे लोगों में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। इसी नोटिस के कारण यह चर्चा भी शुरू हो गई कि चंडीगढ़ में पेट्रोल राशनिंग शुरू हो गई है।
पंप मालिक ने लगाया नोटिस
हालांकि जब यह खबर फैली तो प्रशासन भी हरकत में आया। इसका पता करने पर सामने आया कि दुपहिया वाहनों को 500 और चार पहिया वाहनों को 1500 रुपये का पेट्रोल देने का फैसला पंप मालिक ने ही लिया था। इसके लिए प्रशासन और सरकार की ओर से कोई आदेश नहीं दिए गए।
सप्लाई में देरी के कारण फैसला
वहीं जब यह पंप चर्चा का विषय बन गया तो पेट्रोल पंप संचालक की ओर से बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और पेट्रोल की आपूर्ति में देरी के कारण यह फैसला सिर्फ एहतियात के तौर पर लिया गया है। क्योंकि पेट्रोल लेकर उनके पास भी देरी से गाड़ियां पहुंच रही हैं। हालांकि उन्होंने माना की पेट्रोल पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल रहा है। इसके चलते ही यह फैसला लिया गया है।
एक ही पेट्रोल पंप पर ऐसी स्थिति
वहीं चंडीगढ़ में सेक्टर 17 स्थित एक ही पेट्रोल पंप पर ऐसी स्थिति रही। अन्य सभी पेट्रोल पंप सुचारू तरीके से लोगों को जरूरत के अनुसार पेट्रोल देते रहे। सेक्टर 18 के एक पेट्रोल पंप मालिक ने बताया कि फिलहाल आपूर्ति में कोई दिक्कत नहीं है। बेशक कुछ जगहों पर ऐसी स्थिति हो सकती है। इसके कारण ही भविष्य को देखते हुए किसी पंप संचालक द्वारा ऐसा फैसला लिया गया है।
पेट्रोल की नहीं कोई कमी
वहीं इस मामले में चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से भी स्थिति साफ कर दी गई। प्रशासन ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कमी नहीं है। न ही प्रशासन द्वारा फिलहाल राशनिंग की कोई व्यवस्था की गई है। चंडीगढ़ के उपायुक्त निशांत कुमार यादव के अनुसार पेट्रोल और डीजल को लेकर प्रशासन द्वारा कोई सीमा तय नहीं की गई है। न ही किसी प्रकार का प्रतिबंध लगाया गया है। यहां तक कि पेट्रोल व डीजल आपूर्ति करने वाली कंपनियों से भी इस बारे में जानकारी ली गई है। फिलहाल किसी भी स्तर पर कमी नहीं है।
खपत में हुआ इजाफा
हालांकि फिलहाल चल रही स्थिति को देखते हुए पेट्रोल की खपत में काफी इजाफा हुआ है। चंडीगढ़ के डेराबस्सी स्थित एक पेट्रोल पंप संचालक रमेश सिंह ने बताया कि फिलहाल आपूर्ति तो सुचारू है, लेकिन खपत बढ़ गई है। पेट्रोल और डीजल दोनों की मांग बढ़ रही है। पेट्रोल में प्रतिदिन करीब 3 से 4 हजार लीटर की बिक्री का इजाफा हुआ है, जबकि इतना ही डीजल भी अधिक लग रहा है।
इसका मुख्य कारण लोगों में पेट्रोल की राशनिंग की योजना की चिंता है। हालांकि पिछले दिनों पेट्रोल की कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। साथ ही ऐसी चर्चाएं भी चल रही हैं कि दोबारा भी कीमत बढ़ सकती हैं। ऐसे में लोग अधिक ईंधन ले रहे हैं।










