Haryana weather : हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, आंधी के साथ सुबह की शुरूआत
मौसम विभाग ने अगले 3 दिन के लिए जारी किया अलर्ट, कई जिलों में होगी बारिश

Haryana weather : पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के साथ ही हरियाणा में मौसम बदल गया है। सुबह- सुबह ही आंधी शुरू हुई, जिससे जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा। सड़कों लेकर मैदानों तक धूल के गुब्बार देखे गए। कई जगह पर पेड़ भी टूट गए। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3 दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा। हालांकि प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है।
मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ा है। उत्तर-पश्चिमी हवा चलने से भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। हालांकि सुबह शुरू हुई आंधी के कारण घरों के खिड़की व दरवाजे भी हिलने लगे। इस मौसम में हवा में धुल और प्रदूषण का स्तर अधिक रहता है। इसके कारण धूल लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग का कहना है कि करनाल, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, अंबाला और पंचकूला जैसे क्षेत्रों में बारिश भी होने की संभावना है।
धूप निकलने के बाद छा गया अंधेरा
हालांकि रविवार 3 मई के दिन की शुरूआत सामान्य रही, और धूप भी निकल गई। इसके बाद करीब 10 बजे मौसम अचानक बदला और आंधी शुरू हो गई। आंधी के कुछ देर को फिर से अंधेरा हो गया। क्योंकि आंधी के साथ काले बादल भी छा गए। आंधी के कारण खेतों से घास उड़ कर सड़कों तक पहुंचने लगा।
वाहन चालकों को हुई परेशानी
अचानक आंधी तेज होने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। विशेषकर दुपहिया वाहन चालकों को संतुलन बनाने में ही परेशानी हुई। कुछ लोग तो सड़क किनारे सुरक्षित स्थानों पर आंधी कम होने का इंतजार करते नजर आए। साथ ही लोगों को सड़क किनारे पेड़ गिरने का खतरा भी डराता रहा।
छतों से उड़ा सामान
आंधी इतनी तेज रही कि घरों की छतों पर रखा हल्का सामान तो उड़ गया। जींद में एक घर की छत पर रखी पानी की टंकी भी गिर गई। इसके अलावा कार्यालयों के साइन बोर्ड भी कुछ जगह गिर गए। हलांकि मौसम विभाग ने तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान दिया था, लेकिन आंधी इतनी तेज होगी, इसका अनुमान लोगों को नहीं था।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि अलगे 3 दिन तक मौसम इसी प्रकार बना रहेगा। हालांकि प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। बेशक तेज आंधी से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। क्योंकि हरियाणा में तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया था। आंधी के बाद इसमें 3 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
4 मई को भी बारिश के आसार
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के अधिकतर हिस्सो में 4 मई को बारिश हो सकती है। क्योंकि 2 मई से पिश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। धीरे-धीरे इसका असर बढ़ रहा है। 4 मई को बारिश के बाद फिर से तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि 6 मई तक मौसम ऐसा ही रहेगा।
स्वास्थ्य के प्रति रहें सावधान
ऐसे में मौसम में चिकित्सकों ने कहा कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति अधिक सर्तक रहना चाहिए। क्योंकि आंधी के कारण हवा में धुल बढ़ जाती है। इसके चलते सांस के मरीजों को दिक्कत हो सकती है। जींद नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डा. राजेश कुमार के अनुसार अस्थमा के मरीजों को बाहर निकलने से बचना चाहिए। यदि जाना ही पड़े तो अपनी दवा साथ रखें और नाक को ढक कर रखें।
सब्जियों की फसलों को मिलेगा लाभ
कृषि विशेषज्ञ डा. सुभाष चंद्र के अनुसार अभी बारिश होने से फसलों के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी काफी अच्छा होगा। क्योंकि हवा में मौजूद धूल निकल जाएगी। विशेषकर सब्जियों की फसल को काफी लाभ होगा। बारिश के साथ-साथ कम तापमान भी इन फसलों को लाभ देगा। हालांकि किसानों को इसी स्थिति में किसी प्रकार का छिड़काव रोक देना चाहिए।










