ACB Raid : हरियाणा में 50 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा होमगार्ड का अधिकारी

हरियाणा डायरी, चंडीगढ़। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम (ACB Raid) ने रेवाड़ी में होमगार्ड के अधिकारी को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी कमांडेंट के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार रेवाड़ी में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड कमांडेंट सुधीर को 50 हजार रुपए की रिश्वत के साथ रंगे हाथ पकड़ा है। आरोप है कि सुधीर ने सस्पेंड चल रहे होमगार्ड को दोबारा से ज्वाइनिंग के नाम पर रिश्वत मांगी थी। 1 लाख 50 हजार में सौदा तय हुआ था और 80 हजार रुपए पहले ले चुका था।

बाकी बची राशि में से 50 हजार रुपए के लिए आरोपी ने कार्यालय में बुला लिया और रुपए गढ़ी बोलनी रोड पर ऑफिस की मेज के दराज में रखने के लिए कहा। तभी एसीबी ने कैश के साथ आरोपी को पकड़ लिया। यह मामला सामने आने के बाद एक दूसरे होमगार्ड ने भी 5 लाख रुपए लेकर नौकरी दिलवाने की बात कही है। अब एसीबी इस मामले की भी जांच करेगी और इसकी तह तक जाएगी।

10 माह पहले सस्पेंड हुआ था होमगार्ड का जवान

होमगार्ड के जवान सुरेश ने बताया कि 10 महीने पहले वह सस्पेंड हो गया था। हालांकि सस्पेंशन का कारण उसे बताया नहीं गया था। उसने आलाधिकारियों से सस्पेंशन का कारण जानना चाहा लेकिन उसे कोई जवाब नहीं मिला। इसी बीच कमांडेंट सुधीर ने कहा कि वह उसकी दोबारा से ज्वाइनिंग करवा देगा लेकिन इसके लिए डेढ़ लाख रुपए देने होंगे।

ACB Raid Home Guard officer caught red-handed
ACB Raid Home Guard officer caught red-handed

होमगार्ड जवान ने कहा कि उसके पास इतने रुपए नहीं हैं तो किस्तों में रुपए देने की बात हुई। पहले उसने 80 हजार रुपए दे दिए। इसके बाद 50 हजार रुपए का जुगाड़ किया। कमांडेंट डेढ़ लाख से नीचे नहीं आ रहा था तो उसने परेशान होकर एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी। इसके बाद जाल बिछाकर सुधीर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

एसीबी इंस्पेक्टर जयपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि दोबारा से ज्वाइनिंग के लिए रिश्वत मांगने के आरोप की शिकायत आई थी। शिकायत सही पाए जाने के बाद कमांडेंट को पकड़ने की योजना बनाई। वीरवार को कमांडेंट ने जब सस्पेंड होमगार्ड जवान से मांगे गए 50 हजार रुपए ऑफिस में अपनी टेबल के दराज में रखवाए तो इशारा मिलने पर पैसों के साथ उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button