Taj Mahotsav : आगरा के सेल्फी प्वाइंट मैदान में ताज महोत्सव 18 फरवरी से
विदेशी सैलानियों के लिए भी प्रवेश मुफ्त, भारतीयों को लेना होगा 50 रुपये का टिकट
Taj Mahotsav : विश्व के सात अजूबों में शामिल ताजमहल पर यूं तो हर दिन ही पर्यटकों का रेला उमड़ता है, लेकिन ताज महोत्सव इसको और भी खास बना देता है। ताज महोत्सव का आयोजन 18 से 27 फरवरी तक होने जा रहा है। यूं तो विश्व प्रसिद्ध ताज महोत्सव का आयोजन आगरा के शिल्पग्राम में होता है, लेकिन यहां पर निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में इस बार ताज महोत्सव का आयोजन आगरा के आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट मैदान में होगा। इसके लिए भारतीय नागरिकों को 50 रुपये का टिकट खरीदना होगा। हालांकि 3 साल तक के बच्चों व विदेशी पर्यटकों के लिए प्रवेश पूरी तरह से निशुल्क रहेगा। टिकट ताज महोत्सव के मैदान में पहुंच कर मौके पर ही लेना होगा। सभी प्रवेश द्वारों पर टिकट काउंटर बने हुए हैं।
दरअसल उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित ताज महल विश्व भर में मोहब्बत की निशानी के रूप में पहचान रखता है। इसकी निर्माण शैली को देखने भारत भर के अलावा विदेशों से भी हर दिन सैकड़ों पर्यटक आते हैं। विशेषकर छुट्टियों के मौसम में यहां भीड़ अधिक रहती है। यहां ताज महोत्सव की तैयारियां पूरी की जा चुकी है और अब 18 फरवरी यानी बुधवार से यह महोत्सव शुरू होने जा रहा है। यहां पर आने वाले शैलानियों के लिए कला, संस्कृति के साथ-साथ लजीज व्यंजनों की भी बड़ी रेंज रहती है।
रात 10 बजे तक खुलेगा
ताज महोत्सव में आने के लिए यूं तो दिन भर का समय रहता है, लेकिन शाम के समय यहां का वातारण पूरी तरह से बदल जाता है। ताज महोत्सव की शुरूआत सुबह 10 बजे होगी और रात 10 बजे तक यह खुला रहेगा। ऐसे में दिन भर इसका आनंद लिया जा सकता है। इसके अलावा आगरा आने पर ताज महल भी देखा जा सकता है। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों का बड़ा मेला लगने वाला है। मेले में शाम के समय सांस्कृतिक छटा भी रहेगी। इसके लिए बनाए गए मुख्य मंच पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे, जो एक ही जगह पर मिनी भारत के दर्शन करवाएंगे। देश के कई नामचीन कलाकार और कोमेडियन भी यहां उपस्थित रहेंगे। वहीं खाने के शौकीन लोग भी यहां देश के अलग-अलग क्षेत्रों के खाने का लुत्फ उठा सकते हैं।
स्कूली बच्चों के समूह के लिए विशेष छूट
यूं तो 3 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए प्रति बच्चा 50 रुपये का टिकट है, लेकिन समूह में आने वाले स्कूली बच्चों के लिए खास छूट है। ऐसे में 50 बच्चों के एक समूह के लिए महज 700 रुपये का टिकट रहेगा। इसके लिए जरूरी है कि बच्चे स्कूल की ड्रेस में आएं। बच्चों के साथ आने वाले 2 शिक्षकों को भी इसी समूह के साथ प्रवेश करने की अनुमति होगी। इसके लिए अलग से टिकट की जरूरत नहीं है।
क्या क्या मिलेगा देखने को
यूं तो आगरा में देखने को बहुत कुछ है और इसमें ताज महोत्सव अपने आप में खास है। यहां पर भारतीय शिल्पकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। देश भर से 400 से अधिक शिल्पकार पहुंच कर अपनी कला को दिखाएंगे। यहां पर आप अनूठे शिल्प को न सिर्फ देख सकते हैं, सामान की खरीदारी भी कर सकते हैं। इसमें आगरा का मार्बल, बनारसी रेश्म, लखनऊ की प्रसिद्ध चिकनकारी, सहारनपुर की प्रसिद्ध लकड़ी की नक्काशी, कश्मीरी वस्त्र के अलावा देश के पूर्वोत्तर राज्यों के शिल्पियों के बांस से निर्मित उत्पाद बहुत ही खास रहने वाले हैं।
कैसे पहुंचे आगरा
आगरा तक पहुंचना बहूत ही आसान है। यह सड़क, रेल और हवाई मार्ग से जुड़ा हुआ है। देश की राजधानी दिल्ली से आगरा सटा हुआ है। ऐसे में किसी भी तरह से यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है। आसपास के लोग अपनी गाड़ी लेकर भी आसानी से आगरा आ सकते हैं। वहीं आगरा में ठहरने की भी काफी बेहतरीन सुविधाएं हैं। हालांकि यदि आपको रात्रि ठहराव करता है तो पहले से ही होटल बुकिंग करके आएं।










