Monti Youtuber : दादा-पिता से मिली सीख, आज सैकड़ों जीवों की जिंदगी बचा रहा मंजीत सांगवान
हरियाणा डायरी, भिवानी।
Monti Youtuber Story : अगर आप इंस्टाग्राम, फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म यूज करते हैं तो कभी न कभी मोंटी यूटयूबर की वीडियो आपके सामने आई ही होगी। मोंटी केवल हंसी मजाकिया वीडियो बनाने वाला ही इंसान नहीं है। उसकी जिंदगी का एक दूसरा पहलु भी है, ये पहलु है बेजुबानों के प्रति प्यार। दादा-पिता से मिली सीख के बाद मोंटी सैकड़ों बेजुबानों की जिंदगी बचा चुका है।
हरियाणा के भिवानी जिले के बवानीखेड़ा क्षेत्र निवासी मंजीत सांगवान उर्फ मोंटी को लोग प्यार से जीवन रक्षक कहने लगे हैं, क्योंकि मोंटी अब तक सैकड़ों सांपों, पक्षियों और अन्य वन्य जीवों को सुरक्षित बचाकर उनके प्राकृतिक आवास तक पहुंचा चुका है। मोंटी ने जीव-जंतुओं की सुरक्षा को अपना मिशन बना लिया है। खेती-किसानी से जुड़े परिवार में जन्मे मंजीत को बचपन से ही जीवों के प्रति लगाव रहा। उनके दादा और पिता भी घायल या संकट में फंसे जीवों की मदद करते थे। इसी प्रेरणा ने मंजीत को वन्यजीव संरक्षण के रास्ते पर आगे बढ़ाया।
Monti Youtuber Story : सोशल मीडिया से मिली पहचान
मंजीत उर्फ मोंटी जब भी किसी सांप, पक्षी या अन्य वन्य जीव का रेस्क्यू करते हैं, उसकी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। उनकी वीडियो और तस्वीरें लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हुईं। आज यूट्यूब, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उनके लाखों प्रशंसक हैं, जो उनके कार्यों की सराहना करते हैं। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई लोग उन्हें अपना आदर्श मानते हैं। स्थानीय स्कूलों के बच्चे तक उनके कार्यों से प्रेरित होकर वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक हो रहे हैं।

Monty Youtuber Story : 40 गांवों में रेस्क्यू का नेटवर्क
मंजीत मोंटी केवल अपने गांव तक सीमित नहीं हैं। बवानीखेड़ा और आसपास के करीब 40 गांवों से जब भी किसी सांप या वन्य जीव के फंसने की सूचना मिलती है, लोग सबसे पहले उन्हें ही बुलाते हैं। उन्होंने अब तक विभिन्न प्रजातियों के सैकड़ों सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया है। कुछ लोग उन्हें स्नेक मैन भी कहने लगे हैं, क्योंकि वह रेसल वाइपर, कॉमन क्रेट, रैट स्नेक, कोबरा, वुल्फ स्नेक और कई अन्य प्रजातियों के सांपों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ चुके हैं। मोंटी का मानना है कि अधिकांश सांप जहरीले नहीं होते और अनावश्यक डर के कारण लोग उन्हें मार देते हैं।
Monti Youtuber Story : 11 फीट लंबे अजगर का भी किया था रेस्क्यू
मोंटी ने एक साल पहले अनाज मंडी से 11 फीट लंबे अजगर का भी रेस्क्यू किया था, जिसके बाद वह आसपास के क्षेत्र में काफी फेमस हो गए थे। अजगर को देखने के लिए सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए थे, लेकिन मंजीत ने धैर्य और सावधानी से उसे सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। ऐसा नहीं है कि मोंटी केवल जीव जंतुओं का रेस्क्यू करते हैं। वह गर्मी के सीजन में पक्षियों के लिए पीने के पानी की भी व्यवस्था करते हैं। यह उनकी दिनचर्या का हिस्सा है।
Monti Youtuber Story : लोगों के लिए प्रेरणा बने मंजीत
बवानीखेड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि मंजीत ने अपने साहस और सेवा भावना से यह साबित किया है कि वन्यजीवों की रक्षा केवल सरकारी एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति का कर्तव्य है। उनकी वजह से क्षेत्र में अब लोग सांपों और अन्य जीवों को मारने के बजाय रेस्क्यू टीम को सूचना देना ज्यादा पसंद करते हैं। मोंटी आज न केवल वन्यजीवों का संरक्षक बना हुआ है, बल्कि नई पीढ़ी को प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रहा है।










