Haryana Police : डिजिटल अरेस्ट पर लगेगी लगाम, डबल ओटीपी बनेगा सुरक्षा की नई पहचान

Haryana Police : हरियाणा में जींद के पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के मार्गदर्शन में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सभी डीएसपी, थाना प्रभारी, सीआईए प्रभारी व चौकी प्रभारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बैठक में सुरक्षा प्रणाली के तकनीकी पहलुओं, कार्यप्रणाली तथा आमजन तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।

SP कुलदीप सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी तकनीकी रूप से बैंक खातों को हैक करने के बजाय लोगों को मानसिक दबाव, भय, झूठे कानूनी मामलों, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाओं तथा सरकारी अधिकारी बनकर प्रतिरूपण (इम्पर्सोनेशन) जैसे तरीकों से भ्रमित करते हैं। इसके बाद उनसे ओटीपी सांझा करवाकर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। ऐसे मामलों में पारंपरिक एकल ओटीपी प्रणाली कई बार पर्याप्त सुरक्षा प्रदान नहीं कर पाती। इसी चुनौती से निपटने के लिए डबल ओटीपी प्रणाली एक प्रभावी सुरक्षा कवच के रूप में सामने आई है।

Haryana Police : दो स्तर पर होगी वेरिफिकेशन

इस प्रणाली के अंतर्गत पहले चरण में सामान्य ओटीपी संबंधित वरिष्ठ नागरिक के मोबाइल नंबर पर प्राप्त होता है, जबकि दूसरे चरण में एक अतिरिक्त ओटीपी अथवा पुष्टि काल उस विश्वसनीय व्यक्ति के पास जाती है, जिसे खाताधारक ने अपने स्वजन अथवा भरोसेमंद संपर्क के रूप में नामित किया होता है। दोनों स्तरों पर सत्यापन पूर्ण होने के बाद ही लेनदेन संपन्न होता है। यह व्यवस्था लेनदेन प्रक्रिया में एक अतिरिक्त सुरक्षा विराम प्रदान करती है। इससे संदिग्ध परिस्थितियों में धोखाधड़ी की संभावना को काफी हद तक रोका जा सकता है।

Haryana Police Digital arrests will be curbed, double OTP
Haryana Police Digital arrests will be curbed, double OTP

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह पहल विशेष रूप से 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, पेंशनधारकों व अकेले रहने वाले व्यक्तियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी, क्योंकि साइबर अपराधी अक्सर इस वर्ग को आसान लक्ष्य बनाते हैं। बड़ी राशि के लेन-देन पर दोहरी पुष्टि की व्यवस्था उन्हें आर्थिक नुकसान से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल यह सुविधा वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुरू की गई है तथा भविष्य में इसके दायरे को चरणबद्ध रूप से विस्तारित किए जाने की योजना है।

Haryana Police : एसपी की अपील, बैंक खातों में एक्टिव करवाएं डबल ओटीपी सर्विस

उन्होंने कहा कि डबल ओटीपी प्रणाली के प्रति अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने के लिए बैंकिंग संस्थानों, सार्वजनिक कार्यक्रमों, सोशल मीडिया, रेडियो, केबल नेटवर्क एवं अन्य प्रचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए, ताकि अधिकाधिक लोग इस सुरक्षा सुविधा से जुड़ सकें। यह केवल तकनीकी सुविधा नहीं, बल्कि आमजन विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों को मानसिक दबाव आधारित साइबर ठगी से सुरक्षित रखने की एक मजबूत सुरक्षा कवच है। उन्होंने कहा कि डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश और अन्य आनलाइन धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह व्यवस्था समय की आवश्यकता है।

जब भी कोई संदिग्ध या दबावपूर्ण परिस्थिति उत्पन्न हो, यह दोहरी सत्यापन प्रक्रिया व्यक्ति को सोचने और ठगी को पहचानने का अवसर देती है, जिससे अपराधियों की मंशा विफल हो सकती है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वह अपने बैंक खातों में डबल ओटीपी सुविधा सक्रिय करवाएं। इसमें किसी विश्वसनीय स्वजन अथवा परिचित को अपने सुरक्षा संपर्क के रूप में जोड़ें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध काल, दबाव, धमकी अथवा साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस हेल्पलाइन अथवा निकटतम पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button