Haryana government’s announcement for youth : डीसी, एसडीएम और जज बनने में मदद करेगी हरियाणा सरकार, प्री एग्जाम पास करने वाले युवाओं को मिलेगी सहायता
मुख्यमंत्री युवा प्रतिभा प्रोत्साहन योजना के तहत 25 से 70 हजार रुपये तक मिलेगी मदद
Haryana government’s announcement for youth : हरियाणाा प्रदेश के होनहार युवाओं के लिए प्रदेश सरकार ने खास योजना शुरू की है। इसके तहत सरकार ऐसे युवाओं को आर्थिक मदद देगी, जोयूपीएससी, एचपीएससी और ज्यूडिशरी के प्री-एग्जाम उत्तीर्ण करेंगे। इससे युवा अपने आगे की परीक्षाएं उत्तीर्ण करने के लिए अच्छी कोचिंग ले सकेंगे। यह लाभ मुख्यमंत्री युवा प्रतिभा प्रोत्साहन योजना के तहत दिया जाएगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसकी घोषणा की है। मुख्यमंत्री युवा प्रतिभा प्रोत्साहन योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को लाभ दिया जाएगा। इसमें अलग-अलग श्रेणी के अनुसार 25 हजार से 70 हजार रुपये तक की वित्तीय सहायता देने की योजना है। ताकि प्रदेश के युवा सिविल व न्यायिक सेवा में अपनी सफलता के झंडे गाड़ सकें। यह घोषणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा 9 अप्रैल बुधवार को चंडीगढ़ में आयोजित संघ लोक सेवा आयोग द्वारा नव-चयनित हरियाणा के युवाओं के सम्मान समारोह के दौरान की।
77 युवाओं ने पास की है यूपीएससी की परीक्षा
गौरतलब है कि हरियाणा प्रदेश के 77 युवाओं ने इस बार संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास की है। इनमें हरियाणा के एकांश ढुल भी हैं, जो यूपीएससी की परीक्षा में तृतीय स्थान पर रहे हैं। वे पंचकूला में रहते हैं। ऐसे में सरकार की यह योजना ऐसे युवाओं को आगे बढ़ने में मदद करेगी, जो आर्थिक तंगी के कारण ऐसी प्रतिष्ठित परीक्षाएं देने में कमजोर रह जाते हैं।
किनको मिलेगी आर्थिक सहायता
इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने साफ किया कि संकल्प पत्र में ही मुख्यमंत्री युवा प्रतिभा प्रोत्साहन योजना को शुरू करने का प्रण लिया गया था। अब इसको धरातल पर उतारा जा रहा है। इसके तहत यूपीएससी, एचपीएससी और ज्यूडिशरी के प्री-एग्जाम उत्तीर्ण करने वाले ऐसे युवाओं को वित्तीय सहायता दी जाएगी, जिनके परिवारों की वार्षिक आय 1 लाख रुपये है।
इन परिवार से प्री- एग्जाम उत्तीर्ण करने वालों को 70 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं जिन परिवारों की आए 1.80 लाख रुपये तक है, उनको 60 हजार प्रोत्साहन के रूप में मिलेंगे। इसके अलावा वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक होने पर 50 हजार रुपये की सहायता मिलेगी और 5 लाख रुपये तक आय वाले परिवार के बच्चों को सरकार द्वारा 25 हजार रुपये की मदद दी जाएगी।
सरकारी विश्वविद्यालयों में दी जाएगी कोचिंग
साथ ही प्रदेश के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी विश्वविद्यालों में भी यूपीएससी एवं एचपीएससी जैसी परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग देने की योजना है। इसके लिए सभी सरकारी विश्वविद्यालयों में व्यवस्था की जा रही है। सांध्यकालीन पारी में ऐसी कक्षाएं शुरू होंगी।
2 दर्जन विश्वविद्यालय
हरियाणा प्रदेश में करीब 2 दर्जन सरकारी विश्वविद्यालय हैं। प्रदेश के अधिकतर जिले इससे कवर होते हैं। इसके चलते सरकारी विश्वविद्यालयों में कोचिंग मिलने से युवाओं को दूर भी नहीं जाना पड़ेगा। वे अपने घरों के पास रह कर ही कोचिंग का लाभ ले सकेंगे। सरकार का यह फैसला युवाओं को सिविल सेवा की ओर जाने के लिए प्रेरित करेगा।
ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए वरदान होगी योजना
सरकार की यह योजना विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए वरदान होने वाली है। क्योंकि ऐसे बच्चों को आसपास बेहतर कोचिंग की सुविधा नहीं मिल पाती। ऐसे में सरकारी विश्वविद्यालयों में कोचिंग के साथ प्री-एग्जाम पास करने पर आर्थिक मदद युवाओं को आगे बढ़ने में मदद करेगी। प्रदेश से हर साल काफी संख्या में बच्चे सिविल परीक्षा पास करते हैं। सरकार की इस योजना से उम्मीद है कि इनकी संख्या में और अधिक इजाफा होगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में सिविल परीक्षा के प्रति युवाओं का उत्साह भी बढ़ेगा।










