Haryana news : हरियाणा सरकार का फैसला, 12 फीट की सभी सड़कें 18 फीट चौड़ी होंगी

हर 50 KM पर चार्जिंग स्टेशन बनेगा

हरियाणा डायरी, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार (Haryana news) ने प्रदेश के ग्रामीण और शहरी सड़क नेटवर्क को और ज्यादा बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाया है। इसके तहत प्रदेश में बची हुई 1544 किलोमीटर लंबी लिंक सड़कों को जल्द ही 12 फीट से बढ़ाकर 18 फीट चौड़ी किया जाएगा। सीएम नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को इस कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

आपको बता दें कि इस समय प्रदेश में लगभग 3240 किलोमीटर लंबी ऐसी लिंक सड़कें हैं जिनकी चौड़ाई 12 फीट है। इनमें से 1696 किलोमीटर सड़कें पहले से ही चौड़ीकरण प्रक्रिया में शामिल हैं, जबकि शेष 1544 किलोमीटर सड़कों पर भी जल्द काम शुरू किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य मार्च तक सभी निर्धारित सड़कों का विस्तार पूरा करना है।

हरियाणा विजन-2047 के तहत लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में सीएम सैनी ने निर्देश दिए कि सड़कों के किनारे स्पष्ट साइन बोर्ड, सफेद मार्किंग और मजबूत बर्म विकसित किए जाएं। साथ ही शहरों में धूल और प्रदूषण को कम करने के लिए सड़क किनारे हरित क्षेत्र विकसित करने तथा पेवर ब्लॉक लगाने की योजना पर तेजी से काम किया जाए।

Haryana news : पहले चरण में 138 सड़कों की चौड़ाई बढ़ेगी

पहले चरण में 368 किलोमीटर लंबाई की 138 सड़कों का चयन किया गया है। सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत, रोहतक और करनाल जैसे प्रमुख जिलों में नवंबर तक सड़क किनारे टाइल्स और ग्रीन बेल्ट विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

बैठक में रेलवे क्रॉसिंग को मानव रहित बनाने से जुड़ी परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन योजनाओं में रेलवे की मंजूरी बाधा बन रही है, उनकी सूची तैयार की जाए ताकि केंद्र स्तर पर समाधान निकाला जा सके।

प्रदेश में निर्माणाधीन 17 बाइपास परियोजनाओं में से चार का निर्माण पूरा हो चुका है। बाकी परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए गए हैं। कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड ट्रैक के नीचे हल्के वाहनों के लिए अलग सड़क विकसित करने की योजना भी तैयार की जाएगी।

Haryana news : 2028 तक हर छत पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य

सीएम नायब सिंह सैनी ने प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए महत्वाकांक्षी योजना पेश की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 तक सरकारी भवनों, गोदामों, मार्केट कमेटी शेड और निजी घरों सहित हर भवन पर सोलर पैनल लगाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

इस योजना को सफल बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी योजनाओं के साथ निजी क्षेत्र की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। उद्योगों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रोत्साहन योजनाएं तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Haryana news : हर 50 किलोमीटर पर मिलेगा ईवी चार्जिंग स्टेशन

इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने हर 50 किलोमीटर के दायरे में कम से कम एक ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। नए सरकारी भवनों में चार्जिंग स्टेशन अनिवार्य रूप से शामिल किए जाएंगे। इसके अलावा सभी भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button