Railway News : कोहरे के चलते 3 महीने कैंसिल रहेंगी दिल्ली-जींद पैसेंजर ट्रेन
Railway News : जींद : धुंध के चलते जींद- दिल्ली रूट पर चलने वाली छह ट्रेन रद रहेंगी। 54031-34 दिल्ली-जींद पैसेंजर ट्रेन एक दिसंबर से लेकर 28 फरवरी तक तीन महीने रद रहेगी। 15909-10 अवध-आसाम पैसेंजर ट्रेन निर्धारित दिनों में ही रद रहेगी। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ट्रेन नंबर 54031 दिल्ली-पैसेंजर दोपहर 12 बजे पुरानी दिल्ली से चलती है, जो दया बस्ती, शकूरबस्ती, मुंडका, बहादुरगढ़ के रास्ते सापला, रोहतक, समर गोपालपुर होते हुए जुलाना, जैजैवंती, किनाना के रास्ते जींद दोपहर लगभग सवा चार बजे पहुंचती है। इसके अलावा ट्रेन नंबर 54034 दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे जींद से चलती है, जो रात लगभग पौने आठ बजे दिल्ली पहुंचती है।
यह दो ट्रेन रद रहने पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। क्योंकि जींद से काफी व्यापारी व अन्य कर्मचारी इन ट्रेनों में सफर करते हैं। तीन महीने ट्रेन रद रहने पर यात्रियों को बसों का सहारा लेना पड़ेगा। 15909-10 अवध-आसाम एक्सप्रेस ट्रेन भी तीन महीने अलग- अलग दिनों में रद रहेगी।

Railway News : ये है ट्रेन की टाइमिंग
ट्रेन नंबर 15909 सुबह दस बजे डिब्रूगढ़ से चलती है, जो किशनगंज, नारायणपुर, मुज्जफरनगर, गाजियाबाद, दिल्ली होते हुए शाम सवा छह बजे जींद जंक्शन पर पहुंचती है। यह जाखल, बठिंडा के रास्ते होते हुए सुबह साढ़े चार बजे के बाद लालगढ़ पहुंचती है। इसी प्रकार 15910 रात सात बजकर 50 मिनट पर लालगढ़ से चलकर सुबह लगभग साढ़े चार बजे जींद पहुंचती है, जो दोपहर दो बजकर पांच मिनट पर डिब्रूगढ़ पहुंचती है।
Railway News : इन दिनों में अवध-आसाम ट्रेन रहेगी रद
ट्रेन नंबर 15909 दिसंबर माह में छह, 13, 20, 27, जनवरी माह में तीन, 10, 17, 24, 31, फरवरी माह में सात, 14, 21 व 28 तारीख को रद रहेगी। इसके अलावा 15910 दिसंबर माह में नौ, 16, 23, 30, जनवरी माह में छह, 13, 20, 27 और फरवरी माह में तीन, 10, 17 और 24 व मार्च माह में एक तारीख को रद रहेगी।
Railway News : धुंध के चलते ट्रेन रहेगी रद
जींद रेलवे जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक जेएस कुंडू के अनुसार धुंध के चलते रेलवे ने कुछ ट्रेन रद रखने का निर्णय लिया गया है। जिसके बारे में रेलवे की तरफ से सूचित कर दिया गया है। जैसे ही स्थिति सामान्य होगी और ट्रेनों का संचालन सुचारू रूप से जारी होगा, तो यात्रियों को अवगत करवा दिया जाएगा।










