Julana ROB : जुलाना रेलवे ओवरब्रिज को मिली मंजूरी, DPR तैयार, सांसद सतपाल ब्रह्मचारी के प्रयास लाए रंग
हरियाणा डायरी, जींद।
Julana ROB Approve : हरियाणा के जींद जिले के जुलाना क्षेत्र में दिल्ली बठिंडा रेलवे लाइन से क्रॉसिंग के लिए रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) मंजूर हो गया है। रेलवे मंत्रालय की तरफ से सोनीपत लोकसभा सांसद सतपाल ब्रह्मचारी को लिखे पत्र के माध्यम से बताया गया है कि ROB मंजूर हो गया है और इसकी डीपीआर तैयार की गई है। सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने इसका मुद्दा भी संसद में उठाया था और अब उनके प्रयास रंग लाए हैं।
दरअसल 9 मार्च 2026 को सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने लोकसभा में नियम 377 के तहत मामला उठाते हुए जुलाना में दिल्ली-बठिंडा रेलवे लाइन के समपार फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग की थी। अब रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी को पत्र भेजकर इसकी मंजूरी की जानकारी दी है।
Julana ROB : HSRDC के साथ मिलकर रेलवे बनाएगा ओवरब्रिज
रेल मंत्रालय की ओर से भेजे गए पत्र में बताया गया है कि समपार संख्या 91-सी (किमी 101/27-29 एवं 101/28-30), दिल्ली-बठिंडा रेलखंड पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज के लिए स्थल व्यवहार्यता परीक्षण पूरा हो चुका है तथा डीपीआर तैयार कर ली गई है। यह परियोजना हरियाणा स्टेट रोड्स एंड ब्रिजेज डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HSRDC) के साथ लागत साझाकरण के आधार पर क्रियान्वित किए जाने के लिए प्रस्तावित है।
सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि ओवरब्रिज बनने से जुलाना क्षेत्र के लोगों को रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलेगी। इसके साथ ही दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी और लोगों का आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार संसद में आवाज उठाते रहेंगे।
Julana ROB : जल्द ही गोहाना क्षेत्र की मांग भी लोकसभा में गुंजेगी
कांग्रेस सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि सोनीपत लोकसभा क्षेत्र की जनता की आवाज को संसद में मजबूती से उठाना और क्षेत्र के विकास कार्यों को गति प्रदान करना उनकी प्राथमिकता है। सांसद ने कहा कि यह निर्माण कार्य जल्दी शुरू हो जाएगा और कम से कम समय में बनकर तैयार हो जाएगा। केंद्र सरकार से आने वाली अन्य योजनाओं, जिससे सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के लोगों को लाभ मिल सके ऐसी योजना को वह समय-समय पर संसद में उठाते रहेंगे।
सांसद ने ये भी बताया कि आने वाले लोकसभा सत्र में गोहाना रोड से सटे रिहायशी क्षेत्र में स्थित बायोगैस प्लांट को बंद कराने का मामला लोकसभा में उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कई कालोनियों और कई गांव के लोगों ने बायोगैस प्लांट को यहां से हटाने की मांग संसद में उठाने की मांग की है। सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा है कि रिहायशी क्षेत्र में बायो गैस प्लांट लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है और संसद में इस आवाज को बुलाकर इस यहां से हटाने के लिए प्रयास किया जाएगा। सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि उनके लिए सोनीपत लोकसभा क्षेत्र की जनता के हित सर्वोपरि है।










