Railway news : ‘मुख्यमंत्री तीर्थ योजना’ के तहत बुजुर्गों को बड़ी सौगात, अंबाला से चली स्पेशल ट्रेन
Railway news : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से ‘मुख्यमंत्री तीर्थ योजना’ के तहत बुजुर्गों के लिए एक विशेष ट्रेन को अयोध्या धाम के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर रेलवे स्टेशन पर भक्तिमय वातावरण देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में लोग अपने परिजनों को विदा करने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने रिबन काटकर ट्रेन को रवाना किया और यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा को सुखद और मंगलमय होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने इस पहल को प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि अंबाला की पावन धरती से अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई यह ट्रेन केवल यात्रियों को ही नहीं, बल्कि हरियाणा की गहरी आस्था और श्रद्धा को भी अपने साथ लेकर जा रही है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के दर्शन हर व्यक्ति के जीवन में विशेष महत्व रखते हैं और सरकार का प्रयास है कि बुजुर्गों को बिना किसी आर्थिक बोझ के इस पवित्र यात्रा का लाभ मिल सके। यह योजना न केवल धार्मिक भावनाओं को सशक्त करती है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का भी संचार करती है।

Railway news : अप्रैल के अंत तक चलेगी एक और स्पेशल ट्रेन
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों के लिए एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि अप्रैल महीने के अंत तक एक विशेष तीर्थ ट्रेन महाराष्ट्र स्थित तख्त श्री हजूर साहिब के लिए भी चलाई जाएगी। इससे प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को गुरुधाम के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी धर्मों और समुदायों की आस्था का सम्मान करते हुए ऐसी योजनाएं लगातार आगे भी लागू करती रहेगी।
वहीं, विपक्ष द्वारा पेट्रोल-डीजल की कमी और संभावित लॉकडाउन को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर मुख्यमंत्री ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है और आम जनता को किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और शांति व व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।










