Haryana weather : बदला मौसम, हरियाणा में भीषण तपिश के बीच राहत, 10 जिलों में आंधी तूफान, कई जगह बारिश के साथ ओले भी
अगले 2 दिन पश्चिमी विक्षोभ का रहेगा असर, भीषण गर्मी से आंशिक राहत
Haryana weather : पिछले कई दिनों से चल रही तपिश के बीच वीरवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिला। हरियाणा में दोपहर बाद करीब साढ़े 4 बजे मौसम ने करवट ली और तेजी आंधी के साथ बारिश भी आई। कुछ जगहों पर ओलावृष्टी भी हुई, जिससे तापमान नीचे गिरा और भीषण तपिश से राहत मिली।
मौसम विभाग ने पहले ही 28 मई से मौसम में बदलाव की भविष्यवाणी दी थी। इसके अनुसार ही वीरवार दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखा गया। हरियाणा के साथ-साथ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के भी कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखा गया। इससे गर्मी में कुछ दिन के लिए ही सही राहत मिली है। विशेषकर रात के तापमान में गिरावट की संभावना है।
दिन में 45 डिग्री तक पहुंचा पारा
हालांकि दोपहर बाद बेशक राहत मिली है, लेकिन दिन में गर्मी का रौद्र रूप देखने को मिला। हरियाणा के अधिकतर क्षेत्रों तपिश रही। अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार चला गया। जींद में दिन के समय तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि मौसम बदलने के बाद इसमें गिरावट हुई।
इन जिलों में हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में वीरवार दोपहर बाद मौसम बदलने से प्रदेश के फतेहाबाद, रेवाड़ी और सिरसा जिलों में बारिश और ओलावृष्टि हुई। सिरसा जिला के खेड़ी निवासी अनिल कुमार ने बताया कि तूफान बहुत ही भयंकर रहा। आसपास के कई पेड़ गिर गए। वहीं दूसरी ओर फतेहाबाद जिला के जांडवाला बांगर में तूफान के कारण मोबाइल टावर टूट गया। हालांकि इसमें कोई हादसा नहीं हुआ। रेवाड़ी में तेज तूफान के साथ ओलावृष्टी हुई।
अभी बारिश की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण अभी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश होने की उम्मीद है। इसमें हांसी, हिसार, भिवानी, चरखीदादरी, महेंद्रगढ़, रोहतक, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल जिले शामिल है। इसके साथ ही जींद में भी बादल छाए रहे। यहां भी बारिश की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले 2 दिन यानी 29 व 30 मई को भी बारिश की संभावना जताई है।
दिल्ली में भी राहत
मौसम बदलने से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। आजादपुर मंडी के पास फलों का ठेला लगाने वाले प्रदीप कुमार सिंह के अनुसार दिन के समय कर्फ्यू जैसी स्थिति रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम बदलने से लोग घरों से बाहर निकले। हालांकि अभी बारिश का इंतजार है। तापमान अधिक होने के कारण सड़कें भी विरान होने लगी हैं।
नौतपा में भीषण गर्मी
दरअसल मौसम के साथ-साथ नौतपा भी चल रहा है। इससे सूर्य की किरणें सीधी पृथ्वी तक पहुंचती हैं। वहीं मौसम साफ होने के कारण तेज धूप और गर्मी के साथ पश्चिमी की ओर से आने वाली गर्म व शुष्क हवाएं तापमान बढ़ा रही हैं। जींद के हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी जयसिंह के अनुसार दिन में घरों से निकलना भी दुश्वार हो गया है।
रोहतक रहा सबसे अधिक गर्म
बुधवार की तरह ही वीरवार यानी 28 मई को भी रोहतक प्रदेश का सबसे अधिक गर्म शहर रहा। मौसम विभाग के अनुसार रोहतक में अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि नारनौल में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री और हिसार व भिवानी में 45 डिग्री तापमान पहुंच गया। प्रदेश में सबसे कम तापमान अंबाला में 44 डिग्री दर्ज किया गया।
ओलावृष्टी से फसलों को खतरा
फिलहाल मौसम में हो रहे बदलाव से जहां गर्मी से राहत की उम्मीद है, वहीं यह बदलाव फसलों के लिए हानिकारक हो सकता है। कृषि विशेषज्ञ डा. सुभाष चंद्र के अनुसार ओलावृष्टी होने से कपास व सब्जियों की फसलों को अधिक नुकसान हो सकता है। हालांकि मूंग की फसल भी अब तैयार हो रही है, लेकिन इसमें नुकसान कम होने की संभावना है। अच्छी बारिश होने से किसानों को जरूर लाभ होगा।










