Rain Forecast : झुलसाने वाली धूप के बीच राहत भरी खबर, हरियाणा दिल्ली में 29 को बारिश
आज से ही होगा मौसम में बदलाव, भीषण गर्मी से आंशिक राहत की उम्मीद, पश्चिमी सक्रिय
Rain Forecast : पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी से झुलस रहे हरियाणा दिल्ली के लोगों के लिए राहत भरी खबर आई है। कल यानी 29 मई को मौसम करवट लेगा और झमाझम बारिश हो सकती है। हालांकि राहत की शुरूआत आज यानी 28 मई से ही हो जाएगी। क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग द्वारा इस बदलाव की जानकारी दी गई है। ऐसे में यह बारिश लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगी। क्योंकि पूरे उत्तर भारत में विशेषकर हरियाणा दिल्ली में तापमान लगातार 45 डिग्री तक पहुंच रहा है। न तो दिन में आराम मिलता है और तापमान के कारण न ही रात को चैन। ऐसे में अब कुछ राहत मिल सकती है।
4 डिग्री अधिक तापमान
इस बार हरियाणा में सामान्य से 4 डिग्री तक अधिक तापमान रिकार्ड किया जा रहा है। बुधवार की बात की जाए तो हरियाणा के विभिन्न शहरों में तापमान काफी अधिक रहा। रोहतक में तापमान 46.6 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं राजस्थान के साथ लगते नारनौल, हिसार और भिवानी जिलों में तापमान 45 डिग्री से पार चला गया था। हालांकि वीरवार यानी 29 मई को भी लू का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग ने हरियाणा के 10 से अधिक जिलों में हीटवेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है।
झुलसेगा दक्षिण हरियाणा
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा का दक्षिणी क्षेत्र वीरवार को भी भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में रहेगा। इसमें गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ के साथ झज्जर, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में हीटवेव का अलर्ट है। इसके साथ ही धूलभरी आंधी भी चल सकती हैं। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, , कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर चरखी दादरी, करनाल और पंचकूला में मौसम कुछ राहत देगा।
दिल्ली पर भी मौसम की मार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी लोग मौसम की गर्मी की मार झेल रहे हैं। दिल्ली में भी अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री तक जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार यह तापमान सामान्य 5 डिग्री तक अधिक है। ऐसे में अनुमान लगाया जा सकता है कि गर्मी अपने रौद्र रूप दिखा रही है। साथ नौतपा के कारण सूर्य की किरणें सीधी पृथ्वी पर पड़ने के कारण तपिश और अधिक बढ़ रही है।
आज से मौसम में बदलाव
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि मौसम में बदलाव 28 मई से शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद 29 मई यानी शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में आंधी-तूफान, बारिश के साथ कई जगह ओलावृष्टी की भी उम्मीद है।
इससे तापमान में 5 से 7 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। जिन क्षेत्रों में ओलावृष्टी होगी, वहां तापमान 10 डिग्री तक भी गिर सकता है। इसके बाद 30 मई यानी शनिवार को हल्के बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर ठंडी फव्वार गिर सकती हैं। इसके कारण इस पूरे सप्ताह गर्मी से कुछ राहत रहेगी। हालांकि जून महीने की शुरूआत फिर से तेज गर्मी के साथ होगी।
किसानों को भी बेसब्री से इंतजार
इस समय जहां अन्य लोग मौसम में गर्मी से राहत के लिए बारिश का इंतजार कर रहे हैं, वहीं किसानों को भी अपनी ,खरीफ फसलों के लिए मौसम में बदलाव की जरूरत है। क्योंकि जिन किसानों ने गवार, ज्वार, मूंग उड़द और कपास की खेती की है, उनको फिलहाल गर्मी के कारण सिंचाई की जरूरत है। साथ ही सब्जियों की फसलें भी सूख रही हैं। इसके अलावा धान की रोपाई के लिए किसानों को अपने खेत तैयार करने का समय मिल जाएगा।
हरियाणा कृषि प्रबंधन और प्रशिक्षण संस्थान के वरिष्ठ कृषि विशेषज्ञ डा. सुभाष चंद्र के अनुसार किसानों को सब्जियों की फसलों पर विशेष प्रबंधन की जरूरत है। मौसम में बदलाव के साथ ओलावृष्टी भी हो सकती है। ऐसे में किसानों को अपनी तैयारी सब्जियों को तोड़ लेना चाहिए। साथ ही सिंचाई और दवाओं का छिड़काव भी रोक दें।










