19 May Weather : पाकिस्तान से आ रही हैं गर्म हवाएं, तप रहा उत्तर भारत, दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में देश के यह क्षेत्र

लगातार बढ़ रहे तापमान का असर हर किसी पर पड़ रहा है। गर्मी के कारण हालत यह हो गई है कि दोपहर के समय शहरों की व्यस्त सड़कों पर भी अघोषित क्रफ्यू लग जाता है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अभी आने वाले कुछ दिनों तक राहत की उम्मीद नहीं है।

19 May Weather :  पिछले कुछ दिनों में गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। इसके कारण देश के कई राज्य भीषण हीटवेव की चपेट में हैं। स्थिति ऐसी हो गई है कि भारत के कई शहर विश्व के सबसे गर्म क्षेत्रों में शामिल हो गए हैं। जिस प्रकार से गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है, ऐसे में तापमान 50 का आकंड़ा छूने की ओर चल रहा है। क्योंकि हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कई क्षेत्रों का तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पाकिस्तान की ओर से आ रही गर्म हवाएं लगातार तापमान बढ़ा रही हैं। ऐसे में गर्मी पुराने रिकार्ड तोड़ने वाली है। 19 मई 2026 यानी मंगलवार को उत्तर भारत के अधिकतर मैदानी क्षेत्रों में भीषण हीटवेव का असर रहा। मौसम की स्थिति बताने वाली वेबसाइट AQI.in के अनुसार मंगलवार दोपहर को भारत के कई क्षेत्र विश्व के 100 सबसे अधिक गर्म क्षेत्रों में शामिल हो गए हैं।

पश्चिमी हवाओं के कारण बदली स्थिति

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक राजेश कुमार के अनुसार पिछले कुछ दिनों से पूर्वा हवा चल रही थी, लेकिन अब यह पूरी तरह से बंद हो कर पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इसके कारण ही मौसम अचानक गर्म हो गया है। फिलहाल पाकिस्तान से राजस्थान होते हुए उत्तर-पश्चिमी हवाएं तापमान बढ़ रही हैं। क्योंकि यह हवा शुष्क होती है और गर्मी के कारण और अधिक प्रभावित करती है। इसके कारण ही मैदानी क्षेत्रों में लू की स्थिति बनी हुई है।

फसलों पर पड़ रहा प्रभाव

लगातार गर्मी बढ़ रही है और इसके कारण इन सभी क्षेत्रों में फसलों पर भी गहरा प्रभाव पड़ रहा है। विशेषकर सब्जियों की फसल गर्मी से झुलस रही हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में उत्पादन पर भी असर पड़ सकता है। इससे सब्जियों की कीमतें बढ़ सकती हैं। साथ ही दूध के उत्पादन पर भी असर देखा जा रहा है। जींद के वीटा प्लांट में दूध की आपूर्ति कम हुई है।

यह भी पढ़ें : हरियाणा में 22 तक रहेगा भीषण गर्मी का प्रकोप, राहत की उम्मीद नहीं

यहां रहेगी लू की स्थिति

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिन या इस पूरे सप्ताह में गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। यहां तक की तापमान में 5 डिग्री की वृद्धि होने की आशंका है। आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार उत्तर भारत के क्षेत्र राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, एवं चंडीगढ़ में 3 मई तक लू की स्थिति रहेगी। वहीं यूपी के कई क्षेत्र लू की चपेट में रहेंगे। राजस्थान के अधिकतर क्षेत्र पहले ही भीषण गर्मी की चपेट में हैं और यही क्रम 23 मई तक रहेगा। इसके अलावा मध्य भारत की बात करें तो मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 21 मई तक लू चलेगी।

भीषण गर्मी की चपेट में बड़े शहर

देश के कई बड़े शहर फिलहाल भीषण गर्मी की चपेट में हैं। या यूं कहें कि ग्लोबल हीट चार्ट में छाए हुए हैं। इसमें चंडीगढ़ जैसे शहर भी शामिल हैं, जिनको कुछ ठंडा माना जाता है। हालांकि दिल्ली, फरीदाबाद, गुरुग्राम, आगरा, वाराणसी, नागपुर जैसे कई शहरों ने इस सूची में जगह बनाई है।

ग्लोबल हीट चार्ज की बात की जाए तो देश के तीन शहर सबसे अधिक गर्म रहे हैं। इसमें उत्तर प्रदेश के औरैया, बांदा और इटावा शामिल हैं। यहां पर तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि उत्तर प्रदेश के ही अलीगढ़, मैनपुरी हरियाणा के कुरुक्षेत्र, पानीपत, जींद और करनाल में तापमान 45 डिग्री से पार निकल गया।

सुबह से ही बरस रही आग

मौसम की मार ऐसी है कि सुबह सूरज निकलने के साथ ही आसमान से आग बरसने लगती है। सुबह 11 बजे ही गर्मी जानलेवा हो रही है। मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली और इसके के साथ लगते गुरुग्राम, फरीदाबाद में तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 24 मई तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में भीषण गर्मी की स्थिति रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button