Development Of Ajmer : राजस्थान के अजमेर में सुधरेगा ट्रांसपोर्ट सिस्टम, मिलेंगी 100 ई- बस
15 करोड़ की लागत से बनेगा बस डिपो
Development Of Ajmer : राजस्थान के शहर अजमेर में सरकार ने यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए बड़ी पहल की है। यहां 100 बस चलाने की योजना बनाई गई है। सबसे बड़ी बात यह है कि सरकार द्वारा यहां ई- बस चलाई जा रही हैं। इससे अजमेर शहर सहित पूरे जिले में प्रदूषण रहित सार्वजनिक यातायात व्यवस्था की शुरूआत होगी।
वहीं अजमेर में नया बस स्टैंड भी बनाया जा रहा है। ई-बस डिपो पर 15 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
राज्य सरकार द्वारा इसके लिए बजट की घोषणा की जा चुकी है। अजमेर की नौसर घाटी में ई-बस डिपो का निर्माण किया जा रहा है। इस पर करीब 15 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। इससे अजमेर शहर में तो बेहतर यातायात व्यवस्था होगी ही, साथ ही विभिन्न ग्रामीण रूटों पर यात्रियों को प्रदूषण रहित परिवहन व्यवस्था मिल सकेगी।
Development Of Ajmer : विधानसभा अध्यक्ष ने लिया जायजा
नौसर घाटी में बनने वाले बस डिपो को लेकर राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने वीरवार को निरीक्षण किया। यह योजना प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत शुरू होगी। नौसर घाटी स्थित प्राइवेट बस स्टैंड पर प्रस्तावित बस डिपो निर्माण कार्यों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण प्रगति, गुणवत्ता और समय सीमा का गंभीरता से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को कार्यों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तीव्र गति से पूरा करने को कहा।
Development Of Ajmer : 30 बसों की हुई थी घोषणा
अजमेर में शुरू हो रही बस सेवा को लेकर राजस्थान सरकार द्वारा बजट की घोषणा की जा चुकी है। हालांकि सरकार ने 30 ई-बसों के लिए घोषणा की थी। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि अब उनके प्रयासों से बसों की संख्या 100 करवाई गई है। यह राजस्थान के सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के क्षेत्र में बड़ा बदलाव होगा। यहां बस डिपो का बहु मंज़िला प्रशासनिक खंड बनाया जा रहा है। इसके अलावा स्टोर, मेंटेनेंस खंड व वाशिंग की भी व्यवस्था होगी। इसके साथ ही जीएसएस, ओएचएसआर, ईटीपी, पार्किंग एवं 100 बसों के लिए चार्जिंग सुविधा दी जाएगी।

Development Of Ajmer : मार्च तक बस चलाने की याेजना
इस दौरान विधानरसभा अध्यक्ष ने कहा कि सभी कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ व निर्धारित समय के अंदर किए जाएं। मार्च महीने तक यहां से बस संचालन की सभी तैयारियाें को पूरा किया जाए। साथ ही बसों की आपूर्ति के लिए भी समय-सीमा सुनिश्चित की जाए। इसके लिए निर्माण कंपनियों के साथ अधिकारी सही समन्वय रखें। यहां पर जीएसएस से जुड़े ट्रांसफार्मर, केबल साहित अन्य सामग्री की आपूर्ति और इसको इंस्टाल करने की प्रक्रिया भी जांची गई। विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने सिविल कार्य के साथ सभी इलेक्टि्रकल पैनल के निर्माण व 33 केवी एवं 11 केवी लाइन का कार्य जल्द करने के लिए इंजीनियर्स को निर्देश दिए।
Development Of Ajmer : लोगों के सुझाव के अनुसार बने रूट
बस डिपो निर्माण के निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने प्रस्तावित रूट चार्ट पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि रूट निर्धारित करते समय आम लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों से भी सुझाव लें। इससे बनने वाले रूट से अधिक से अधिक लोगों को लाभ होगा।
Development Of Ajmer : 79 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात
वहीं विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ भी वीरवार को किया। इन सभी विकास कार्यों पर 79 लाख रुपये खर्च होंगे। इनमें दो सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। इन दोनों ही सड़कों का निर्माण सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही हैं। इसके अलावा शहर के क्षतिग्रस्त नालों के पुनर्निर्माण के कार्य का भी शुभारंभ किया गया। इस पर 3 करोड़ 34 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा यह कार्य करवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पेयजल समस्या का समाधान भी किया जा रहा है। इसके लिए तीन बड़े रिज़र्वायरों का निर्माण किया जाना है। इससे शहर को आवश्यकता के अनुसार पेयजल उपलब्ध हो पाएगा। साथ ही क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को भी बेहतर किया जा रहा है। इसके लिए हाथीभाटा में 132 केवी जीएसएस का निर्माण करवाया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कोटड़ा क्षेत्र में 50 बेड का अस्पताल बनाया गया है। साथ ही जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में में आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए काम किया जा रहा है।










