Gold Silver Price : सोना-चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट
दो दिन में आसमान से जमीन पर आए भाव

Gold Silver Price : देश के सर्राफा बाजार में पिछले दो दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है, जिससे निवेशकों और आम खरीदारों में हलचल मच गई है। जहां कुछ दिन पहले तक सोना और चांदी रोजाना दो से चार हजार रुपये की तेजी के साथ नए रिकॉर्ड बना रहे थे, वहीं अब अचानक आई गिरावट ने पूरी तस्वीर बदल दी है।
बता दें कि आज यानि 2 फरवरी 2026 को सोने का भाव 1.48 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के आसपास आ गया है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, 24 कैरेट सोने का भाव घटकर 1 लाख 48 हजार 697 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया है। इससे पहले 31 जनवरी को 24 कैरेट सोना 1 लाख 68 हजार 475 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। यानी महज एक दिन में सोने की कीमत में 20 हजार रुपये से अधिक की बड़ी गिरावट देखने को मिली है।
Gold Silver Price : चांदी की कीमतें अर्श से फर्श पर
चांदी की कीमतों में तो इससे भी ज्यादा बड़ा झटका देखने को मिला है। 2 फरवरी को चांदी का भाव घटकर 2 लाख 65 हजार 751 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। जबकि 30 जनवरी तक चांदी करीब 3 लाख 57 हजार रुपये प्रति किलो के आसपास बिक रही थी। 29 जनवरी को तो चांदी ने 3 लाख 85 हजार 933 रुपये प्रति किलो का स्तर छू लिया था। बीते डेढ़ महीने में चांदी ने जो तेजी दिखाई थी, वह लगभग एक ही दिन में खत्म हो गई।

IBJA के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 23 कैरेट सोना 1 लाख 48 हजार 102 रुपये, 22 कैरेट सोना 1 लाख 36 हजार 206 रुपये, 18 कैरेट सोना 1 लाख 11 हजार 523 रुपये और 14 कैरेट सोना 86 हजार 988 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। वहीं चांदी 999 शुद्धता में 2 लाख 65 हजार 971 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज की गई है। प्लेटिनम की कीमत भी घटकर करीब 70 हजार रुपये रह गई है।
Gold Silver Price : हरियाणा में सोने चांदी की कीमतें क्या हैं
हरियाणा के प्रमुख शहरों की बात करें तो गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, जींद, कैथल, सोनीपत, अंबाला, करनाल और भिवानी जैसे शहरों में बाजार खुलते ही सोने-चांदी के भाव में गिरावट देखने को मिली। यहां 24 कैरेट सोना करीब 1 लाख 55 हजार 610 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना लगभग 1 लाख 48 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास रहा।
हालांकि प्रदेश में चांदी के भाव अभी भी करीब 3 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास बने हुए हैं। सर्राफा बाजार से जुड़े जानकारों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव, मुनाफावसूली और मांग में कमी के चलते यह गिरावट देखने को मिली है। आने वाले दिनों में कीमतों में और उतार-चढ़ाव की संभावना जताई जा रही है।










