haryana news : विनेश फोगाट से हारने वाले भाजपा नेता कैप्टन योगेश बैरागी को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
चंडीगढ़ में संभाला हरियाणा राज्य समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन पद का कार्यभार
haryana news : जींद जिला के जुलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के सामने चुनाव लड़ चुके भाजपा नेता कैप्टन योगेश बैरागी को सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। पिछले दिनों कैप्टन बैरागी को हरियाणा राज्य समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन नियुक्त किया गया था और वीरवार यानी 4 जून को उन्होंने कार्यभार संभाल लिया।
दरअसल चुनाव में मिली हार के बाद भी कैप्टन योगेश बैरागी अपनी विधानसभा क्षेत्र में लगातार डटे रहे। जुलाना में विपक्ष की विधायक होने के कारण कैप्टन योगेश बैरागी की सक्रियता काफी अधिक रही। ऐसे में अब हरियाणा राज्य समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन बनने के बाद उनकी पहुंच और भी अधिक हो जाएगी। वे आधिकारिक रूप से अपने कार्य कर सकेंगे।
पार्टी में दोबारा दिखाई अपनी ताकत
चैयरमैन पद लेकर कैप्टन योगेश बैरागी ने दोबारा पार्टी में अपनी ताकत दिखा दी है। दरअसल कैप्टन योगेश बैरागी शुरू से ही जींद जिला के अंतर्गत आने वाली सफीदों विधानसभा सीट से तैयारी कर रहे थे, लेकिन सफीदों का टिकट नारनौंद के पूर्व विधायक रामकुमार गौतम को मिल गया।
ऐसे में कैप्टन योगेश बैरागी ने अंतिम समय में जुलाना से टिकट पाने में सफलता हासिल की और वे बहुत ही मामूली अंतर से हार गए। उनको नए क्षेत्र में तैयारी और चुनाव लड़ने का समय करीब 1 सप्ताह ही मिला था। जुलाना से टिकट लेने के बाद अब चेयरमैन पद पाकर कैप्टन योगेश ने अपनी ताकत दिखा दी है।
चंडीगढ़ में संभाला कार्यभार
कैप्टन योगेश बैरागी ने वीरवार को को चंडीगढ़ सैक्टर 17 -डी स्थित हरियाणा राज्य समाज कल्याण बोर्ड कार्यालय में चेयरमैन पद का कार्यभार विधिवत रूप से ग्रहण किया। इस दौरान पार्टी के कई नेता, विधायक और मंत्री मौजूद रहे।
सेवा और उत्तरदायित्व का अवसर
कैप्टन योगेश बैरागी ने कहा कि यह पद उनके लिए कोई सम्मान नहीं, सेवा और उत्तरदायित्व का मौका है। पार्टी और सरकार के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताया है। इस विश्वास पर खरा उतरते हुए लोगों की सेवा करना ही लक्ष्य है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंत्योदय के संकल्प तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के जनकल्याण के विजन को आधार बनाकर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य किया जाएगा।
हर जरूरतमंद को मिलेगा बोर्ड की योजनाओं का लाभ
इस दौरान कैप्टन योगेश बैरागी ने कहा कि हरियाणा राज्य समाज कल्याण बोर्ड को महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, जरूरतमंदों एवं समाज के वंचित वर्गों के सशक्तिकरण का प्रभावी मंच बनाया जाएगा। इससे पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ सरल एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।










