18 may weather : लू की चपेट में रहेगा उत्तर भारत दिल्ली, हरियाणा में झुलसा देने वाली गर्मी, पूर्वी व दक्षिण भारत में भारी बारिश

जानें कैसा रहेगा 18 मई का मौसम, कहां होगी बारिश

18 may weather : एक ओर जहां उत्तर भारत भीषण गर्मी से जल रहा है, वहीं दक्षिण भारत के कई क्षेत्रों में मानसून की सक्रियता लोगों के लिए राहत बन कर आई है। वहीं मौसम विभाग ने 18 मई के लिए देश में मौसम को जो पूर्वानुमान दिया है, वह उत्तर भारत के लिए कोई राहत नहीं दे रहा है। क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तर भारत के आसपास के क्षेत्रों में भीषण लू का प्रकोप रहेगा। हालांकि देश के कई क्षेत्रों में बारिश की भी संभावना है।

फिलहाल गर्मी के साथ मानसून सक्रिय होने के कारण देश भर में मौसम बदल रहा है। हालांकि पिछले सप्ताह तक उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से गर्मी से राहत रही, लेकिन अब मल मास शुरू होने के साथ ही 17 मई से मौसम के तेवर काफी गर्म हो चुके हैं। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि बंगाली की खाड़ी में पास तमिलनाडु के पास एक चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव बड़े क्षेत्र में पड़ रहा है।

उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल तक बारिश

मौसम विभाग का कहना है कि देश के उत्तर पश्चिम क्षेत्रों के साथ-साथ कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना बन रही है। इसमें उत्तर प्रदेश के पूर्व क्षेत्र, बिहार और पश्चिम बंगाल और सिक्किम के उप हिमालय क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 18 मई से बारिश की संभावना है। करीब 1 सप्ताह तक मौसम ऐसा ही रहेगा। इसके अलावा दक्षिण भारत की बात की जाए तो तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, लक्षद्वीप और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में अगले 3 दिन बारिश होने की उम्मीद है।

यहां रहेगी लू की स्थिति

इसके अलावा देश के अधिकतर क्षेत्रों में लू की स्थिति रहेगी। इसमें राजस्थान के साथ गुजरात, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और महाराष्ट्र के कई क्षेत्र लू की चपेट में रहेगे। अधिकर क्षेत्रों में दिन के समय तापमान 40 डिग्री से अधिक ही रहेगा। अब तक रात के समय तापमान में काफी राहत रही है, लेकिन अब रातें भी गर्म होने लगेंगी।

देश के सबसे अधिक गर्म क्षेत्र की बात की जाए तो अमरावती और वर्धा में सबसे अधिक तापमान रहा है। मौसम विभाग के अनुसार यहां तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि हरियाणा के सिरसा, यूपी के बांदा और मध्य प्रदेश के नौगांव और खंडवा जैसे शहरों में भी तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया।

हिमाचल में भी बढ़ेगी गर्मी

आमतौर पर जहां लोग ठंड को अनुभव करने जाते हैं, वहां भी गर्मी रिकार्ड तोड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में तापमान में 5 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। हालांकि अभी तक तापमान सामान्य से कम रहा है, लेकिन अब इसके बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग द्वारा कहा गया है कि 21 मई तक गर्मी बढ़ेगी। इसके बाद मौसम में परिवर्तन की संभावना है। इसी प्रकार उत्तराखंड में भी गर्मी बढ़ रही है। बेशक पर्वतीय क्षेत्रों के साथ लगते इलाकों में रात को तापमान सामान्य रहता है, लेकिन दिन में एसी चलाने पड़ रहे हैं।

गर्मी से बचाव के लिए जंगली जीवों को भी वीआईपी ट्रीटमेंट

गर्मी का प्रकोप इस प्रकार बढ़ रहा है कि कई वन्य जीव अभ्याणों और चिड़िया घरों में जंगली जीवों को भी वीआईपी ट्रीटमेंट देना पड़ रहा है। जंगली जीवों को गर्मी और लू से बचाने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। देश भर के कई चिड़िया घरों में पशु-पक्षियों के लिए कूलर और प्राकृतिक रूप से ठंडक देने के प्रबंध किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश के चिड़िया घरों में सांपों को गर्मी से बचाने के लिए बर्फ की व्यवस्था की जा रही है। ताकि गर्मी होने पर सांप बर्फ से ठंडक पा सकें। इसके अलावा ऐसी भी व्यवस्था की जा रही है कि सांपों पर पानी की बोछार होती रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button