College aali chhori : हरियाणी गाने कॉलेज आली छोरी पर बवाल, कंडक्टरों की छवि पर वार, कार्रवाई की मांग
हरियाणा डायरी, जींद।
College aali chhori Song controversy : हरियाणा में एक सप्ताह पहले यूटयूब पर रिलीज हुए कॉलेज आली छोरी गाना कोंट्रोवर्सी में फंस गया है। आरोप हैं कि गाने में रोडवेज कंडक्टरों की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है। रोडवेज कर्मियों ने पुलिस को शिकायत दी है तो वहीं जींद डिपो में कर्मचारियों ने रोडवेज जीएम को ज्ञापन सौंपकर गाना डिलीट करने और गाना बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि एक सप्ताह पहले ही यूटयूब चैनल पर COLLEGE AALI CHHORI (Conductor) New Haryanvi Song 2026 टाइटल से गाना रिलीज हुआ था। गाने के बोल है कि कॉलेज आली छोरी होगी सेट कंडक्टर के। गाने पर एक सप्ताह में 2 लाख 16 हजार व्यूज आ चुके हैं तो वहीं जैसे ही रोडवेज कर्मचारियों के संज्ञान में गाना आया तो उन्होंने आपत्ति जताई, क्योंकि इसमें सीधे-सीधे रोडवेज कंडक्टर के करेक्टर पर सवाल उठाए हैं।
एक दिन पहले ही हरियाणा रोडवेज हिसार डिपो के कर्मचारियों ने एक हरियाणवी गाने को लेकर कड़ी आपत्ति जताते हुए हिसार शहर थाना एसएचओ को शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया था कि यूट्यूब पर रिलीज हुए “कॉलेज आली छोरी” नामक गाने में रोडवेज के कंडक्टर पद के बारे में आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है।

College aali chhori : पहले हिसार, अब जींद डिपो में विरोध, ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग
इसके बाद विरोध यही समाप्त नहीं हुआ। मंगलवार को जींद में राज्य कार्यकारी महासचिव संदीप रंगा के नेतृत्व में डिपो के कर्मचारियों ने महाप्रबंधक, उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक (SP) को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संदीप रंगा, विजय, अशोक, अनिल ने जानकारी देते हुए बताया कि कॉलेज आली छोरी गाने में बस कंडक्टर और कॉलेज जाने वाली छात्राओं के प्रति अत्यंत निंदनीय और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
संदीप रंगा ने कहा कि हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर और कंडक्टरों ने हमेशा निष्ठा के साथ जनता की सेवा की है और विभाग की साफ-सुथरी छवि रही है। ऐसे में किसी भी कलाकार या लेखक को कर्मचारियों के चरित्र पर सवाल उठाने का कोई अधिकार नहीं है।
गाने में न केवल कंडक्टरों की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है, बल्कि कॉलेज जाने वाली लड़कियों और महिलाओं के प्रति भी गलत टिप्पणियां की गई हैं। रोडवेज कर्मचारियों के अनुसार इस गाने से समाज में कंडक्टरों और छात्राओं के प्रति गलत संदेश गया है, जिससे कर्मचारियों की सामाजिक प्रतिष्ठा और कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

College aali chhori : कर्मचारियों ने की ये मांग
- रोडवेज कर्मचारियों ने मांग की कि कॉलेज आली छोरी गाने को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और यूट्यूब से तत्काल हटाया जाए।
- गाने के निर्माता, निर्देशक, गायक और कलाकारों के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में मामला दर्ज किया जाए।
- भविष्य में रोडवेज कर्मियों और महिला यात्रियों की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाले कंटेंट पर रोक लगाई जाए।
- कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में जल्द ही सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो कर्मचारी आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।










