Haryana Roadways : बिहार तक फर्राटा भरेगी हरियाणा रोडवेज, सीधी बस सेवा शुरू करने की तैयारी
Haryana Roadways : हरियाणा रोडवेज अब बिहार के इंटर स्टेट रूट पर फर्राटा भरते नजर आएगी। जी हां, हरियाणा रोडवेज बिहार के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसे लेकर बिहार के परिवहन विभाग से संपर्क साधा गया है। अगर इस रूट पर सीधी बस सेवा शुरू होती है तो फिर हरियाणा में रह रहे बिहार के लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है।
बता दें कि हरियाणा के पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, करनाल, अंबाला, हिसार, यमुनानगर समेत लगभग सभी जिलों में बड़ी संख्या में बिहार के लोग रह रहे हैं। ये लोग फैक्ट्रियों, निर्माण कार्य, होटल, ढाबों और अन्य छोटे-बड़े कामों में लगे हुए हैं। इसके अलावा धान रोपाई और कटाई के सीजन में भी हर साल हजारों प्रवासी मजदूर बिहार से हरियाणा आते हैं।

फिलहाल बिहार जाने या वहां से लौटने के लिए अधिकतर लोगों को दिल्ली जाना पड़ता है। दिल्ली से ट्रेन या अन्य साधन पकड़ना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की ज्यादा खपत होती है। कई बार टिकट न मिलने या भीड़ के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अगर हरियाणा से ही बिहार के लिए सीधी बस सेवा शुरू होती है, तो यह प्रवासी लोगों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी।
Haryana Roadways : छठ पूजा के दौरान मिल चुका है अच्छा रिस्पॉन्स
हाल ही में छठ पूजा के मौके पर हरियाणा रोडवेज ने बिहार के लिए कुछ दिनों के लिए सीधी बसें चलाई थीं। इन बसों को यात्रियों का काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। लगभग सभी बसें फुल चल रही थीं। इससे परिवहन विभाग को यह समझ में आया कि सामान्य दिनों में भी इस रूट पर यात्रियों की अच्छी-खासी संख्या रहती है। यही वजह है कि अब इस सेवा को नियमित रूप से शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।
Haryana Roadways : अभी प्राइवेट बसों पर निर्भर हैं यात्री
वर्तमान में पानीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे शहरों से कई प्राइवेट बसें बिहार के लिए चलती हैं। त्योहारों के समय इन बसों का किराया काफी बढ़ा दिया जाता है, जिससे यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। अगर रोडवेज की बसें शुरू होती हैं, तो यात्रियों को सुरक्षित और किफायती सफर का विकल्प मिलेगा।
Haryana Roadways : पहले ट्रायल, फिर नियमित सेवा
परिवहन विभाग सबसे पहले ट्रायल के तौर पर गुरुग्राम से बिहार के लिए सीधी बस सेवा शुरू करेगा। अगर यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है, तो हरियाणा के उन शहरों से भी बसें चलाई जाएंगी, जहां प्रवासी बिहारियों की संख्या ज्यादा है। परिवहन विभाग के महानिदेशक प्रदीप कुमार ने बताया कि अगली परचेज कमेटी की बैठक में नई बसों की खरीद का प्रस्ताव रखा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद इलेक्ट्रिक बसें डिपो में पहुंचेंगी और सेवा को विस्तार दिया जाएगा।










