9th 11th exam : देश के इस राज्य में 9वीं और 11वीं की परीक्षा भी बोर्ड पैटर्न पर लेने का फैसला
सुरक्षा के लिए पुलिस थानों में रखे जाएंगे प्रश्न पत्र
9th 11th exam : शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने के लिए देश के एक राज्य ने बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत इस राज्य में 9वीं और 11वीं कक्षाओं की परीक्षा बोर्ड की तर्ज पर करवाई जाएंगी। इसके लिए सरकार ने खास प्रबंध भी किए हैं। इसके तहत प्रश्न पत्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस थाने में रखने की व्यवस्था की गई है।
यह फैसला लिया है मध्यप्रदेश के शिक्षा विभाग द्वारा। जी हां अब मध्यप्रदेश सरकार ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए काफी गंभीर प्रयास शुरू किए हैं। इसके तहत सरकारी स्कूलों की 9वीं और 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं इस बार बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है। परीक्षा के लिए व्यवस्था की गई है कि इनका संचालन और मूल्यांकन बहुत ही विशेष प्रकार से किया जाएगा। इसमें सावधानी के साथ-साथ पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाने का प्रबंध किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश लोक शिक्षा निदेशालय के अपर संचालक डीएस कुशवाहा का कहना है कि इससे पहले सिर्फ बोर्ड परीक्षाओं में इस प्रकार की व्यवस्था की जाती थी। इस दौरान मूल्यांकन केंद्रों के लिए उत्कृष्ट विद्यालयों का चयन किया गया है। साथ ही प्रत्येक जिले में उत्कृष्ट विद्यालयों को समन्वयक केंद्र के रूप में स्थापित किया गया है। साथ ही परीक्षा समाप्त होने पर परीक्षा केंद्र का अध्यक्ष को ही अपनी निगरानी में यह उत्तरपुस्तिकाएं समन्वय केंद्र के रूप में स्थापित किए गए उत्कृष्ट विद्यालयों में जमा करवाने होंगे। यहां से विकासखंड स्तर स्थित उपकेंद्रों में मूल्यांकन की प्रक्रिया चलेगी।
प्रश्न पत्र पहुंचने के लिए भी कड़ी व्यवस्था
शिक्षा विभाग द्वारा पूरी परीक्षा के लिए खास प्रबंध किए जा रहे हैं। इसमें प्रश्न पत्रों की सुरक्षा से लेकर नकल रहित परीक्षा करवाने की व्यवस्था की जा रही है। सबसे विशेष बात यह है कि प्रश्न पत्रों को 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा की तरह ही पुलिस थानों में सुरक्षित रखा जाएगा। गौरतलब है कि 9 वीं और 11वीं की परीक्षाओं के प्रश्न पत्र मध्य प्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा परिषद द्वारा तैयार करवाए गए हैं। साथ ही परीक्षा केंद्रों तक प्रश्न पत्र पहुंचने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी और केंद्राध्यक्षों को जिम्मेदारी दी गई है। जिस दिन परीक्षा होगी, उसी दिन केंद्राध्यक्ष की निगरानी में कड़ी सुरक्षा के बीच प्रश्न पत्र परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे।
प्रश्न पत्र वितरण का काम भी पुलिस की निगरानी में
इसके साथ ही शिक्षा विभाग यह भी सुनिश्चित कर रहा है कि इन परीक्षाओं में किसी भी स्तर पर नकल नहीं होने पाए। परीक्षा शुरू होने से ठीक 1 घंटा पहले ही प्रश्न पत्र को पुलिस थाने से निकाला जाएगा। इनको कड़ी सुरक्षा में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। प्रश्न पत्रों की सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए इनको परीक्षा शुरू होने से केवल 5 मिनट पहले ही विद्यार्थियों को प्रश्न पत्र वितरित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
23 फरवरी से शुरू हो रही हैं परीक्षा
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों की नौवीं और 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं 23 फरवरी से शुरू हो रही हैं। यह परीक्षाएं 17 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। मध्य प्रदेश में इस बार करीब 20 लाख विद्यार्थी परीक्षा देने वाले हैं। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 23 मार्च तक चलेगा। इसके बाद गैर बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम बोर्ड परीक्षाओं की तरह ही जारी किया जाएगा।
दोपहर को होंगी परीक्षाएं
9वीं और 11वीं कक्षा की परीक्षाएं इस बार पूरी तरह से सुरक्षित करवाने के सभी प्रबंध किए जा रहे हैं। इसके लिए परीक्षाएं दोपहर 1:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक परीक्षा ली जाएंगी। विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले पहुंचना होगा। वहीं प्रश्न पत्र के 4 सैट तैयार किए गए हैं। यह भी बोर्ड परीक्षाओं का ही पैटर्न है। नकल रोकने के लिए प्रश्न पत्र के ए, बी, सी और डी सैट तैयार हुए हैं।










