Gohana Multistory Parking : हरियाणा के इस शहर को जाम से मुक्ति दिलवाने की कवायद शुरू, बनेगी मल्टी लेवल पार्किंग
12 किलोमीटर में फैले शहर में विकास की नई पारी की होगी शुरूआत
Gohana Multistory Parking : हरियाणा में एनसीआर के महत्वपूर्ण शहर गोहाना को अब जाम से मुक्ति मिल जाएगी। इसके लिए सरकार द्वारा विशेष प्रयास शुरू किए गए हैं। इसके तहत गोहाना के चौधरी देवीलाल खेल स्टेडियम में मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। ऐसे में वाहन सड़क किनारे नहीं खड़े होंगे और चलने वाले वाहनों को रास्ता मिल सकेगा। गोहाना नगर परिषद प्रशासन द्वारा इसके लिए खाका तैयार किया गया है, जिसके तहत सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मोड पार्किंग बनाने की योजना है।
हालांकि यह परियोजना अभी तक योजना के स्तर पर है, लेकिन यदि यह योजना सिरे चढ़ती है गोहाना में वाहनों के दबाव से काफी राहत मिलेगी। इतना ही नहीं यह परियोजना गोहाना नगर परिषद की आय बढ़ाने में भी सहायक होगी। इसकी घोषणा गोहाना के भाजपा विधायक और हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा की जा चुकी है। ऐसे में इस परियोजना के सिरे चढ़ने की उम्मीद काफी बढ़ गई हैं।
शहर में नहीं पार्किंग की सुविधा
दरअसल गोहाना एनसीआर का महत्वपूर्ण शहर है। यह चंडीगढ़- रोहतक रूट का मुख्य शहर है तो दिल्ली से भी सीधा जुड़ाव होता है। ऐसे में यहां वाहनों का दबाव अधिक रहता है। हालांकि बाईपास बन चुके हैं, लेकिन शहर के अंदर से भी काफी वाहन निकलते हैं। वहीं पार्किंग नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों द्वारा अपनी गाड़ियों को सड़क किनारे ही खड़ा किया जाता है। इसके कारण जाम की स्थति बनी रहती है। गोहाना शहर करीब 12 किलोमीटर की परिधि में फैला हुआ है।
लोगों ने दिया था पार्किंग का सुझाव
हालांकि गोहाना अभी भी उपमंडल है, लेकिन यहां आबादी और शहर का फैलाव जिला मुख्यालय की तरह ही है। ऐसे में गोहाना के भाजपा विधायक और कैबिनेट मंत्री डा. अरविंद शर्मा द्वारा लाेगों से शहर के मुख्य मुद्दों पर सुझाव मांगे गए थे। यह प्रक्रिया मार्च महीने में हुई मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धन्यवाद रैली से पहले हुई थी। इसमें पार्किंग के अलावा गोहाना शहर के बीच से गुजर रही ड्रेन नंबर 8 को कवर करने का भी सुझाव आया था। यह मांग मुख्यमंत्री के समक्ष भी रखी गई और उन्होंने के लिए घोषणा भी की।
शहर में 20 हजार से अधिक वाहन
नगरपरिषद अधिकारियों की मानें तो शहर में लोगों के पास करीब 20 हजार वाहन हैं। हालांकि गोहाना की आबादी करीब 90 हजार है। साथ ही यहां पर 5 हजार से अधिक व्यवसायिक प्रतिष्ठान हैं। इसके अलावा प्रतिदिन 10 हजार से अधिक लोग खरीदारी करने बाजार में आते हैं। इनके लिए यह सुविधा बहुत ही बेहतरीन होगी।
पार्किंग के साथ मुख्य वाणिज्यिक परिसर भी बनेगा
जहां एक ओर चौधरी देवीलाल स्टेडिय में मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाई जाएगी, वहीं इस जगह पर वाणिज्यिक परिसर बनाने के लिए भी घोषणा हुई। चूंकि यह घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा की गई है, ऐसे में इसको सीएम अनाउंसमेंट का कोड देकर आगे की प्रक्रिया होगी। ताकि काम बिना रूकावट के हो सके। ऐसे में जहां लोगों को एक ही स्थान पर अपनी गाड़ी खड़ी करने की सुविधा मिलेगी, वहीं शॉपिंग की सुविधा भी हो जाएगी।
औपचारिक स्वीकृति के इंतजार में नगर परिषद
हालांकि इस परियोजना के लिए घोषणा हो चुकी है, लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय के से औपचारिक स्वीकृति मिलनी बाकी है। इसके बाद हीमल्टी स्टोरी पार्किंग के साथ वाणिज्यिक परिसर का काम शुरू होगा। क्योंकि नगरपरिषद इसके लिए डीपीआर तैयार करे बजट की मांग करेगा। इसकी स्वीकृति के बाद ही टेंडर की प्रक्रिया होगी।
शुरू होगी आगे की प्रक्रिया
इसको लेकर गोहाना के भाजपा विधायक और सहकारिता मंत्री डा. अरविंद शर्मा भी कह चुके हैं कि आगे की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। क्योंकि गोहाना में हुई विकास एवं धन्यवाद रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जो घोषणाएं की हैं, उन सबको चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। अब जल्द मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इन परियोजनाओं को औपचारिक स्वीकृति मिल जाएगी। इसके बाद इन परियोजनाओं के लिए धरातल पर काम शुरू हो सकेगा।










