Cement Plant In Buxar : बिहार में औद्योगिक विकास का नया चरण शुरू, बक्सर में जेके सीमेंट का नया संयंत्र शुरू

लोगों का पायल रोकने में मिलेगी मदद, स्थानीय स्तर पर मिलेगा रोजगार

Cement Plant In Buxar : देश के आर्थिक पिछड़े राज्य के रूप में चर्चित रहने वाला बिहार अब औद्योगिक विकास के पथ पर तेजी आगे बढ़ रहा है। विधानसभा चुनाव के दौरान बिहार के लोगों का रोजगार के लिए दूसरे राज्य में पलायन बड़ा मुद्दा रहा। इसको लेकर अब सरकार बड़े स्तर पर स्थानीय उद्योगों काे विकसित कर रही है, ताकि लोगों को काम के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। सइके लिए अलग-अलग जिलों में औद्योगिक खंड भी विकसित किए जा रहे हैं। वहीं शनिवार 28 फरवरी को बिहार के बक्सर में जेके सीमेंट के नए संयंत्र का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उद्योग मंत्री डा. दिलीप जयसवाल ने किया।

शनिवार को हुए भव्य लोकार्पण से बिहार के इस क्षेत्र में नए आर्थिक विकास के युग की शुरूआत मानी जा रही है। क्योंकि इससे काफी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी कहा कि इस संयंत्र की स्थापना बक्सर सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि अब बिहार में माहौल औद्योगीकरण के अनुकूल बन चुका है। आने वाले समय में राज्य भर में उद्योगों का विकास तेजी से होगा।

उद्योगों की सुरक्षा के लिए सरकार गंभीर

इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह संयंत्र स्थानीय युवाओं को रोजगार देने में सहायक होगा। इसके चलते लोगों को काम की तलाश में दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा। उद्योगों की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर है। औद्योग‍िक सुरक्षा के लिए नई बटालियन बनाई जाएगी। इसके लिए सकरार काम कर रही है। इससे निवेशकों को परेशान करने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई तेज होगी।

बढ़ा है निवेशकों का भरोसा

कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री डा. दिलीप जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार की औद्योगिक नीति के चलते निवेशकों का भरोसा बढ़ा है इससे लगातार बिहार में नए निवेश प्रस्ताव भी सरकार के पास आ रहे हैं। क्योंकि सरकार उद्योगपतियों को हर प्रकार की सुविधा और सुरक्षा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सीमेंट संयंत्र से म‍िलेगा रोजगार

उन्‍होंने कहा कि सरकार की नीति और सहयोग से बिहार में उद्योगों का तेजी से विस्तार आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में जेके सीमेंट संयंत्र की स्थापना भी हुई है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। यह क्षेत्रीय विकास को नई गति देने वाली परियोजना साबित होगी। इस दौरान बिहार के औद्योगिक विकास को दर्शाती हुई 10 मिनट की डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई।

लगातार बढ़ रहा है रूझान

इससे पहले भी बिहार में लगातार औद्योगिक विकास बढ़ रहा है। अलग-अलग क्षेत्रों में निवेश आ रहा है। इसके तहत बिहार वस्त्र निर्माण के क्षेत्र में भी बड़ा केंद्र बन कर उभर रहा है। वहीं विभिन्न प्रकार के निर्माण और सेवा केंद्र भी तैयार हो रहे हैं। इसके लिए नए औद्योगिक क्षेत्र भी विकसित हो रहे हैं और पुराने औद्योगिक क्षेत्र भी फिर से गुलजार हो रहे हैं। अभी काफी संख्या में बिहार के लोग रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं। सरकार की योजना इस पलायन को रोकने की है। इसके लिए औद्योगिक नीति में काफी बदलाव हुए हैं। इसके परिणाम स्वरूप निवेशक बिहार का रूख कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button